भाजपा में शामिल हुए बीजद के पूर्व सांसद बैजयंत पांडा
Baijayant Jay Panda. बीजू जनता दल के पूर्व सांसद बैजयंत पांडा सोमवार को भाजपा में शामिल हो गए हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र/आइएएनएस। ओडिशा के पंचायत चुनावों में दूसरे स्थान पर काबिज होने वाली भाजपा की राजनीतिक उम्मीदों को दिग्गज राजनीतिज्ञ और सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के पूर्व सांसद बैजयंत जय पांडा का साथ मिल गया है। चार बार संसद सदस्य रहे जय पांडा ने सोमवार को नई दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान तथा जुएल उरांव की उपस्थिति में पार्टी मुख्यालय में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
पांडा बीजद के संस्थापक सदस्यों में रहे हैं। भाजपा को विश्वास है कि जय पांडा के साथ से लोकसभा और विधानसभा चुनावों में उसे ओडिशा में लाभ होगा। राज्य में लोकसभा के साथ ही विधानसभा चुनाव भी संभावित हैं। पांडा दो बार केंद्रपाड़ा लोकसभा सीट से लोकसभा सदस्य रहे, जबकि दो बार उन्होंने राज्यसभा में अपने राज्य का प्रतिनिधित्व किया।
बीजद प्रमुख व प्रदेश के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ मतभेद के क्रम में उन्हें 24 जनवरी 2018 को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निलंबित कर दिया गया। बीजद को शक था कि पांडा भाजपा के करीबी हो गए हैं। बीजद ने उन पर मनी लांड्रिंग का भी आरोप लगाया था। मई 2018 में पांडा ने पहले पार्टी और दो सप्ताह बाद ही लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। राजनीति में आने से पहले पांडा कारपोरेट सेक्टर में काम करते थे।
गौरतलब है कि ओडिशा भाजपा के लिए वरीयता वाला प्रदेश है। वर्ष 2017 के पंचायत चुनावों में कांग्रेस को तीसरे नंबर पर धकेलती हुई भाजपा दूसरे नंबर पर काबिज हो गई थी। हालांकि, वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को केवल एक सुंदरगढ़ सीट पर ही जीत मिली थी। 20 सीटें बीजद के खाते में चली गई थीं।