Bihar Lok Sabha Election Phase IV Voting: समस्तीपुर में आमने-सामने पिछली बार के रनर-विनर
बिहार के समस्तीपुर में भी लड़ाई रोचक है। मुकाबला आमने-सामने का है। यहां से रामविलास पासवान के भाई रामचंद्र पासवान किस्मत आजमा रहे हैं।
समस्तीपुर [जेएनएन]। बिहार के समस्तीपुर में चौथे चरण में कल वोट पड़े। वर्ष 2014 के चुनाव के विनर रामचंद्र पासवान और रनर डॉ अशोक कुमार एक बार फिर आमने-सामने हैं। रामचंद्र पासवान लाेजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान के भाई हैं। इलाके में मुद्दों-मसलों की कमी नहीं है, लेकिन जीत-हार की गुंजाइश जातीय गोलबंदी में है। पिछले कई चुनाव जातीय समीकरणों पर ही लड़े गए। उसी हिसाब से पार्टियां प्रत्याशी भी उतारती रही है। इस बार का चुनाव भी उसी परिपाटी पर आधारित रहा।
छह विधानसभा क्षेत्र हैं समस्तीपुर में
कांग्रेस महागठबंधन के साथ है तो जदयू की एनडीए में वापसी हो गई है। जीत-हार के समीकरण पर इसका भी असर है। समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र में छह विधानसभा सीटें हैं। इनमें कल्याणपुर (सुरक्षित), समस्तीपुर, वारिसनगर व रोसड़ा के साथ दरभंगा जिले के हायाघाट और कुशेश्वरस्थान (सुरक्षित) शामिल हैं। रोसड़ा सीट पर कांग्रेस का कब्जा है। समस्तीपुर सीट पर राजद काबिज है। शेष चार कल्याणपुर, वारिसनगर, हायाघाट और कुशेश्वरस्थान पर जदयू का कब्जा है।
काम-काज का आकलन कर रही है जनता
जनता कामकाज का भी आकलन कर रही। वह अपने मुद्दे भी तलाश रही। इलाका कृषि प्रधान है, लिहाजा अधिसंख्य मुद्दे खेती-किसानी से जुड़े हैं। अब वक्त निर्णय का है। मतदान के बाद अब नतीजे तक का इंतजार बेसब्र करने वाला होगा।
समस्तीपुर में 11 प्रत्याशी लड़ रहे हैं चुनाव
समस्तीपुर में 11 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मुख्य मुकाबला लोजपा के रामचंद्र पासवान और कांग्रेस के डॉ. अशोक कुमार के बीच ही होगी। इन्हीं दोनों के बीच 2014 में भी लड़ाई हुई थी।
क्या कहते हैं आंकड़े
कुल मतदाता :1636983
कुल मतदान केंद्र : 1700
वर्ष 2014 के नतीजे
रामचंद्र पासवान (लोजपा): 270404.
अशोक कुमार (कांग्रेस): 263529
महेश्वर हजारी (जदयू) : 200124
जीत-हार का अंतर: 6875
वर्ष 2009 के नतीजे
महेश्वर हजारी (जदयू) : 259458
रामचंद्र पासवान (लोजपा) : 155082
डॉ. अशोक कुमार (कांग्रेस): 91655
जीत-हार का अंतर: 104376