Move to Jagran APP

Lok Sabha Election 2019 Phase 7 Voting: शाम आठ बजे तक कुल 62.87 फीसद हुआ मतदान

Lok Sabha Election 2019 Phase 7 Live Update अंतिम चरण में 8 राज्यों की 59 लोकसभा सीट के लिए मतदान प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। अब लोगों को 23 मई को चुनाव परिणाम का इंतजार है।

By Amit SinghEdited By: Published: Sun, 19 May 2019 06:54 AM (IST)Updated: Sun, 19 May 2019 08:56 PM (IST)
Lok Sabha Election 2019 Phase 7 Voting: शाम आठ बजे तक कुल 62.87 फीसद हुआ मतदान
Lok Sabha Election 2019 Phase 7 Voting: शाम आठ बजे तक कुल 62.87 फीसद हुआ मतदान

नई दिल्ली, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Election 2019) के मतदान का अंतिम चरण आज समाप्त हो चुका है। आज रविवार को शाम आठ बजे तक 17वीं लोकसभा के लिए कुल 62.87 फीसद मतदान हुआ है। सातवें चरण में आठ राज्यों की 59 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ है।

loksabha election banner

मतदान के अंतिम चरण में कुल 918 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें वाराणसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे बड़ा नाम हैं। सातवां चरण इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसमें पूर्वी उत्तर प्रदेश की 13 लोकसभा सीटें भी शामिल हैं। जिसकी जिम्मेदारी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की है। चुनाव से कुछ समय पहले ही उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा है। सक्रिय राजनीति में आते ही उन्हें पार्टी महासचिव बनाकर पूर्वी उत्तर प्रदेश की 40 लोकसभा सीटों की जिम्मेदारी सौंप दी गई। अंतिम चरण में इसी पूर्वी उत्तर प्रदेश की 13 लोकसभा सीटों पर मतदान होना है। ऐसे में ये सातवां चरण केवल भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।

Lok Sabha Election 2019 Phase 7 Voting Live Update…

8:45 PM: हिमाचल प्रदेश चुनाव आयोग ने मतदान ड्यूटी के दौरान मरने वाले तीन पोलिंग अधिकारियों विनीत कुमार, देवी सिंह और लोट राम के परिवार के लिए 15-15 लाख रुपये की अनुग्रह राशि घोषित की है।
8:30 PM: अंतिम चरण में शाम आठ बजे तक कुल 62.87 फीसद हुआ मतदान। बिहार में 53.36 फीसद, हिमाचल प्रदेश में 69.73 फीसद, मध्य प्रदेश में 71.44 फीसद, पंजाब में 62.45 फीसद, उत्तर प्रदेश में 57.86 फीसद, पश्चिम बंगाल में 73.51 फीसद, झारखंड में 71.16 फीसद और चंडीगढ़ में 63.57 फीसद मतदान हुआ।
8:15 PM: हिमाचल के जिला सोलन के दून विधानसभा क्षेत्र में रिकार्ड तोड मतदान हुआ है। यहां जिला में सर्वाधिक 79:30 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। पिछली लोकसभा चुनावों में दून विधानसभा में लगभग 70 फीसद मतदान दर्ज किया गया था। इस क्षेत्र में लगभग नौ फीसद अधिक मतदान इस वर्ष दर्ज किया गया है।
7:30 PM: पटना के पोलिंग स्टेशन 160 के पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट विकास कुमार ने बताया की आरजेडी के तेजस्वी यादव ने अपने मताधिकारी का प्रयोग नहीं किया है। वह मतदान करने के लिए पोलिंग सेंटर पर नहीं आए। उनकी मां राबड़ी देवी, बहन मीसा भारती और भाई तेज प्रताप यादव ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
6:55 PM: सातवें चरण के मतदान की प्रक्रिया शाम छह बजे समाप्त हो चुकी है। फिलहाल जो लोग लाइन में लगे हुए उनका मतदान कराया जा रहा है। जहां मतदान प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहां ईवीएम और वीवीपैट को सील किया जा रहा है। थोड़ी देर में सातवें चरण में हुए मतदान के फाइनल आंकड़े सामने आ जाएंगे।
6:45 PM: चुनाव आयोग ने सातवें चरण के मतदान से पूर्व कुल 839.03 करोड़ रुपये की नकदी, 294.41 करोड़ रुपये की शराब, 1270.37 करोड़ रुपये की ड्रग्स व नारकोटिक्स, 986.76 करोड़ रुपये की कीमती धातु बरामद की है।
6:05 PM: शाम छह बजे तक कुल 60.21 प्रतिशत मतदान हुआ। बिहार में 49.62 फीसद, हिमाचल में 66.18 फीसद, मध्य प्रदेश में 69.38 फीसद, पंजाब में 58.81 फीसद, उत्तर प्रदेश में 54.37 फीसद, पश्चिम बंगाल में 73.05 फीसद, झारखंड में 70.5 फीसद और चंडीगढ़ में 63.57 फीसद मतदान हुआ।
5:55 PM: चुनाव आयोग के अनुसार सातवें चरण में कुल 7.27 करोड़ मतदाता को शामिल होना था। इनमें से 3.47 करोड़ महिलाएं और 3377 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
5:34 PM: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पत्नी प्रतिभा सिंह और बेटे विक्रमादित्य सिंह के साथ मंडी लोकसभा क्षेत्र में मतदान किया।
5:23 PM: गाजीपुर के सादात क्षेत्र में अपने गांव मिर्जापुर नगौरा प्राथमिक विद्यालय पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने किया मतदान।
5:15 PM: झारखंड के डुमका स्थित पोलिंग स्टेशन नंबर 37 में मतदान पूरा हुआ। मतदान के बाद पोलिंक अधिकारियों ने ईवीएम और वीवीपैट को सील कर लिया है। झारखंड के नक्सली क्षेत्रों में देश के अन्य हिस्सों के मुकाबले मतदान के लिए एक घंटे कम समय रखा गया है। नक्सल क्षेत्र में शाम पांच बजे तक ही मतदान का समय निर्धारित है, जबकि अन्य जगहों पर शाम छह बजे तक मतदान करने के लिए पोलिंग सेंटर पर पहुंचा जा सकता है।

