एक सुर में विपक्ष बोला-सारे Exit poll झूठे, BJP की बढ़त दिखाकर चैनल कर रहे कमाई
झारखंड में एग्जिट पोल पर खुलकर बोलने को तैयार नहीं विपक्षी पार्टियां कुछ बता रहे अवैज्ञानिक दावा-परिणाम आने के बाद ध्वस्त होगी भविष्यवाणी।
रांची, राज्य ब्यूरो। लोकसभा चुनाव के परिणामों को लेकर जारी एक्जिट पोल से विपक्षी दल इत्तफाक नहीं रखते। लिहाजा ज्यादा दलों के नेता इसपर फिलहाल बोलने से कतरा रहे हैं। राज्य की विपक्षी पार्टियों खासकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने चुप्पी साध रखी है। पार्टी के रणनीतिकार इसपर ज्यादा नहीं बोलना चाहते हैं। उनका कहना है कि यह अवैज्ञानिक है और रिजल्ट के बाद ही इसपर कुछ बोलने की स्थिति में होंगे।
झामुमो महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य का दावा है कि झारखंड के संबंध में सारे के सारे एक्जिट पोल कहीं से तार्किक नहीं दिखते। विपक्ष यहां 2004 का चुनाव परिणाम दोहराने की स्थिति में है। गौरतलब है कि उस चुनाव में भाजपा की करारी शिकस्त हुई थी। दुमका को लेकर भाजपा के दावे की भी उन्होंने खिल्ली उड़ाई। कहा, वे चाहे जितना दावा कर लें लेकिन सच्चाई से मुंह नहीं मोड़ सकते।
दुमका में झामुमो की जीत पक्की है। विपक्षी महागठबंधन 14 में से 10 सीटों पर हर हाल में जीत हासिल करेगा। उनकी आशंका ईवीएम को लेकर भी है। कहा, कई जगहों पर देश में ईवीएम पकड़े जा रहे हैं। इसे देखते हुए हमने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया है कि वे स्ट्रांग रूम की सख्त निगरानी करें।
कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राजेश ठाकुर के मुताबिक एक्जिट पोल पर ज्यादा बोलने की आवश्यकता नहीं है। यह अवैज्ञानिक तरीके से तैयार किया गया प्रतीत होता है। चुनाव परिणाम का इंतजार करना चाहिए। एक्जिट पोल के अनुमान से जो ज्यादा खुश हैं उन्हें परिणाम के दिन सच्चाई का आभास हो जाएगा।
सत्यता पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने उठाए सवाल
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने आरोप लगाया है कि टीवी पर एक्जिट पोल में भाजपा को बढ़त दिखाकर बड़े पैमाने पर कमाई की गई है। सभी चैनलों पर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाते हुए दिखाया गया और इसके बाद शेयर बाजार में उछाल का लाभ उठाकर पैसे की वसूली भी कर ली गई। भाजपा ने चुनाव में जितना पैसा लगाया था, उतनी कमाई हो गई। उन्होंने एक्जिट पोल को झूठ करार दिया।
सहाय ने कहा कि झारखंड में महागठबंधन को किसी चैनल ने दो सीट, किसी ने चार, किसी ने छह, किसी ने आठ सीट जीतते हुए बताया है। हम किसे सच मानें? झारखंड में महागठबंधन दो सीटों पर कड़े मुकाबले में है जबकि 12 सीट हम जीतने जा रहे हैं। लोकसभा के चुनाव में महागठबंधन में जो भी कमी रही है उसे आने वाले विधानसभा चुनाव में दूर किया जाएगा। उन्होंने स्वीकार किया कि संयुक्त रूप से कैंपेन में देर हुई। 23 मई का इंतजार है जब झूठ का पर्दाफाश होगा।
आजसू का दावा, सभी सीटें जीतेगा एनडीए
लोकसभा चुनाव में भाजपा के साथ कदम ताल करने वाली आजसू पार्टी ने दावा किया है कि राज्य की समृद्धि के लिए यहां की जनता ने 13 फूल और एक फल का खुलकर साथ दिया है। यूपीए के पास बिना ड्राइवर की गाड़ी थी, जब मतदाताओं को पता चला, वे एनडीए में शिफ्ट कर गए। मंगलवार को मीडिया से मुखातिब पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता देवशरण भगत ने दावा कि गिरिडीह लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है।
उन्होंने यहां तक दावा कि आजसू को उसकी हिस्सेदारी मिलेगी और वह राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगा। एनडीए जहां इस चुनाव में जहां बढ़कर हिस्सा लेता रहा, वहीं यूपीए का वक्त नेता की तलाश में ही बीत गया। मुद्दा के नाम पर उसके पास सिर्फ मोदी थे। एक्जिट पोल में दिखाई गई एनडीए की बढ़त इस बार कई सफलता के कई नए आयाम गढ़ेगी।
यह भी पढ़ें : Ranchi Lok Sabha Election Result: रांची में कौन होगा विनर
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप