अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर आडवाणी तक गांधीनगर से दर्ज कर चुके हैं जीत, जानें रोचक इतिहास
गांधीनगर लोकसभा सीट का इतिहास बेहद रोचक है। यहां से अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर आडवाणी तक अपनी जीत दर्ज कर चुके हैं।
नई दिल्ली [जागरण स्पेशल]। तीसरे चरण के लोकसभा चुनाव में गांधीनगर सीट पर सभी की निगाह है। इस सीट से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मैदान में हैं। उनका मुकाबला सीजे छावड़ा से है। शाह का यह पहला लोकसभा चुनाव भी है। 2014 के लोकसभा चुनाव में इस सीट से भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कांग्रेस के र्कीतिभाई इश्वरभाई पटेल को हराया था। इस सीट के इतिहास पर नजर डालें तो यहां से अब तक सबसे अधिक बार भाजपा जीती है। कहा जा सकता है कि यह सीट भाजपा का गढ़ बन चुकी है।
गांधी नगर सीट पर पहली बार 1967 में लोकसभा चुनाव हुआ था। उस वक्त यह सीट कांग्रेस के सोमचंदभाई सोलंकी के खाते में गई थी। वह यहां से लगातार 1971 और फिर 1977 में भी चुनाव जीते थे। इस सीट से जनता पार्टी के पुरुषोत्तम मावलंकर भी सांसद चुने गए थे जिन्हें 1980 में एक बार फिर कांग्रेस प्रत्याशी अमृत मोहनलाल पटेल के हाथों हार का मुंह देखना पड़ा था। पटेल 1984 में भी यहां से चुनाव जीते थे।
ये भी पढ़ें - Lok Sabha Election 2019 LIVE Updates: तीसरे चरण की 117 सीटों पर मतदान जारी, पीएम मोदी ने मां का आशीर्वाद लेकर डाला वोट
1989 में पहली बार इस सीट पर भाजपा ने खाता खोला था और शंकर सिंह वाघेला ने चुनाव जीतकर इतिहास रच दिया था। 1991 में इस सीट से लालकृष्ण आडवाणी ने जीत हासिल की। 1996 में अटल बिहारी वाजपेयी ने लखनऊ के अलावा गांधीनगर से भी पर्चा दाखिल किया था। दोनों ही जगह से उन्होंने जीत का स्वाद चखा था। लेकिन बाद में गांधीनगर की सीट छोड़ दी थी और लखनऊ से सांसद बने रहे थे। इसके बाद यहां पर हुए उप चुनाव में विजय पटेल ने अभिनेता और कांग्रेस प्रत्याशी राजेश खन्ना को हराकर इस सीट पर जीत हासिल की थी। 2014 के लोकसभा चुनाव में आडवाणी दोबारा से इस सीट से चुने गए।
2014 के लोकसभा चुनाव में यहां से 1,733,972 मतदाता थे। इनमें से 900,744 पुरुष और 833,228 महिलाएं थी। उस वक्त यहां करीब 65.49% मतदान हुआ था। इसमें 68.93 फीसद पुरुष और 61.76 फीसद महिलाएं शामिल थीं। 2014 में इस सीट से 18 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे थे। 2014 की ही बात करें तो उस वक्त यहां से जीत दर्ज करने वाले आडवाणी को करीब 773,539 मत प्राप्त हुए थे, जो कुल मतों का करीब 68.03 फीसद था। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी को 290,419 मत मिले थे जो कुल मतों का करीब 25.54 फीसद था। इस चुनाव में तीसरे नंबर पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी ऋतुराज को 19,966 मत प्राप्त हुए थे।
तीसरे चरण के लोकसभा चुनाव में इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा लगी दांव पर, जानें कौन कहां से प्रत्याशी