5:05 PM: शाम पांच बजे तक 53.03 फीसद मतदान हुआ। बिहार में 46.75 फीसद मतदान, हिमाचल प्रदेश में 57.43 फीसद, मध्य प्रदेश 59.75 फीसद, पंजाब में 50.49 फीसद, उत्तर प्रदेश 47.21 फीसद, पश्चिम बंगाल में 46.87 फीसद, झारखंड 66.64 फीसद और चंडीगढ़ 51.18 फीसद मतदान हुआ।
4:55 PM: कोलकाता की जादवपुर लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी अनुपम हाजरा ने आरोप लगाया है कि ईवीएम पर टीएमसी के चुनाव चिन्ह के आगे विशेष चिन्ह बना होने के संबंध में पूछने पर प्रेजाइडिंग अधिकारी ने उन्हें गुमराह करने का प्रयास किया। प्रेजाइडिंग अधिकारी का कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। वहीं कुछ मतदाताओं ने बताया कि प्रेजाइडिंग अधिकारी ने उनसे कहा था कि मतदान करने के लिए विशेष साइन वाले बटन को ही दबाएं।
4:45 PM: कोलकाता की जादवपुर लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी अनुपम हाजरा ने मतदान में फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि ईवीएम मशीन पर टीएमसी के चुनाव चिन्ह के आगे एक विशेष तरह का चिन्ह बनाया गया है। ये विशेष चिन्ह निरक्षर या कम पढ़े लिखे मतदाताओं को भ्रमित करने के लिए बनाया गया है, ताकि वह बिना कुछ सोचे-समझे उसी बटन को दबा दें।

4:25 PM: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता के एक पोलिंग सेंटर में मतदान किया।
4:15 PM: बिहार के गया जिला अंतर्गत जहनाबाद के चिरियावन गांव के लोगों ने मतदान का सामूहिक बहिष्कार किया है। इन लोगों ने इलाके के बूथ नंबर 236 के बाहर प्रदर्शन किया। इन्होंने नारा दिया ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’। ग्रामीणों का कहना है कि गांव को सड़क से जोड़ने के लिए वह लोग कई अधिकारियों से मिले, लेकिन सरकार से मदद नहीं मिली। स्थानीय एमएलए ने ग्रामीणों से कहा कि उनका गांव नक्शे पर नहीं है, ग्रामीणों का कहना है कि अगर ऐसी बात है तो हम वोट क्यों दें।
3:55 PM: बिहार के आरा में पोलिंग बूथ नंबर 49 पर फर्जी मतदान की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला। संदिग्ध लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल भी हो गए। मामले में एडीएम ने बताया कि हमें पथराव की सूचना मिली है, लेकिन वहां मतदान में किसी तरह का व्यवधान नहीं पड़ा है। संभवतः कुछ लोगों ने समस्या खड़ा करने का प्रयास किया था। उनकी तलाश की जा रही है।

