Lok Sabha Election 2024: सीएम योगी से मुलाकात पर बसपा MP संगीता आजाद के BJP में शामिल होने की अटकलें तेज, हारी सीटों पर दांव खेलेगी भाजपा
Lok Sabha Election 2024 लोकसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश में तेज होती सियासी गतिविधियों के बीच बसपा सांसद संगीता आजाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को मुलाकात की। करीब एक माह पूर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ भी उनकी तस्वीर सामने आई थी। हालांकि मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से शेयर की गई तस्वीर में इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया गया है।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। लोकसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश में तेज होती सियासी गतिविधियों के बीच बसपा सांसद संगीता आजाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को मुलाकात की। यूपी की लालगंज सीट से सांसद संगीता आजाद की मुख्यमंत्री से मुलाकात के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।
संगीता आजाद छोड़ सकती हैं बसपा?
करीब एक माह पूर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ भी उनकी तस्वीर सामने आई थी। हालांकि मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से शेयर की गई तस्वीर में इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया गया है। मुख्यमंत्री योगी से मुलाकात के दौरान बसपा सांसद के साथ उनके पति अरिमर्दन भी मौजूद थे। कयास लगाए जा रहे हैं कि संगीता आजाद अपने पति के साथ बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हो सकती हैं।
लालगंज सीट प्रदेश में BJP की 14 हारी लोकसभा सीटों में से एक है
लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत भाजपा ने विपक्षी दलों में सेंध लगाने का अभियान चलाने की योजना भी बनाई है। पार्टी ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की अध्यक्षता में इसके लिए प्रदेश स्तर पर कमेटी भी गठित कर दी है। आजमगढ़ की लालगंज सीट प्रदेश में भाजपा की 14 हारी हुई लोकसभा सीटों में से एक है। हारी सीटें जीतने के लिए भाजपा हर तरह से गोटियां बिछा रही है।
हारी हुई सीटों पर इसी महीने होगी प्रत्याशी की घोषणा
संगीता आजाद की योगी और मोदी से हुई मुलाकातों को इसी संदर्भ में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि भाजपा हारी सीटों पर इसी माह प्रत्याशी घोषित कर देगी। भाजपा के सूत्रों का कहना है कि विपक्षी दलों के कई वरिष्ठ नेता उसके संपर्क में हैं। संगीता आजाद पिछले लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन के अंतर्गत लालगंज से बसपा प्रत्याशी थीं। संगीता के श्वसुर गांधी आजाद बसपा के संस्थापक सदस्य रहे हैं। संगीता के पति भी बसपा सांसद रहे हैं।
यह भी पढ़ें- शादी देखने आए युवक को बना दिया दूल्हा… दुल्हन पर लगी 420 की धारा, भागे फिर रहे अधिकारी, एक सुराग ने खोल दी पोल
यह भी पढ़ें- UP Assembly Session: कल से शुरू होगा विधानसभा सत्र, बदली रहेगी लखनऊ की यातायात व्यवस्था; इन रूटों पर रहेगा डायवर्जन