पश्चिम बंगाल में गठबंधन टूटने के लिए वाममोर्चा ने कांग्रेस को ठहराया जिम्मेदार
वाममोर्चा के चेयरमैन विमान बोस ने कांग्रेस द्वारा राज्य की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा करने पर तीखी प्रतिक्रिया जताई है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। वाममोर्चा ने पश्चिम बंगाल में चुनावी गठबंधन टूटने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। वाममोर्चा के चेयरमैन विमान बोस ने कांग्रेस द्वारा राज्य की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा करने पर तीखी प्रतिक्रिया जताई है। बोस ने सोमवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि कांग्रेस राज्य में भाजपा और तृणमूल को मदद कर रही है। यह कांग्रेस का गेम प्लान है।
भाकपा के महासचिव एस. सुधाकर रेड्डी ने कहा कि वाममोर्चा पश्चिम बंगाल में सीटों के बंटवारे के मुद्दे पर कांग्रेस की अनुचित मांग को स्वीकार नहीं कर सकता है। दोनों दल अब राज्य में लोकसभा चुनाव अलग-अलग लड़ेंगे। उन्होंने गठबंधन पर बातचीत से कांग्रेस को हटने के पर उसकी आलोचना की।
राज्य में 42 लोकसभा सीटें हैं। कांग्रेस 17 सीटें मांग रही थी। वाममोर्चा कांग्रेस के लिए 12 सीटें छोड़ने को तैयार था। कांग्रेस और जो चार सीटों की मांग पर अडिग थी, वह वाममोर्चा के कोटे की थीं। कांग्रेस की अतिरिक्त सीटों की मांग अनुचित थी।
रेड्डी ने कहा कि बशीरहाट लोकसभा सीट पर भाकपा को पिछले चुनावों में चार लाख और कांग्रेस को एक लाख वोट मिले थे। इसके बावजूद कांग्रेस बशीरहाट सीट की मांग कर रही थी। इस तरह की अनुचित मांग को वाममोर्चा स्वीकार नहीं कर सकता है।
कांग्रेस की इस तरह की अनुचित मांग मांगने से वाममोर्चा के अन्य घटक दलों फारवर्ड ब्लाक और आरएसपी को अपने कोटे की सीटें गंवानी पड़ती। वाममोर्चा के घटक दलों के लिए भी कांग्रेस की मांग का मान लेना संभव नहीं था।