Lok Sabha Election 2019: 5वें चरण के लिए BJP ने बनाई आक्रामक प्रचार की रणनीति
Lok Sabha Election 2019. अमित शाह तीन को करेंगे रांची खूंटी और कोडरमा में जनसभा। 5वें चरण के प्रचार में पीयूष गोयल हेमा मालिनी व भूपेंद्र यादव सहित कई स्टार प्रचारक आ रहे हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। Lok Sabha Election 2019 - झारखंड में दूसरे चरण के चुनाव के लिए भाजपा ने आक्रामक प्रचार की रणनीति तैयार की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोमवार को जमुआ में हुई विजय संकल्प रैली से इसका आगाज हो चुका है। दूसरे चरण का प्रचार थमने से पूर्व भाजपा के कई दिग्गज रांची, खूंटी, हजारीबाग व कोडरमा में जनसभा करेंगे। वहीं, पांच मई को प्रधानमंत्री की चाईबासा में होने वाली रैली से दूसरे चरण के मतदान के लिए माहौल बनाया जाएगा।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह तीन मई को रांची, खूंटी व कोडरमा में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभा करेंगे। इससे पूर्व भाजपा की स्टार प्रचारक हेमामालिनी एक मई को रांची, खिजरी और खूंटी में सभा करेंगी। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी एक मई को ही रांची पहुंचेंगे। वे धनबाद में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा करने के साथ-साथ वहां के बुद्धिजीवियों के साथ बैठक भी करेंगे। देर शाम रांची में मीडिया से भी मुखातिब होंगे। झारखंड भाजपा के सह प्रभारी राम विचार नेताम तो पिछले दो दिनों से झारखंड में कैंप किए हुए हैं।
15 को प्रधानमंत्री संताल में करेंगे जनसभा!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड में प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के लिए 15 मई को एक बार फिर आएंगे। वे गोड्डा या दुमका में जनसभा कर सकते हैं। हालांकि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पांच मई को चाईबासा की रैली के बाद झारखंड में उनका अधिकृत कार्यक्रम तय होगा।
छत्तीसगढ़ के भाजपाई करेंगे चुनाव संपन्न होने तक कैंप
चौथे चरण के मतदान के साथ ही छत्तीसगढ़ में चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो गई है। छत्तीसगढ़ की टीम वहां के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के नेतृत्व में रांची पहुंच चुकी है। कौशिक के साथ छत्तीसगढ़ के गृह निर्माण मंडल के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी तथा छत्तीसगढ़ के कई भाजपा विधायक और वरिष्ठ नेता रांची में चुनाव के दौरान प्रवास करेंगे। वे एक मई को धनबाद में कई स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। इनके अलावा केंद्रीय राज्य मंत्री विष्णु देव साय व वनौषधि पादप बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष राम प्रताप सिंह खूंटी लोकसभा क्षेत्र में प्रवास पर रहेंगे। वहीं, छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव व विशेष आमंत्रित सदस्य ओपी चौधरी रांची संसदीय क्षेत्र में चुनाव प्रचार की कामन संभालेंगे।
पहले चरण में पीछे छूटी कांग्रेस ने दूसरे चरण में उतारी स्टार प्रचारकों की फौज
स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारने में पहले चरण में पीछे रही कांग्रेस ने झारखंड के दूसरे चरण में स्टार प्रचारकों की फौज उतार दी है। अभी से चुनाव तक नेताओं का आना-जाना लगा रहेगा। शुरुआत अनिल शास्त्री और नवजोत सिंह सिद्धू से हुई है तो आनेवाले दिनों में शत्रुघ्न सिन्हा और राहुल गांधी भी पहुंचेंगे। इनके अलावा प्रदेश कांग्रेस के कई नेता तमाम कार्यक्रमों में शरीक होंगे। इसके पूर्व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और गुजरात के युवा नेता हार्दिक पटेल भी कांग्रेस उम्मीदवारों का प्रचार कर लौट चुके हैं।
झारखंड में पहले चरण के चुनाव में केंद्र से सीनियर नेताओं के आने की सूचना तो जरूर थी लेकिन अंतिम समय तक सिर्फ तारिक अनवर पहुंच सके थे। उन्हें चतरा और पलामू में प्रचार के लिए उतारा गया था। इसके बाद दूसरे चरण में नेताओं के आने को लेकर संशय बना हुआ था। कांग्रेस के कुछ नेताओं ने तो प्रियंका गांधी तक के आने की बात कही थी लेकिन अभी तक कोई कार्यक्रम नहीं आया है। अब जाकर राहुल गांधी, शत्रुघ्न सिन्हा, अनिल शास्त्री, नवजोत सिंह सिद्धू आदि नेताओं के कार्यक्रम तय हुए हैं। इन नेताओं के कार्यक्रम से कांग्रेस बहुत उम्मीदें रख रही है।