Lok Sabha Election 2019: हजारीबाग में बोले भूपेंद्र, उत्साह बता रहा है परिणाम क्या होगा
Lok Sabha Election 2019. हजारीबाग के नगर भवन में भाजपा के संकल्प दिवस में शामिल पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि झारखंड की सभी सीटों पर जीत हासिल करेंगे।
हजारीबाग, जासं। भाजपा के संकल्प दिवस पर हजारीबाग के नगर भवन पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री सह कार्यक्रम प्रभारी भूपेंद्र यादव ने झारखंड में सभी सीटों पर पार्टी की जीत का दावा किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपका उत्साह बता रहा है कि आने वाला परिणाम क्या होगा। 2014 में जिस विश्वास के साथ जनता ने सत्ता सौंपी थी सरकार उसपर खरा उतरी है।
घर-घर शौचालय बनाने का काम सरकार ने किया। बैंकों में गरीबों के खाते खोल गए। गरीबों को गैस सिलेंडर दिया गया। साथ ही आयुष्मान योजना शुरू की गई। गरीबों व वंचित वर्ग की अपेक्षाएं पर सरकार खरा उतरी। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार का बोलबाला था। एक रुपये में गरीबों तक सिर्फ 15 पैसे पहुंच पाते थे। लेकिन अब स्थितियां काफी बदल गई हैं।
उन्होंने कहा कि आज सुशासन है। 2019 में भी भाजपा की सरकार बनेगी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। वही कार्यक्रम को लोकसभा प्रभारी प्रदीप वर्मा, राकेश प्रसाद व सदर विधायक मनीष जायसवाल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष टुन्नू गोप समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।