Lok Sabha Election 2019: हेमंत बोले, देश का भविष्य तय करेगा यह चुनाव
Lok Sabha Election 2019. रांची के कांग्रेस प्रत्याशी सुबोधकांत सहाय के पक्ष में हेमंत सोरेन ने सोनाहातू में चुनावी सभा कर वोट मांगा।
रांची, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019 - पूर्व मुख्यमंत्री सह प्रतिपक्ष के नेता हेमंत सोरेन ने कहा कि लोकसभा का यह चुनाव देश भविष्य तय करेगा। मोदी-रघुवर सरकार के कार्यकाल में आदिवासी, दलित, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ों के अधिकार का सबसे ज्यादा हनन हुआ है। इससे देश का तो नहीं, भाजपा का जरूर भला हुआ है। सोरेन बुधवार को सोनाहातू प्रखंड के लांदुपडीह गांव में महागठबंधन के द्वारा आयोजित विशाल चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि दलाल-बिचौलियों का बाजार गर्म है। सरकार यहां के लोगों को विस्थापित करना चाहती है। धन-बल के मद में चूर मोदी सरकार सभी संस्थाओं को अपने कब्जे में करना चाह रही है। महागठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी सुबोधकांत सहाय ने कहा कि भाजपा की सरकार ने लोगों को आज तक सिर्फ ठगने का काम किया है। किसानों की आमदनी तो नहीं बढ़ी, लेकिन आत्महत्या करने वालों की संख्या जरूर बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि जब-जब आपने मुझे जिताया है, हमने सरकार बनाई है। तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा ने कहा कि यह तो ट्रेलर है। विधानसभा चुनाव में भाजपा-आजसू की सरकार को उखाड़ फेंकने की जरूरत है। सभा को झामुमो के पूर्व विधायक अमित महतो, कांग्रेस के पूर्व विधायक केशव महतो कमलेश आदि ने संबोधित किया।