बिना परमिशन शाह के लिए लगा दिए होर्डिंग और बैनर, चुनाव आयोग ने मांगा ये जवाब
अमित शाह की रैली के लिए शहर में होर्डिंग और बैनर लगाने पर चुनाव आयोग ने सख्ती दिखाई है। उन्होंने करनाल भाजपा प्रत्याशी संजय भाटिया से जवाब मांगा है।
पानीपत, जेएनएन। भाजपा नेताओं ने अमित शाह की रैली की परमिशन लेकर पूरे शहर को अवैध रूप से होर्डिंग और बैनरों से पाट दिया। चुनाव आयोग ने मामले को गंभीरता के साथ लेते हुए भाजपा प्रत्याशी संजय भाटिया को नोटिस जारी किया है। सोमवार शाम 3 बजे तक का समय जवाब देने के लिए दिया है।
अनाज मंडी में रविवार को करनाल लोकसभा प्रत्याशी संजय भाटिया के समर्थन में रैली थी। भाजपा ने इस रैली के लिए पानीपत शहरी विधानसभा की आरओ एडीसी प्रीति से इसकी परमिशन ली थी। रविवार सुबह पूरे शहर में भाजपा के होर्डिंग, बैनर, लड़ी और झंडे लगा दिए गए। इसकी परमिशन नहीं थी।
वीडियो रिकॉर्डिंग कराई गई
आरओ के आदेश पर इसकी वीडियो होर्डिंग कराई गई है। आरओ ने रविवार को ही छुट्टी के दिन इस मामले में कार्रवाई करते हुए भाजपा प्रत्याशी संजय भाटिया को नोटिस जारी किया है। यह चुनाव आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।
इस तरह का नहीं मिला कोई नोटिस: भाजपा
निर्धारित अवधि में जवाब न देने पर इसे आचार संहिता का उल्लंघन माना जाएगा। आरओ ने कहा इसके बाद प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 और प्रॉपर्टी एक्ट 1989 के तहत कार्रवाई की जाएगी। भाजपा के मीडिया प्रभारी का कहना है कि इस तरह कोई नोटिस नहीं आया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप