Lok Sabha Election 2019: 'झूठ कांग्रेस का राजनीतिक मंत्र, जनता को छलना काम' '
मंडल ने कहा कि 60 वर्षों के अपने कार्यकाल में कांग्रेस ने गरीबी हटाओ घर-घर बिजली सबको रोजगार जैसे कई सपने दिखाए लेकिन काम किसी पर नहीं किया।
धनबाद, जेएनएन। झूठ बोलना और धोखा देना कांग्रेस की संस्कृति में शामिल है। कहना था सिंदरी से भाजपा के विधायक फूलचंद मंडल का। वे भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। मंडल ने कहा कि 60 वर्षों के अपने कार्यकाल में कांग्रेस ने गरीबी हटाओ, घर-घर बिजली, सबको रोजगार जैसे कई सपने दिखाए लेकिन काम किसी पर नहीं किया। काम करने की न तो उसकी क्षमता थी न ही मंशा। उद्देश्य सिर्फ लोगों को बरगला कर सत्ता प्राप्त करते रहना था। कांग्रेस ने कहा कि वह पहले भी छह बार सर्जिकल स्ट्राइक कर चुका है। लेकिन साबित हो गया कि यह सफेद झूठ था। अब राफेल पर भी उसका झूठ उजागर हुआ और राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगनी पड़ी।
दूसरी तरफ पांच साल के कार्यकाल में मोदी जी ने घर-घर बिजली भी पहुंचाई और गरीबों के लिए सर्वाधिक योजनाएं भी चलाई। जितना काम उन्होंने पांच साल में किया कांग्रेस 60 साल में नहीं कर पाई। देश को पीएम मोदी ही चाहिए। गांव-गांव में यही चर्चा है। धनबाद से भाजपा रिकॉर्ड मतों से जीतेगी। उन्होंने कहा कि मासस, झाविमो जैसे दलों के समर्थन का कोई असर नहीं पड़ेगा। पत्रकार वार्ता में मिल्टन पार्थसारथी, मोहन कुंभकार, मिथिलेश राम व अमृत दास भी शामिल थे।
सिंदरी में पार्टी जिसे चाहे टिकट दे : बुजुर्ग रामटहल चौधरी का टिकट कटने पर उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी सिंदरी से जिसे चाहे टिकट दे वह उसका समर्थन करेंगे। फूलचंद विधानसभा के सबसे बुजुर्ग विधायक हैं। उन्होंने कहा कि धरणीधर भी मेहनत कर रहे हैं लेकिन टिकट का फैसला पार्टी ही लेगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप