Lok Sabha Election 2019 : खूंटी लोकसभा क्षेत्र के खरसावां विस इलाके में रिकार्ड वोटिंग
Lok Sabha Election 2019. खूंटी लोकसभा क्षेत्र के खरसावां इलाके में रिकार्ड वोटिंग हुई। यहां वोटरों ने बढ़-चढ़कर वोट डाले।
जमशेदपुरए जेएनएन। खूंटी संसदीय क्षेत्र के खरसावां विधानसभा क्षेत्र में मतदान एक घंटे विलंब से शुरू हुआ। यहां दर्जन भर से अधिक बूथों पर ईवीएम की खराबी की वजह से मतदाताओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। खरसावां के खेलारीसाई बूथ पर एक मतदाता खड़े-खड़े चकरा कर गिर गया। बूथों के प्रेसाइडिंग अधिकारी फोन पर फोन कर रहे थे लेकिन, कोई सुनने वाला नहीं था। बाद में उपायुक्त को फोन किया गया तब जाकर बूथों पर इंजीनियर पहुंचे और ईवीएम ठीक की गई। खरसावां क्षेत्र में दोपहर एक बजे तक 49 फीसद वोटिंग हुई।तीन बजे तक 69 फीसद मतदान हुआ।
ईवीएम ठीक होने के बाद यहां बंपर मतदान शुरू हुआ। इस इलाके का बूथ नंबर 171, 172, 164, 264 आदि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की खचाखच भीड़ थी। इनमें सबसे अधिक महिला मतदाताओं की संख्या थी। सुबह 11.00 बजे तक 33 फीसदी मतदान हो गया था। खरसावां के खेलारीसाई बूथ पर पौने सात बजे मतदाताओं की लंबी कतार लग गई थी। प्रेसाइडिंग अफसर जवाहरलाल सिंह मुंडा ने मॉक पोल कर लिया था। लेकिन, जब मतदान शुरू हुआ तो पता चला कि मशीन खराब है। इस पर मतदान अधिकारी ने बीडीओ को फोन किया। तकरीबन एक घंटे बाद ईवीएम ठीक होने पर 8.09 बजे मतदान शुरू हुआ। इस बूथ पर मतदाताओं की लंबी कतार लगी हुई थी।
अर्जुन मुंडा व उनकी पत्नी ने डाले वोट
खूंटी संसदीय क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार अर्जुन मुंडा और उनकी पत्नी मीरा मुंडा ने खरसावां विधानसभा क्षेत्र के खेलारीसाई बूथ पर अपना वोट डाला। उन्हें सुबह सात बजे ही वोट डालना था। लेकिन, इस बूथ की ईवीएम खराब होने से वो साढ़े आठ बजे वोट डालने पहुंचे। अर्जुन मुंडा और उनकी पत्नी मीरा मुंडा लाइन में लगे और अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि खूंटी संसदीय क्षेत्र की जनता उन्हें जिताना चाहती है। वो मतदान के लिए उमड़ पड़ी है। वो भारी मतों से चुनाव जीतेंगे। जीतने के बाद उन्होंने इस संसदीय क्षेत्र का विकास करने की बात कही। उन्होंने कहा कि वो चाहते हैं कि आदिवासी मूलवासी संवैधानिक तौर से सशक्त हों और क्षेत्र का विकास हो।
खूंटी लोकसभा क्षेत्र के कुचाई के सुदूर इलाके में उत्क्रमित उच्च विद्यालय कृष्णापुर बूथ संख्या 140 पर मतदान के लिए लगी लंबी कतार।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप