Lok Sabha Election 2019: अमित शाह को झारखंड में रद करनी पड़ीं तीन जनसभाएं, जानें वजह
Lok Sabha Election 2019. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि खराब मौसम और हवाई यात्रा में कठिनाई के कारण मुझे अपनी झारखंड में तीन जनसभाएं रद्द करनी पड़ीं हैं।
रांची, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019 - लोकसभा चुनावों को लेकर पांचवें चरण की चार सीटों पर चुनाव प्रचार पूरे रौ में है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की तीन लोकसभा क्षेत्रों में होने वाली जनसभाएं रद कर दी गई हैं। कोडरमा, रांची और खूंटी संसदीय क्षेत्रों में होने वाली इन सभाओं के जरिये मतदाताओं को साधने की उनकी कोशिश पूरी नहीं हो सकी। इसके पीछे खराब मौसम को वजह बताया गया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि खराब मौसम और हवाई यात्रा में कठिनाई के कारण मुझे अपनी झारखंड में तीन जनसभाएं रद्द करनी पड़ीं हैं। मैं इस खराब मौसम में सभी की कुशलता की कामना करता हूं।
बता दें कि फानी चक्रवाती तूफान के कारण झारखंड के कई हिस्सों में मौसम खराब हो गया है। यहां लगातार बारिश हो रही है। ओडिशा से सटे होने के कारण झारखंड में इसका व्यापक असर देखने को मिल रहा है। अमित शाह को सवा बारह बजे कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के प्रखंड मैदान पर पहली रैली को संबोधित करना था, इसके बाद वह दो बजकर 15 मिनट पर खूंटी के कचहरी मैदान और तीसरी जनसभा रांची लोकसभा क्षेत्र में करने वाले थे। ऐसे में खराब मौसम के कारण शाह की तीनों रैलियां रद हो गईं हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप