LokSabha Election 2019: कबूतर उड़ाने वाली सरकार चाहिए या दुश्मन के घर में घुसकर मारने वाली' दिनेश शर्मा'
उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने सीतापुर में चुनावी रैली को संबोधित किया और भाजपा प्रत्याशी राजेशन वर्मा को वोट देने की अपील की।
सीतापुर, जेएनएन। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने जीआइसी मैदान पर जनसभा को संबोधित किया कि एक समय आतंकवादी देश में घुसकर हमला करते थे। सरकारें बदला नहीं ले पाती थीं। 26 जनवरी को लालकिले पर देश के प्रधानमंत्री कहते थे पाकिस्तान आइ लव यू और प्रेम का संदेश देने वाले कबूतर उड़ाते थे। एक आज की सरकार है जो दुश्मन के घर में घुसकर मारती है। आपको सोचना है कि कबूतर उड़ाने वाली सरकार चाहिए या फिर दुश्मन के घर में घुसकर मारने वाली? उन्होंने कहा कि बीते पांच वर्षों में बहुत कुछ बदल गया है। अगर गले मिलोगे तो गले मिलेंगे। अगर गला काटने का प्रयास करोगे तो घर में घुसकर मारेंगे और समाप्त कर देंगे।
उन्होंने कहा कि आज सशक्त भारत है, जिसका लोहा दुनिया मान रही है। पहले विदेशी यहां पर भीख मांग रहे युवा, बच्चों व महिलाओं तथा बुजुर्गों की फोटो खींचकर ले जाते थे। विदेशों में भिखारी भारत की तस्वीर दिखाते थे। आज भारत के युवाओं का डंका विश्व में बज रहा है। भारत के युवा कंप्यूटर व आधुनिक शिक्षा में इस कदर आगे हैं कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को कहना पड़ रहा है कि भारत के युवा रोजगार छीन रहे हैं। उन्होंने कहा कि मायावती कहती हैं कि उन्हें मुस्लिम वोट चाहिए। कांग्रेस के सिद्धू कहते हैं कि उन्हें मुस्लिम वोट चाहिए। हम कहते हैं कि हमको सभी की वोट चाहिए। सबका साथ-सबका विकास ही हमारा ध्येय है। इस मौके पर मंत्री अनुपमा जायसवाल, सांसद राजेश वर्मा, जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता, महामंत्री अचिन मेहरोत्रा, पूर्व विधायक किशोरी लाल आदि मौजूद थे।
मुस्लिम महिलाओं पर फोकस
चुनावी सभा में मुस्लिम महिलाएं भी आई थीं। कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान उस ओर खींचते हुए उपमुख्यमंत्री ने मुस्लिम महिलाओं को कई बार पुकारा और लोगों को जागरुक करने के लिए भी कहा।