Move to Jagran APP

Lok Sabha Election 2019: गोड्डा में विकास का बहुत शोर, महागठबंधन का भी जोर

देवघर में एम्स और हवाईअड्डा बन रहा है। जल संकट और सिंचाई के लिए सुंदरडैम (राजाभिट्टा) और कहलगांव से गंगा का पानी लाने की योजना पर काम हो रहा है।

By mritunjayEdited By: Published: Wed, 15 May 2019 07:51 AM (IST)Updated: Sat, 18 May 2019 05:48 AM (IST)
Lok Sabha Election 2019: गोड्डा में विकास का बहुत शोर, महागठबंधन का भी जोर

गोड्डा, मृत्युंजय पाठक। कझिया नदी पर गोड्डा-महगामा सड़क को जोडऩे वाला पुल। इसके ऊपर चढ़ कर देखिए तो जहां तक दिखाई देता है पानी कहीं नहीं दिखता। नदी की पेटी पूरी तरह सूख चुकी है। यह देख आप अंदाजा नहीं लगा सकते कि बरसाती नदी कझिया की धारा किस दिशा में बहती होगी। कुछ ऐसा ही हाल गोड्डा लोकसभा क्षेत्र का है। यहां विकास का बहुत शोर है, लेकिन चुनावी समीकरण का इतना जोर है कि वोटों की लहर गिनना मुश्किल है।

loksabha election banner

निशिकांत और प्रदीप में कांटे की टक्करः कारगिल चौक पर सुबह-सुबह वनोत्पाद आइटम का बाजार सजता है। केर, दातुन, चिरैता, झाड़ू, पत्तल वगैरह-वगैरह लेकर यहां आदिवासी पहुंचते हैं। बाजार में सरकारी राजस्व वसूली से जुड़े सद्दाम हुसैन से सवाल किया जाता है कि गोड्डा का अगला सांसद कौन होगा-वर्तमान सांसद भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे या झाविमो (महागठबंधन) के प्रत्याशी प्रदीप यादव? सद्दाम कहते हैं-मामाश्री (निशिकांत) और चाचाश्री (प्रदीप) के बीच कांटे की टक्कर है। इसलिए हार-जीत के सवाल पर कुछ नहीं बोल सकते। कहा-मामाश्री ने काम किया है। देवघर में एम्स और हवाईअड्डा बन रहा है। जल संकट और सिंचाई के लिए सुंदरडैम (राजाभिट्टा) और कहलगांव से गंगा का पानी लाने की योजना पर काम हो रहा है। गोड्डा में मुस्लिम मतदाताओं की अच्छी तादाद है। सद्दाम का कहना है कि उनका मत महागठबंधन प्रत्याशी को मिलेगा।

जातीय और धार्मिक खाने में बंटे मतदाताः गोड्डा लोकसभा के तहत गोड्डा जिले की गोड्डा, महगामा और पोड़ैयाहाट, दुमका जिले की जरमुंडी तथा देवघर जिले की देवघर और मधुपुर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। इन छह विधानसभा क्षेत्रों में आप घूम-घूम कर लोगों से मिलकर पूछ लीजिए-जातीय, सामाजिक और धार्मिक विभाजन की तस्वीर साफ दिखाई देती है। यादव, मुस्लिम और आदिवासी का बहुमत महागठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में दिखता है। गोड्डा बस स्टैंड के द्वार पर चाय दुकान लगाने वाले अर्जुन यादव साफ कहते हैं कि अबकी प्रदीप यादव की जीत होगी। झाविमो प्रत्याशी यादव पोड़ैयाहाट विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। क्षेत्र में झाविमो का जोर है। बालू कारोबार से जुड़े ब्लॉक चौक पर बैठे संजय यादव कहते हैं-प्रदीप यादव ही जीतेंगे। फुलवार गांव के बीच से ही नई हंसडीहा-गोड्डा रेल लाइन बिछ रही है, लेकिन गांव के ही बाबूराम सोरेन और दानियल सोरेन इस विकास कार्य से प्रभावित नहीं हैं। दोनों ने कहा, झाविमो को वोट देंगे। क्यों के सवाल पर जवाब दिया-हमलोग झामुमो के समर्थक हैं। झामुमो ने झाविमो को समर्थन दिया है। दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी का नाम और काम भी यहां खूब बोल रहा है। हवाही नगर, जमुआ मोड़ पर दिव्यांग सीताराम मिर्धा छोटी सी दुकान चलाते हैं। वे कहते हैं-देश का सवाल है। राष्ट्र को सर्वोपरि मानने वाले मोदीजी को और उनके काम को सब कोई पसंद कर रहे हैं। भाजपा को वोट करेंगे। 84 वर्षीय सरयू प्रसाद दास पोड़ैयाहाट के ब्लॉक चौक पर मिले। वोट के सवाल पर मुस्कुराते हुए बोल पड़े-सब जगह कमल फूल है। यह सुन बगल में तरबूज का ठेला लगाकर खड़े तिलेश्वर ने कहा-जो काम करेगा, उसका नाम होगा।

कट्टा, दुपट्टा और हथकंडा : कहते हैं कि प्यार, जंग और राजनीति में सब कुछ जायज है। गोड्डा में भी सबकुछ हो रहा है। चुनाव की तारीख की घोषणा होने के बाद से जितना उतार-चढ़ाव गोड्डा में हुआ झारखंड के किसी लोकसभा क्षेत्र में तो देखने को नहीं मिला। कांग्रेस ने यह सीट झाविमो के हवाले कर दी तो पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, उनके विधायक बेटे इरफान अंसारी ने यहां तक कह डाला कि संताल में महागठबंधन का सफाया हो जाएगा। कभी फुरकान तो कभी उनकी बेटी के चुनाव लडऩे की बात आई, लेकिन अब फुरकान और इरफान महागठबंधन के लिए प्रचार कर रहे हैं। यह अलग बात है कि ऊपर से या दिल से, दोनों जाने। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे पर कथित रूप से जानलेवा हमले की तैयारी और प्रदीप यादव पर महिला द्वारा यौन शोषण की शिकायत-कट्टा और दुपट्टा मुद्दा छाया हुआ है।

हैट्रिक की तैयारी बनाम महागठबंधन की चुनौती : गोड्डा में 13 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। अंतिम चरण में 19 मई को मतदान है। मुख्य मुकाबला भाजपा और झाविमो के बीच है। गोड्डा से भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे हैट्रिक की चाह में हैं। वे 2009 और 2014 में चुनाव जीत चुके हैं। उनके सामने 2014 में विपक्ष बिखरा हुआ था। अबकी महागठबंधन बनाकर विपक्ष लड़ रहा है। यही चुनौती है। झाविमो के प्रदीप यादव प्रत्याशी हैं। तब निशिकांत ने कांग्रेस के फुरकान अंसारी को 60,682 मतों के अंतर से पराजित किया था। अंसारी और झामुमो प्रत्याशी प्रदीप को मिले मतों को जोड़ दे तो 5,13,274 होता है। यह निशिकांत को मिले 380500 मत से 1,32,774 अधिक है। यह समीकरण की बात है।

गोड्डा में 2014 में वोट की स्थिति

  • पार्टी- प्राप्त मत
  • झाविमो 193456
  • भाजपा 380500
  • भाकपा माले 4344
  • कांग्रेस 319818
  • आजसू 10998

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.