लोकसभा चुनाव: महागठबंधन में फंसा HAM का पेच, पांच सीटों की मांग पर अड़े मांझी
लोकसभा चुनाव में महागठबंधन की राह आसान नहीं दिख रही। महागठबंधन में हम सुप्रीमो जीतनराम मांझी पांच सीटों की मांग पर अड़ गए हैं।
पटना [राज्य ब्यूरो]। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) की अधिक सीटों की मांग अब तक ठंडी नहीं पड़ी है। दिल्ली में महागठबंधन की बैठक में हम प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी लगातार राजद और कांग्रेस के बाद अन्य सहयोगियों से कम-से-कम एक अधिक की सीट की मांग पर अड़े रहे हैं। उनका यह प्रयास जारी है।
सूत्रों ने बताया कि महागठबंधन की बैठक में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को तीन सीटें देने पर सहमति बनी है। मांझी की मांग है कि उन्हें कम से कम दो और सीटें दी जाएं। इसके साथ ही उन्होंने महागठबंधन को यह भी साफ कर दिया है कि दो अन्य सीटों पर हम के नेता ही चुनाव मैदान में उतरेंगे। सीटों के साथ प्रत्याशी किसी भी हाल में स्वीकार नहीं हैं।
मांझी के दल को महागठबंधन ने गया, औरंगाबाद के साथ ही नालंदा सीट देने का फैसला किया है। बताया जाता है कि गया सीट पर मांझी खुद चुनाव मैदान में होंगे, जबकि नालंदा सीट पर लोजपा से आयातित एक पुराने नेता को उतारा जा सकता है। औरंगाबाद की सीट पर मांझी के पुराने मित्र को प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा है। हालांकि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बीएल बैश्यंत्री कहते हैं कि अब तक कुछ भी तय नहीं हुआ है। खिचड़ी अब तक पक रही है। उन्होंने दावा किया कि सोमवार की रात तक सबकुछ तय हो जाएगा और संभावना है कि मंगलवार को महागठबंधन के सहयोगी दलों को आवंटित सीटों का एलान कर दिया जाएगा।