3:45 PM: पूर्व क्रिकेट टीम कप्तान सौरव गांगुली ने बरिशा जनकल्याण विद्यापीठ के पोलिंग बूथ पर मतदान किया।
03:20 PM: दोपहर तीन बजे तक कुल 51.66 फीसद मतदान हुआ। बिहार में 46.66 फीसद, हिमाचल 49.23 फीसद, मध्य प्रदेश में 56.91 फीसद, पंजाब 48.18 फीसद, उत्तर प्रदेश में 45.94 फीसद, पश्चिम बंगाल में 62.46 फीसद, झारखंड में 64.12 फीसद और चंडीगढ़ में 50.24 फीसद मतदान हुआ।
02.55 PM: पटना में राजद और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट में कई घायल। पाटलिपुत्र सीट के लिए मनेर के ब्यापुर में बोगस वोटिंग की कोशिश के आरोप पर भड़का बवाल। पूर्व विधायक श्रीकांत निराला के बेटे से मारपीट की गई।
02.50 PM: सासाराम में पुलिस पर पथराव। सूर्यपुरा के अगरेर खुर्द गांव में वीवीपैट व सरकारी गाड़ी का शीशा तोड़ा।


2:45 PM: पंजाब में मतदान के दौरान कई जगह हिंसा हुई है। हिंसक घटनाओं में एक व्‍यक्ति की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। तलवंडी साबो में कांग्रेस और शिअद कार्यकर्ताओं के बीच टकराव के बाद बवाल मच गया। शिअद के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। शिअद कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कांग्रेस के बठिंडा देहाती प्रधान खुशबाज सिंह जटाना ने यहां स्‍कूल के बाहर बने शिअद के पाेलिंग कैंप पर फायरिंग कर दी। इसके बाद हंगामा हाे गया। फायरिंग में एक व्‍यक्ति घायल हो गया।
2: 29 PM: दिल्ली के दरियागंज के बूथ नंबर 32 पर फिर से मतदान कराया जा रहा है। चुनाव आयोग ने 12 मई को चांदनी चौक लोकसभा सीट के पोलिंग बूथ नंबर 32 पर हुए मतदान को अमान्य घोषित कर दिया था। यहां वोटिंग शुरू होने से पहले मशीन को जीरो पर नहीं किया गया था।
2:25 PM: पश्चिम बंगाल में अंतिम चरण में भी हिंसा की खबरें आ रही हैं। भाटपार विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए टीएमसी उम्मीदवार मदन मित्रा ने विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर सुरक्षाकर्मियों से बहस की।

2:21 PM: समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ आजमगढ़ से भाजपा प्रत्याशी दिनेशलाल यादव निरहुआ ने गाजीपुर में शादियाबाद स्थित अपने पैतृक गांव के प्राथमिक विद्यालय टणवा टप्पा सौरी पर वोट डाला।
2:10 PM: पंजाब के मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ने नवजोत सिंह सिद्धू के साथ चल रहे कथित विवाद पर कहा कि देखिए, नवजोत सिंह सिद्धू के साथ के कोई शब्‍दों की जंग नहीं चल रही है। अगर वह महत्‍वाकांक्षी हैं, तो इसमें कुछ गलत नहीं है। बहुत से लोग महत्‍वाकांक्षी होते हैं। मैं सिद्धू को बचपन से जानता हूं, मेरा उसके साथ विचारधारा को लेकर कोई मतभेद नहीं है। मुझे ऐसा लगता है कि वह मेरी जगह मुख्‍यमंत्री बनना चाहते हैं। शायद इसी के लिए वह ये सब कर रहे हैं।
1:58 PM: पंजाब में पटियाला के वूमेन कॉलेज में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपनी पत्नी परनीत कौर के साथ मतदान किया। उधर, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली से भाजपा प्रत्याशी हंसराज हंस ने बेटे जालंधर में बेटे नवराज हंस के साथ मतदान किया।

