Move to Jagran APP

निर्वाचन आयोग ने हड़बड़ी में की गड़बड़ी, जापान की महिला वोटर का ऐसे तोड़ा रिकॉर्ड

निर्वाचन आयोग ने दावा किया कि कुरुक्षेत्र की महिला मतदाता सबसे उम्रदराज है। इसके बाद जब उस मतदाता को दैनिक जागरण ने खोजा तो चौकाने वाली हकीकत से पर्दा उठा।

By Anurag ShuklaEdited By: Published: Fri, 12 Apr 2019 06:01 PM (IST)Updated: Fri, 12 Apr 2019 06:01 PM (IST)
निर्वाचन आयोग ने हड़बड़ी में की गड़बड़ी, जापान की महिला वोटर का ऐसे तोड़ा रिकॉर्ड
निर्वाचन आयोग ने हड़बड़ी में की गड़बड़ी, जापान की महिला वोटर का ऐसे तोड़ा रिकॉर्ड

पानीपत/कुरुक्षेत्र, पानीपत। कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में सौ साल से ज्यादा उम्र के मतदाताओं की पड़ताल में एक ऐसा नाम सामने आया, जिसकी उम्र जापान की 116 साल की महिला का विश्व रिकॉर्ड तोड़ती हुई नजर आई। यह महिला थीं कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के तहत कैथल जिले में पंजाब की सीमा से सटे गांव भूना प्लाट की रणजीत कौर।

loksabha election banner

निर्वाचन विभाग की सूची में इनकी उम्र 119 साल दिखाई गई है। दैनिक जागरण कुरुक्षेत्र के चीफ रिपोर्टर पंकज आत्रेय जब खोजते हुए महिला के घर पहुंचे तो वह महज 28 साल की निकली। जब हमने उन्हें उनको बताया कि निर्वाचन विभाग ने उनको 119 साल की दिखाया है तो वह भी हैरान रह गईं।

जिला निर्वाचन कार्यालय ने जारी की थी शतायु वोटरों की सूची
जिला निर्वाचन कार्यालय कुरुक्षेत्र में 602 ऐसे मतदाताओं की सूची है, जिनकी आयु 100 वर्ष से ऊपर है। सबसे ऊपर गुहला ब्लॉक की रणजीत कौर का नाम था। उम्र 119 साल। शतायु पार कर चुके मतदाताओं को ब्रांड एंबेसडर बनाने के अभियान के तहत उन्हें खोजने का प्रयास किया गया। भूना के एक ग्रामीण रणधीर सिंह ने बताया कि गांव की पंंचायत कई डेरों में बंटी है। गांव में इस नाम की कोई महिला नहीं है। हमने डेरों में पड़ताल शुरू की तो बताया गया कि प्लाट नंबर दो में कुछ महिलाएं 100 साल से ऊपर की हैं। इस दौरान फोन पर गांव के बीएलओ गुरदेव सिंह से भी बातचीत की। उनके पहुंचने से पहले हमने अपने स्तर लोगों से मिलना शुरू किया। ग्रामीण बूटा सिंह और करनैल सिंह से पूछा तो उन्होंने बताया कि रणजीत कौर तो नहीं, मान कौर नाम की सबसे बुजुर्ग महिला हैं। वे 100 साल से ज्यादा आयु की हैं। दूसरे प्लाट में भी पूर्ण कौर नाम की महिला की आयु तकरीबन इतनी ही है।

हैं, जी मैं तां पूरे 28 दी हां
भूना प्लाट के मकान नंबर 471 में दाखिल होते ही सामने महिला खड़ी थीं। उन्होंने अपना नाम रणजीत कौर बताया। हमने उन्हें बताया कि जिला निर्वाचन विभाग की सूची में वे 119 साल की हैं तो वह चौंक गईं। बोली, हैं जी, मैं तां पूरे 28 दी हां। वोटर कार्ड में पति के नाम को पिता का नाम बना दिया और लिंग कॉलम में महिला को पुरुष। वो पहली बार वोट डालेंगी। इससे पहले उनका वोट ही नहीं बना था। बीएलओ ने यह वोटर कार्ड उन्हें देने की बजाय वापस रख लिया।

प्रेमो देवी 98 की, दिखाया 112 की
इसी तरह की गड़बड़ी गांव बारना की महिला प्रेमो देवी के रिकॉर्ड में भी मिली। उनकी उम्र 98 वर्ष है, लेकिन निर्वाचन विभाग की सूची उन्हें 112 साल का बता रही है। उनके परिजनों का कहना है कि उन्हें तो रिकॉर्ड से ही पता चला कि दादी इतनी उम्र की हो गई, लेेकिन यह सच नहीं है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.