Lok Sabha Election 2019: तस्वीरों में जिंदा है इंदिरा गांधी की स्मृति, जनसभा से पहले बासुकीनाथ में नवाया था शीश
जरमुंडी विधानसभा के पूर्व विधायक स्व. श्रीकांत झा के आग्रह पर वे बासुकीनाथ आईं थीं। बासुकीनाथ मंदिर में इंदिरा गांधी ने पूजा-अर्चना किया था व पण्डा जी के बही में दस्तखत भी किया था।
बासुकीनाथ, रूपेश झा लाली। देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने 12 नवंबर 1979 को जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक आम सभा को संबोधित किया था। इसके पूर्व उन्होंने बासुकीनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा बासुकीनाथ, माता पार्वती व अन्य मंदिरों में विधिवत पूजा अर्चना की थी।
जरमुंडी विधानसभा के पूर्व विधायक स्व. श्रीकांत झा के आग्रह पर वे बासुकीनाथ आईं थीं। बासुकीनाथ मंदिर में इंदिरा गांधी ने पूजा-अर्चना किया था व पण्डा जी के बही में दस्तखत भी किया था। इंदिरा गांधी ने अपना हस्ताक्षर भी एक कॉपी में करके पूर्व विधायक स्व. श्रीकांत झा को दिया था। यह कॉपी आज भी स्व. श्रीकांत झा के पौत्र सह कांग्रेसी नेता डॉ. अमित कुमार झा के पास है।
डॉ. अमित झा ने बताया उनके बाबा बताते हैं कि इंदिरा गांधी उस समय बहुत व्यस्त रहतीं थीं, इसके बावजूद भी वे बासुकीनाथ आने के लिए तैयार हो गईं थीं। इंदिरा गांधी के आगमन के समय उनके साथ स्थानीय वरीय अधिवक्ता सह कांग्रेस पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष विष्णुकांत झा, किशोर झा, तपस्वी पांडेय, ढ़ीबू झा, शिवकांत मिश्रा, तेजनारायण पत्रलेख, अशोक राय सहित देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ सहित आसपास के जिलों से आए कांग्रेसी मौजूद थे। जरमुंडी विधानसभा के पूर्व विधायक सह बासुकीनाथ निवासी स्व. श्रीकांत झा ने पहली बार वर्ष 1962-1967, दूसरी बार 1969-1972 एवं तीसरी बार 1972 -1977 तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। श्रीकांत ही तीन बार विधायक रहे हैं।