1:53 PM: रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री जो शुरू से धमकी देगी आ रही हैं, इसलिए हमें डर है कि आज मतदान खत्‍म होने के बाद से टीएमसी का नरसंहार उधर शुरू होगा क्‍या? इसलिए हमारी मांग है कि सेंट्रल आर्म्‍ड फोर्स उधर रहे जब तक आचार संहिता लागू रहती है।
1:46 PM: वाराणसी में पीएम मोदी के खिलाफ कांग्रेस उम्‍मीदवार अजय राय ने मतदान करने के बाद कहा कि वाराणसी में अस्थायी आधार पर काम चल रहा है, कुछ भी स्थायी नहीं है।
1:25 PM: दोपहर एक बजे तक कुल 39.58 फीसद हुआ मतदान। बिहार में 36.20 फीसद, हिमाचल में 34.47 फीसद, मध्य प्रदेश में 43.89 फीसद, पंजाब में 36.66 फीसद, उत्तर प्रदेश 36.37 फीसद, पश्चिम बंगाल में 47.55 फीसद, झारखंड में 52.89 फीसद और चंडीगढ़ में 35.60 फीसद मतदान हुआ।
1:20 PM: वरिष्ठ भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी ने वाराणसी के एक बूथ पर वोट डाला।
1:15 PM: पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने पटियाला के बूथ नंबर 89 पर वोट डाला।
12:58 PM: पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर लोकसभा केंद्र के बजबज-सतगछिया मोड़ पर भाजपा उम्मीदार निलांजन राय की गाड़ी में तोडफ़ोड़।
12:50 PM: पश्चिम बंगाल में बारासात लोकसभा क्षेत्र के न्यू टाउन इलाके में 20 बम बरामद किए गए हैं। काफी देर से इलाके में दो ड्रम पड़े थे। पुलिस द्वारा जांच करने पर उसमें बम पाए गए। इलाके में तनाव है।
12:40 PM: हिमाचल प्रदेश के कल्पा में 102 वर्ष के श्याम सरण नेगी ने मतदान किया। वह 1951 के आम चुनाव के पहले मतदाता हैं।
12:36 PM: केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता मनोज सिन्हा ने यूपी के गाजीपुर जिले में एक मतदान केंद्र पर वोट डाला।
12:33 PM: पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्यासी निलंजन रॉय की कार पर डोंगरिया में हमला। कार के शीशे तोड़े।

12:22 PM: बिहार में तेज प्रताप के बाउंसरों ने मीडिया पर हमला किया। एक मीडियाकर्मी के पैर पर चढ़ाई गाड़ी। बिहार में सातवें चरण में आठ लोकसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है। लालू के लाल तेज प्रताप पटना में ई-रिक्शा से वोट डालने गए थे। तेज प्रताप ने मीडियाकर्मियों पर हमले से इनकार किया है। उन्होंने कहा- उन पर जानलेवा हमला किया गया है।
12:15 PM: पंजाब सरकार में मंत्री और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धु और उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धु ने अमृतसर के बूथ नंबर 134 में मतदान किया।

12:02 PM: बिहार के नालंदा जिला अंतर्गत राजगीर ब्लॉक के चंदौरा गांव के बूथ नंबर-299 पर लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया है। यहां लोगों का कहना है कि ‘नो रोड, नो वोट’। गुस्साए लोगों ने बूथ पर ईवीएम और ब्लॉक डेवलेपमेंट अधिकारी की कार भी तोड़ दी है।
11:53 AM: मीरजापुर लोकसभा सीट से अपना दल प्रत्याशी अनुप्रिया पटेल ने नगर के सेंट मरीज बूथ पर मतदान किया।

