Lok Sabha Election 2019: गुरुजी की सियासी जमीन खोद गए झामुमो के बागी जयप्रकाश
जयप्रकाश ने दार्शनिक अंदाज में झामुमो से बगावत के कारण गिनाए। जय प्रकाश बोले कि दुमका के लिए शिबू सोरेन बाहरी हैं। उनका पैतृक घर नेमरा में है।
दुमका, जेएनएन। संताल परगना की दुमका लोकसभा सीट पर झामुमो के शिबू सोरेन की बादशाहत कायम है। भाजपा दुमका सीट को झामुमो से छीनने को बेताब है। भाजपा उम्मीदवार सुनील सोरेन के नामांकन में झामुमो के बागी विधायक जय प्रकाश पटेल आए। सुनील सोरेन की नामांकन सभा में सीएम के साथ आए झामुमो के बागी विधायक जय प्रकाश पटेल वंशवाद पर खूब गरजे।
जयप्रकाश ने दार्शनिक अंदाज में झामुमो से बगावत के कारण गिनाए। जय प्रकाश बोले कि दुमका के लिए शिबू सोरेन बाहरी हैं। उनका पैतृक घर नेमरा में है। खुद नेमरा से आकर दुमका में राजनीति कर रहे हैं और रघुवर दास को बाहरी कहते हैं। रघुवर दास का पूरा परिवार झारखंड में रच बस चुका है। जय प्रकाश ने जनता से सवाल किया कि क्या बाहर से आकर सोरेन परिवार दुमका में सियासत कर सकता है? भाजपा कार्यकर्ता जोर से बोले, नहीं। उन्होंने कहा कि जिस मकसद से गुरुजी, टेकलाल महतो और विनोद बिहारी महतो ने झामुमो को बनाया था, वह पूरा नहीं हुआ है। पूरा झामुमो एक व्यक्ति और एक परिवार तक सिमट कर रह गया है। झामुमो झारखंड प्राइवेट लिमिटेड बन कर रह गयी है। संताल परगना पर एक ही खानदान का कब्जा है।
हेमंत झारखंडी जनता को बेवकूफ समझे हैं क्याः हेमंत सोरेन को जय प्रकाश पटेल ने बेहद सरल तरीके से घेरने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि स्थानीयता नीति के मसले पर हेमंत सोरेन ने अर्जुन मुंडा की सरकार को गिरा दिया था। मुंडा की उस सरकार में हेमंत सोरेन उप मुख्यमंत्री थे। हेमंत सोरेन सीएम बने। जिस मसले पर भाजपा और झामुमो की सरकार गिराई थी, उस पर हेमंत ने निर्णय नहीं लिया। सफाई देते हैं कि उनकी सरकार को स्थानीयता नीति के निर्धारण का समय नहीं मिला। मुंडा सरकार को गिराने के समय हेमंत सोरेन जनता को दिखाना चाहते थे कि झामुमो के लिए स्थानीयता नीति सबसे बड़ा मसला है। खुद कुर्सी पर बैठ गए तो लोगों को बरगलाने में लग गए। जय प्रकाश ने कहा, झारखंडी जनता को बेवकूफ समझे हैं क्या? जय प्रकाश ने कहा कि रघुवर सरकार ने स्थानीयता नीति के निर्धारण का साहस दिखाया। जय प्रकाश ने कहा कि अगर व्यक्तिगत तौर पर बात करें तो वे गुरुजी का बहुत आदर करते हैं। सियासी नजरिए से दुमका के लोगों को सुनील सोरेन की जरुरत है। सुनील सोरेन विजयी होंगे तभी नरेंद्र मोदी भारत के प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि दारू और हंडिय़ा के फेर में गलत न करें। नामांकन सबा को भाजपा के संताल परगना सह प्रभारी रमेश हांसदा, पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल एवं सारठ विधानसभा प्रभारी रीता चौरसिया ने संबोधित किया। जिलाध्यक्ष जिलाध्यक्ष निवास मंडल ने नामांकन सभा का संचालन किया।
सुनील बोले कि हेमंत सोरेन गुरुजी के नालायक बेटाः भाजपा उम्मीदवार सुनील सोरेन ने कहा कि हेमंत सोरेन गुरुजी के नालायक बेटा है। लायक होते तो दिन रात माता पिता की सेवा करते। सिर्फ अपने राजनीतिक स्वार्थ को पूरा करने के लिए इस कड़ी धूप में शिबू सोरेन को इधर से उधर घूमा रहे है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन जल, जंगल और जमीन की रट लगाते हैं। सोरेन परिवार के पास सिर्फ साढ़े सात बीघा खतियानी जमीन है। अचानक सैकड़ों एकड़ जमीन के मालिक कैसे होग गए? हेमंत को जनता को जवाब देना चाहिए। सुनील सोरेन ने कहा कि शिबू सोरेन ने 40 साल में दुमका में कुछ नहीं किया। सिर्फ सदन में बोलते रहते तो दुमका के लोगों का कुछ न कुछ भला जरुर हो जाता।
दुमका में शिबू सोरेन ने कोई काम नहीं किया : समाज कल्याण मंत्री डॉ. लुईस मरांडी ने कहा कि सांसद के पास विकास फंड होता है। शिबू सोरेन ने दुमका में कोई काम नहीं किया। विधायक के पास सांसद से कम फंड होता है। फिर भी उन्होंने विधानसभा क्षेत्र को बदलने का प्रयास किया।