Video: मतदान के बाद गरजे कन्हैया कुमार- बेगूसराय को बदनाम करने वालों, इस बार...
बिहार की पांच सीटों में हॉट सीट बेगूसराय में वामदल प्रत्याशी कन्हैया कुमार ने मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर हमला बोला।
पटना [जेएनएन]। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में सोमवार को हॉट सीट के रूप में चर्चित बेगूसराय से भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी (भाकपा) के वाम उम्मीदवार कन्हैया कुमार ने वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होेने कहा कि उन्हें अपनी जीत का पूरा भरोसा है। अब तो बस 23 मई को ही जीत-हार सबको पता चल जाएगा। बेगूसराय के लोग इस बार दल से नहीं, दिल से वोट कर रहे हैं।
कन्हैया ने किया ट्वीट-यह अधिकार बड़े संघर्षों के बाद हासिल हुआ है, वोट करें
वहीं, सोमवार की सुबह कन्हैया ने ट्वीट कर लोगों से अपील की है कि वोट डालना उनका अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है। अगर आप राजनीति में दिलचस्पी नहीं लेंगे तो नेताओं की भी आपके बुनियादी सवालों में दिलचस्पी नहीं रहेगी। वोट ज़रूर दीजिए क्योंकि देश की दशा-दिशा तय करने वाला यह अधिकार हमें बड़े संघर्षों की बदौलत हासिल हुआ है।
वोट डालना आपका अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है। अगर आप राजनीति में दिलचस्पी नहीं लेंगे तो नेताओं की भी आपके बुनियादी सवालों में दिलचस्पी नहीं रहेगी। वोट ज़रूर दीजिए क्योंकि देश की दशा-दिशा तय करने वाला यह अधिकार हमें बड़े संघर्षों की बदौलत हासिल हुआ है। 🙏 pic.twitter.com/C97PfF9e72
— Kanhaiya Kumar (@kanhaiyakumar) April 29, 2019
भाजपा पर साधा निशाना-इन लोगों की फितरत जनता जान गई है, लेगी बदला
कन्हैया ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इन लोगों की फितरत है कि काम नहीं करो तो लोगों को बदनाम करने की कोशिश करो। इनलोगों ने कई लोगों को जेलों में डाला विरोधियों पर गोली चलाई। लेकिन लोगों ने गंभीरता से इस बात को समझा है। बेगूसराय की जनता इसका बदला जरूर लेगी।
कन्हैया ने कहा-पूरा देश लाइन में लगा है
शहर के पोलिंग सेंटर पर वोट डालने के पहुंचे जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने कहा कि बेगूसराय को बदनाम करने वाली ताकतों को बेगूसराय में मुंह की खानी पड़ेगी। कन्हैया ने कहा कि पूरा देश लाइन में खड़ा हैं। देश में दो लाइऩ हैं। एक तरफ जनता की और दूसरी धनकुबेरों की लाइन है। लेकिन इस लाइन में जनता की लाइन ही जीतेगी। बेगूसराय से कारवा बनेगा और देश के संदेश देगा कि अगर लड़ाई के लिए एकता हो जाए तो जीत पक्की हैं। बता दें कि कन्हैया कुमार के खिलाफ बीजेपी ने नवादा से सांसद गिरिराज सिंह को उतारा है।
दिलचस्प है बेगूसराय का मुकाबला
लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण में बिहार की पांच सीटों पर सोमवार को मतदान हुआ। आज के चुनाव में बिहार के साथ ही देश भर की नजरें बेगूसराय सीट पर टिकी हैं। यहां एक ओर भाकपा प्रत्याशी कन्हैया कुमार हैं वहीं दूसरी ओर भाजपा के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह मैदान में हैं। राजद ने तनवीर हसन को चुनावी मैदान में उतारकर मुकाबले को और भी ज्यादा दिलचस्प बना दिया है।