11:48 AM: पश्चिम बंगाल के जादवपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अनुपम हाजरा ने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा के मंडल अध्यक्ष और उनके ड्राइवर पर हमला किया है। गाड़ी के शीशे वगैरह तोड़ दिए गए हैं। टीएमसी कार्यकर्ताओं के चंगुल से हमने अपने तीन पोलिंग एजेंट को भी बचाया है। टीएमसी कार्यकर्ता 52 बूथ पर हेराफेरी कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल में लोग भाजपा को वोट देना चाहते हैं, लेकिन लोगों को वोट नहीं देने दिया जा रहा है।
11:40 AM: पंजाब के खडूर साहिब लोकसभा क्षेत्र के तरणतारण के गांव सरली में मतदान के दौरान झड़प में एक युवक की मौत।
11:35 AM: गोरखपुर बांसगांव के कोपवा मतदान केंद्र पर पीठासीन अधिकारी विनोद श्रीवास्‍तव और पिपराइच में मतदान अधिकारी राजाराम की हार्ट अटैक से मौत हो गई।
11:30 AM: सुबह 11 बजे तक कुल 24.56 फीसद हुआ मतदान। बिहार में 18.90 फीसद, हिमाचल में 22.92 फीसद, मध्य प्रदेश 27.43 फीसद, पंजाब 23.36 फीसद, उत्तर प्रदेश 21.89 फीसद, पश्चिम बिहार 32.25 फीसद, झारखंड 30.33 फीसद और चंडीगढ़ 22.30 फीसद हुआ मतदान।
11:25 AM: पश्चिम बंगाल के जादवपुर के एक पोलिंग स्टेशन पर पहुंचे भाजपा उम्मीदवार अनुपम हाजरा ने आरोप लगाया है कि टीएमसी की महिला कार्यकर्ता चेहरा ढक कर फर्जी मतदान (Proxy Voting) कर रही हैं। उनकी पहचान कर पाना मुश्किल है। हमने जब इसका विरोध किया तो, महिला कार्यकर्ताओं ने पोलिंग स्टेशन में हंगामा शुरू कर दिया।
11:15 AM: बसीरहाट में लोगों को मतदान से रोकने की सूचना मिलते ही मौके पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी भेज दिए गए हैं। मतदान न कर पाने से नाराज लोग यहां मतदान केंद्र के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। बसीरहाट लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार सायंतन बसु ने आरोप लगाया है कि टीएमसी के कार्यकर्ता लोगों को वहां मतदान करने से रोक रहे हैं।

10:58 AM: लोकसभा स्पीकर और भाजपा नेता सुमित्रा महाजन ने इंदौर के एक पोलिंग सेंटर पर मतदान किया।
10:45 AM: पश्चिम बंगाल के बसीरहाट स्थित पोलिंग स्टेशन नंबर 189 के बाहर काफी संख्या में लोग धरने पर बैठ गए हैं। इनका आरोप है कि टीएमसी के कार्यकर्ता उन्हें मतदान करने नहीं दे रहे हैं। पूरे मामले पर बसीरहाट से भाजपा के उम्मीदवार सायंतन बसु ने कहा कि 100 लोगों को मतदान करने से रोका गया है। हम उन्हें मतदान कराने के लिए ले जा रहे हैं।

10:40 AM: पंजाब में अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने ब‍ठिंडा के गांव बादल में बूथ नंबर 118 पर वोट डाला।
10ः37 AM: भाजपा के सांसद अनुराग ठाकुर और भाजपा नेता प्रेम कुमार धूमल हमीरपुर के एक बूथ पर मतदान करने पहुंचे हैं। दोनों नेता लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
10:32 AM: पंजाब के बठिंडा से भाजपा-‍शिअद की उम्मीदवार हरसिमरत कौर बादल ने वोट डाला।

10:28 AM: न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार पश्चिम बंगाल की जादवपुर लोकसभा सीट अंतर्गत कोनारपुर के बूथ नंबर 53 में तीन घंटे बाद (सुबह 10 बजे तक) भी वोटिंग शुरू नहीं हो सकी।
10:22 AM: हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी जिले के पोलिंग सेंटर नंबर 36 में मतदान किया।
10:15 AM: तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग को पत्र लिख कहा है कि अंतिम चरण के लिए चुनाव प्रचार खत्म हो चुका है। बावजूद दो दिन से नरेंद्र मोदी की केदारनाथ यात्रा की मीडिया में विस्तृत कवरेज हो रही है। ये आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।
9:50 AM: चंडीगढ़ से कांग्रेस के उम्मीदवार पवन कुमार बंसल ने सेक्टर 28 सी के बूथ नंबर 228 में अपना वोट डाला।
9:45 AM: 
पंजाबः पूर्व केंद्रीय मंत्री और आनंदपुर साहिब लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार मनीष तिवारी ने लुधियाना के सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल में मतदान किया।
9:35 AM: मध्य प्रदेश: इंदौर के नंदा नगर के पोलिंग बूथ नंबर 316 पर दिव्यांग महिला सोनू माली ने मतदान किया।

