Lok Sabha Election 2024: 'लोकसभा चुनाव आसान पर लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं', जीत हासिल करने के लिए बूथ की कसौटी पर कसा जाने लगा भाजपा संगठन
Lok Sabha Election प्रदेश भाजपा प्रभारी बैजयंत जय पांडा ने कहा कि आगामी समय हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि कई कार्यक्रमों के साथ केंद्र सरकार की कई योजनाएं भी चल रही है जिनको घर-घर तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है।उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व की रणनीति के साथ कार्यकर्ताओं के बल पर हम दिल्ली की सभी सातों सीटें जीत रहे।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में मिली जीत से उत्साहित भाजपा में लोकसभा चुनाव की तैयारियां जोर पकड़ने लगी है। संगठनात्मक बैठकों के तेज हुए क्रम में बूथ स्तर पर अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने का लक्ष्य पदाधिकारियों को थमाया जा रहा है।
रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय विस्तार में दिल्ली के पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष ने विकसित भारत अभियान को सभी 13 हजार बूथों तक सफलतापूर्वक ले जाने के साथ 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आमंत्रण अधिकाधिक घरों तक ले जाने का लक्ष्य थमाया है।
मंदिर को लेकर एक से 15 जनवरी तक लोगों को आमंत्रण करने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी बैजयंत पांडा व प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के साथ ही सभी सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, विधायक और पार्षद मौजूद रहे। इस दौरान बीएल संतोष ने विकसित भारत अभियान को दिल्ली के सभी 13 हजार बूथों को संगठनात्मक शक्ति के माध्यम से ले जाकर सफल बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 की तुलना में वर्ष 2024 का लोकसभा चुनाव आसान है, लेकिन इसमें लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। हमारे सामने चुनौतियां राजनीतिक दल के साथ वैचारिक शक्तियां की भी है जो सिर्फ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हराने के लिए विपक्षी पार्टियों को मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत अभियान से लेकर बूथ सशक्तिकरण अभियान को सफल बनाने के लिए हमें पूरी मेहनत करनी है और दिल्ली के सभी 13 हजार से अधिक बूथों की संगठात्मक भागीदारी सुनिश्चित करनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को वीर बलिदान दिवस के दिन विद्यालयों में कार्यक्रम के आयोजन की अपील की।
केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना लक्ष्य...
प्रदेश भाजपा प्रभारी बैजयंत जय पांडा ने कहा कि आगामी समय हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि कई कार्यक्रमों के साथ केंद्र सरकार की कई योजनाएं भी चल रही है जिनको घर-घर तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है।उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व की रणनीति के साथ कार्यकर्ताओं के बल पर हम दिल्ली की सभी सातों सीटें जीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें जीत के अंतर को और बड़ा करने के लिए खुद प्रयास करना होगा और उसके लिए केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क कर उनसे बातचीत करनी होगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा 22 जनवरी को राम उत्सव होना है और उसके लिए हम घर-घर जाकर निमंत्रण देंगे साथ ही प्रत्येक वार्ड में सभी मंदिरों को सजाने के लिए मंदिर कमेटियों से बात करेंगे। हर मंदिर में भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भाषण का सीधा प्रसारण सुनने के लिए भी एलईडी लगाई जाएगी।
इसके बाद वार्ड अनुसार बाद में रामलला के दर्शन कराने की व्यवस्था भी जाएगी। दिल्ली भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा ने ई- विस्तारक योजना के बारे में सभी को विस्तार से समझाया और साथ ही इसके माध्य से कैसे दिल्ली के लोगों को जोड़े इसकी जानकारी दी।
यह भी पढ़ेंः Kuwait: शेख नवाफ के अंतिम संस्कार में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, अब कुवैत का नया उत्तराधिकारी कौन?