अरूणाचल व असम में अमित शाह ने कांग्रेस पर किया हमला, मनमोहन को कहा 'मौनी बाबा'
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अरुणाचल प्रदेश में रैली के दौरान कहा पूर्वोत्तर में शांति व विकास मोदी सरकार ही लाई। पूर्वोत्तर के सभी क्षेत्र वायु और रेल संपर्क मार्ग से जुड़ गए हैं।
नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्र में भाजपा के दोबारा आने का विश्वास जताते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि पूर्वोत्तर में शांति और विकास लाने वाली मोदी सरकार ही है। अन्यथा पांच साल पहले यहां उग्रवादी गतिविधियों का बोलबाला था। अमित शाह ने शुक्रवार को अरुणाचल प्रदेश और असम में चुनावी रैली की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर बोला।
असम में मनमोहन को कहा मौनी बाबा
न्यूज एजेंसी एएनआइ के अनुसार, अमित शाह ने असम के मरिगाओं में रैली के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को ‘मौनी बाबा’ कहा। उन्होंने कहा, ‘मनमोहन सिंह 10 साल तक प्रधानमंत्री रहे। वह असम से राज्यसभा गए थे। मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि आप मंच से तेज आवाज में बोलते हैं, लेकिन इन 10 वर्षों की सरकार के कामों का लेखा-जोखा क्यों नहीं देते हैं।’
अरुणाचल के लोगों को बताया देशभक्त
अरुणाचल के चांगलांग जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए शुक्रवार को अमित शाह ने कहा कि उनकी पार्टी सीमा पार के आतंकवाद और क्षेत्रीय उग्रवाद से निपटने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार गठित होने के बाद से राजनीतिक स्थिरता भी आ गई है। अरुणाचल के लोगों को देशभक्त बताते हुए उन्होंने कहा कि इस हिमालयी राज्य के लोग 1962 में चीन के हमले के बाद भी खरे उतरे जबकि तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरु ने असम के लिए असहाय होने की बात कही थी।
उन्होंने कहा कि यहां तक कि पांच साल पहले भी पूर्वोत्तर क्षेत्र अशांत था। आतंकी गतिविधियों और सड़कों पर चक्का जाम के चलते यहां बमुश्किल कोई विकास हुआ था। भाजपा ने क्षेत्र में शांति बहाल की है और विकास का मार्ग प्रशस्त किया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अपने मंत्रियों को यह स्पष्ट निर्देश हैं कि वह हर पखवाड़े में पूर्वोत्तर के राज्यों में जाएं और वहां की समस्याएं सुलझाएं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पूर्वोत्तर के सभी क्षेत्रों में अब वायु और रेल संपर्क मार्ग हैं। अकेले अरुणाचल में ही सरकार ने सड़कों के विकास के लिए 50 हजार करोड़ रुपये की रकम मंजूर की है। उन्होंने अरुणाचल के लिए राजग सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पूर्वोत्तर में अरुणाचल पहला ऐसा राज्य बन गया है, जहां दो शहर ईटानगर और पसीघाट अब स्मार्ट सिटी मिशन के तहत आ गए हैं। इसके अलावा, पसीघाट और तेजु में हवाई उड़ानें उड़ान स्कीम के तहत शुरू की गई हैं।
इसके अलावा, शाह ने बाहरी मणिपुर के थाउबल जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि पिछले 40 सालों से पूर्वोत्तर परिषद की कोई बैठक नहीं हुई है। लेकिन भाजपा सरकार ने इसकी पहली बैठक कराई। यहां तक कि भाजपा सरकार ने पूर्वोत्तर परिषद का विकास फंड भी 258 फीसद बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में 1.3 लाख परिवार को मुफ्त कुकिंग गैस कनेक्शन दिए गए हैं। राज्य में आठ हेलीपैड का उद्घाटन किया गया है और 500 युवाओं ने स्टार्ट अप शुरू किए हैं। जबकि अन्य 500 युवाओं का इसके लिए जल्द ही चयन हो जाएगा।