9:29 AM: 
लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में 9 बजे तक कुल 10.25 फीसद मतदान हुआ। बिहार में 10.65%, हिमाचल प्रदेश में 0.87%, मध्य प्रदेश में 7.16%, पंजाब में 4.64%, यूपी में 5.97%, पश्चिम बंगाल में 10.54%, झारखंड में 13.19% और चंडीगढ़ में 10.40% वोटिंग दर्ज की गई।
9:20 AM: 
मध्य प्रदेश के इंदैर में बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने पोलिंग बूथ नंबर 316 पर मतदान किया।
9:15 AM: 
पटना साहिब लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पटना के बूथ नंबर 77 पर अपना वोट डाला। रविशंकर प्रसाद का मुकाबला कांग्रेस के शत्रुघ्न सिन्हा से है।

8:55 AM:
 केंद्रीय मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद पटना के महिला कॉलेज में मतदान के लिए पहुंचे।
8:45 AM: गुरदासपुर, पंजाब के डेरा बाबा नानक में पोलिंग बूथों का निरीक्षण करते अभिनेता व भाजपा प्रत्याशी सनी देयोल।

8:15 AM: ममता बनर्जी के भतीजे व टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने दक्षिण कोलकाता लोकसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथ पर मतदान किया।
8:00 AM: हिमाचल के कुल्लू और जोगेन्द्र नगर में ईवीएम खराब होने से मतदाता निराश। अब तक शुरू नहीं हुई वोटिंग। कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र के पालमपुर में भी ईवीएम खराब, पोलिंग पार्टी से भिड़े नाराज मतदाता।
7:52 AM: बिहार के पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र में पंत नगर में भी ईवीएम मशीन खराब होने से मतदान प्रभावित।
7:48 AM:
 पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में ईवीएम मशीन खराब होने के कारण खोजवाँ प्राथमिक विद्यालय मॉडर्न बूथ से वापस हो रही महिलाएं।
7:40 AM: बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने पटना में मतदान किया।
7:30 AM: क्रिकेटर हरभजन सिंह जालंधर के गढ़ी गांव के एक सरकारी स्कूल गढ़ा पोलिंग बूथ पर मतदान करने पहुंचे हैं। वह आम मतदाताओं के साथ लाइन में लगे हुए हैं।
7:20 AM: पटना राजभवन के एक स्कूल में बिहार के मुख्यमंत्री नितिश कुमार ने मतदान किया।
7:15 AM: सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के साथ ही गड़बड़ियों की शिकायत सामने आने लगी है। यूपी के चंदौली जिले में मतदान केंद्र पर पहुंचे कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि शनिवार को तीन लोगों ने उनकी उंगलियों पर जबरन मतदान की स्याही लगा दी।

इसके बाद उन्हें 500 रुपये का नोट पकड़ा दिया गया। चंदौली के एसडीएम कुमार हर्ष ने बताया कि संबंधित लोग अपना मतदान कर सकेंगे। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

7:03 AM: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में पोलिंग बूथ नंबर 246 पर सुबह-सुबह मतदान किया। वह मतदान शुरू होने से पहले ही पोलिंग सेंटर पहुंच चुके थे।
7:00 AM: सातवें और अंतिम चरण में 8 राज्यों की 59 लोकसभा सीटों के लिए मतदान शुरू।
6:30 AM: सातवें चरण का मतदान शुरू होने से पहले सभी केंद्रों पर मॉक पोलिंग की जा रही है। थोड़ी देर में मतदान शुरू होगा।

सातवें चरण का मतदान
राज्य             लोकसभा सीट
उत्तर प्रदेश        13
पंजाब               13
पश्चिम बंगाल       9
बिहार                8
मध्य प्रदेश          8
हिमाचल प्रदेश    4
झारखंड             3
चंडीगढ़              1

परीक्षा खत्म 23 मई को परिणाम का इंतजार
सातवें चरण के मतदान के साथ ही राजनीतिक पार्टियों की चुनावी प्ररीक्षा खत्म हो जाएगी। करीब दो माह तक चली इस चुनावी परीक्षा को पास करने के लिए राजनीतिक दलों ने खूब पसीना बहाया। अब बारी है उनकी मेहनत का परिणाम आने की। 23 मई को सातों चरणों में डाले गए वोटों की मतगणना होगी। सुबह से ही रुझान सामने आने लगेंगे। चुनाव आयोग का प्रयास है कि शाम तक लोकसभा चुनाव 2019 के परिणामों की पिक्चर स्पष्ट हो जाएगी।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.