Lok Sabha Election 2019: अभी से NYAY का फाॅर्म बांट रही कांग्रेस, आयोग के दर पर भाजपा
Lok Sabha Election 2019. भाजपा ने चुनाव आयोग में प्रदेश कांग्रेस कमेटी पर मतदाताओं को प्रलोभन देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Lok Sabha Election 2019 - कांग्रेस की न्याय योजना पर बहस के साथ-साथ विवाद भी शुरू हो गया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने अपनी योजना का फार्म भरवाकर लोगों को 72 हजार की प्राप्ति रसीद भी देनी शुरू कर दी है। पार्टी ने इसे चुनाव आयोग के स्थापित मापदंडों का उल्लंघन बताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ-साथ झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से इसकी लिखित शिकायत की है।
भाजपा के चुनाव आयोग संपर्क विभाग के संयोजक शिव कुमार शर्मा ने आयोग से अनुरोध किया है कि फार्म भरवाने की प्रक्रिया पर अविलंब रोक लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाए। आयोग को भेजे गए पत्र में भाजपा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी चुनाव के वक्त मतदाताओं को प्रलोभन देकर अपने पक्ष में प्रभावित करने का प्रयत्न कर रही है।
यह फार्म प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सौजन्य से सुभाष प्रिंटिंग प्रेस, रांची में छपवाया गया है। चुनाव आयोग की बिना अनुमति के इस प्रकार का फार्म भरवाना चुनाव आचार संहिता का घोर उल्लंघन है। इधर, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस देश की जागरूक जनता को मूर्ख बनाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेसी गांव-गांव घूमकर कह रहे हैं कि इस फार्म को भरिए और तुरंत आपको 72 हजार की राशि दी जाएगी। चुनाव आयोग को इस मामले में संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
कांग्रेस बोली- भ्रम में है भाजपा, हम अपना घोषणापत्र बांट रहे
कांग्रेस के प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि भ्रम में भाजपा अनर्गल बयानबाजी कर रही है। कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में जिन बातों का जिक्र किया था उसी से संबंधित पर्चे बांटे जा रहे हैं।