Jharkhand Exit Poll 2019: CM रघुवर दास ने कहा-13 सीटों पर जीत तय, एक पर कांटे की लड़ाई
Raghubar Das Eager on Jharkhand Exit Poll 2019. झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि दुमका सीट 200 प्रतिशत जीतेंगे। गुरुजी शिबू सोरने इस बार लोकसभा चुनाव हार रहे हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Chief Minister Raghubar Das eager on Jharkhand Exit Poll 2019 - मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड में 13 सीटों पर एनडीए गठबंधन की जीत को तय बताया है। वहीं, एक सीट राजमहल पर कांटे की लड़ाई की बात कही है। सोमवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि 13 सीटों पर कोई दाग नहीं है, साफगोई से स्वीकारा कि राजमहल में नेक टू नेक मुकाबला है।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वहां से जो फीड बैक हमें मिल रहा है उसके आधार पर हम यह मान रहे हैं कि वहां भी पांच से दस हजार वोटों के अंतर से भाजपा चुनाव जीतेगी। मुख्यमंत्री ने दुमका व कोडरमा में आश्चर्यजनक परिणाम आने की बात कही। दावा किया कि गुरुजी 200 प्रतिशत चुनाव हार रहे हैं। हम दो, हमारे दो जैसा तंज भी कसा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर मुसलमान लाभुक परिवारों ने भी मोदी सरकार में आस्था व्यक्त की है। 10-15 फीसद मुस्लिम समाज का वोट भाजपा को मिला है, जिसके आधार पर हम कह सकते हैं कि राजमहल में भी हम 5-10 हजार वोटों के अंतर से जीत हासिल करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक्जिट पोल के आधार पर कहा कि जो रुझान आ रहे हैं उससे स्पष्ट हो रहा है कि देश की जनता एक बार फिर मजबूत सरकार बनाने जा रही है। फिर एक बार मोदी सरकार आ रही है।
झारखंड के एक्जिट पोल के संदर्भ में सीएम ने कहा कि कुछ हमें 12 से 14 सीटें दे रहे हैं, तो कुछ आठ। इस पर मत जाइए, ट्रेंड देखिए। सीएम ने कहा कि सत्ताधारी पार्टी के पांच साल पूरा करने के बाद लोगों का विश्वास शासन पर बना हुआ है। जनता समझ चुकी है क्या हमारे हित में है। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल सहित सभी अन्य राज्यों में लोगों ने जातिवाद, हिंसावाद, संप्रदायवाद से ऊपर उठकर वोट दिया है।
जीत पर विधिवत 23 मई को मुहर लगेगी। उन्होंने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। कहा, जनता ने कांग्रेस पार्टी के नापाक गठबंधन को नकारा है। लोगों ने देश में मजबूत व निर्णय लेने वाली सरकार के लिए मतदान किया है, उस सभी का आभार।
विपक्ष को जनमत का आदर करना चाहिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ही नहीं सारा विपक्ष अपनी हार मान चुका है। विपक्ष में अब मंथन इस बात पर चल रहा है कि विपक्ष का नेता कौन होगा। बैठक की तैयारी हो रही है। एक्जिट पोल का ट्रेंड यह बता रहा है कि एक बार फिर मोदी सरकार आ रही है। विपक्ष को जनमत का आदर करना चाहिए।
लोकतंत्र में मजबूत विपक्ष भी होना चाहिए। राहुल विपक्ष का नेतृत्व करें। तेजस्वी या दिग्विजय सिंह के वोट न डालने पर कहा कि लोकतंत्र में एक-एक वोट की अहमियत होती है। अटल जी की सरकार एक वोट से गिर गई थी। तेजस्वी या दिग्विजय सिंह इसे समझ लें नहीं तो जनता समझा देगी।
विधानसभा चुनाव में भी नमो के नेतृत्व में लड़ेगी भाजपा
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने स्पष्ट संकेत दिया कि झारखंड में इसी वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव भी भाजपा नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही लड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि चाहे देश का चुनाव हो या राज्य का, नेतृत्व एक बड़ा फैक्टर होता है। देश की जनता का विश्वास मोदी सरकार ने प्राप्त किया है। करोड़ों देशवासी मानते हैं कि यही नेतृत्व देश बदल सकता है। हमारे नेता मोदी जी है, वे भारतीय राजनीति के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप