Lok Sabha Election 2019 : कांग्रेस को गांव और भाजपा को सरायकेला पर भरोसा
Lok Sabha Election 2019. मतदान के बाद भाजपा और कांग्रेस परिणाम के आंकलन में जुटी है। कांग्रेस को गांव जबकि भाजपा को सरायकेला पर भरोसा है।
चाईबासा, सुधीर पांडेय। सिंहभूम झारखंड की सबसे हॉट सीटों में से एक है। इस सीट को जीतने के लिए दोनों ही राष्ट्रीय पार्टियों भाजपा और कांग्रेस ने पूरे चुनाव के दौरान अपनी ताकत झोंके रखी। यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी को भी यहां के चुनावी मैदान में उतरना पड़ा। लक्ष्मण गिलुवा और गीता कोड़ा ने भी एक-दूसरे के खिलाफ जमकर शब्द बाण छोड़े। 12 मई को इस सीट के लिए मतदान कर जनता ने दोनों प्रत्याशियों की किस्मत तय कर दी है। अब 23 मई को सभी को परिणाम आने का इंतजार है। वहीं दोनों ही पार्टियां जीत-हार का आंकलन करने में व्यस्त हो गई हैं।
लक्ष्मण गिलुवा और गीता कोड़ा अपने-अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से उनके क्षेत्र में पड़े वोटों की जानकारी लेते नजर आए। गिलुवा सुबह छह बजे से ही मनोहरपुर, चक्रधरपुर, चाईबासा, जगन्नाथपुर और मझगांव में भाजपा को पड़े वोटों की जानकारी बूथ प्रभारियों और मंडल प्रभारियों से प्राप्त कर जीत की अंक-गणित बैठा रहे थे। वहीं गीता और मधु कोड़ा क्षेत्र भ्रमण कर आंकलन करने में जुटे रहे। गीता कोड़ा के अनुसार इस बार चुनाव में महिला वोटरों का रूझान व संख्या ज्यादा है। महिला प्रत्याशी होने के नाते महिला मतदाताओं का वोट मुझे ही मिलेगा।
गांवों में भाजपा को नकार दिया गया है। 70 से 80 फीसद ग्रामीण वोट कांग्रेस को गिरे हैं। चाईबासा शहर में भी हम लोग भाजपा को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। हमारी जीत 100 फीसद तय है। लोगों का उत्साह देख कर मैं बहुत खुश हूं। कांग्रेस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है। इधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह प्रत्याशी लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि हमने सभी विधानसभा से रिपोर्ट ली है। शहरी क्षेत्र के अलावा गांवों में भी जनता ने भाजपा को वोट दिया है। हम लोग सभी विधानसभा में लीड कर रहे हैं। खासकर सरायकेला विधानसभा इस बार भी चौंकाने के लिए तैयार है।
कांग्रेस कार्यालय में अंक-गणित बैठाते मिले कार्यकर्ता
कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ता चुनावी चर्चा करते नजर आए। कांग्रेस का दावा है कि इस बार एक लाख से ज्यादा वोट से गीता कोड़ा सिंहभूम सीट निकाल रही हैं। कार्यालय में अलग-अलग विधानसभा से मौजूद कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में कांग्रेस के लीड करने का दावा किया। कहा कि सीएनटी-एसपीटी एक्ट में संशोधन की बात से आदिवासी समाज भाजपा से काफी नाराज चल रहा है। गांवों में लोग भाजपा का झंडा तक देखना पसंद नहीं कर रहे। इसका लाभ सीधा कांग्रेस को मिला। दावा किया गया कि जगन्नाथपुर, मझगांव, चाईबासा व मनोहरपुर में गीता कोड़ा पिछली बार से भी ज्यादा वोटों के अंतर से लीड कर रही हैं।
भाजपा के चुनावी कार्यालय में गिलुवा कर रहे थे समीक्षा
भाजपा के एलआइसी बिल्डिंग स्थित कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। कुर्सियां खाली थीं। कार्यालय के एक कक्ष में भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण गिलुवा और अशोक षाड़ंगी चाईबासा के भाजपा नेताओं के साथ मंथन करते नजर आए। कुछ देर बाद जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्र नंदी भी कार्यालय पहुंचे। मतदान के बाद बन रही स्थिति पर चर्चा की। इस दौरान साल के अंत में होने जा रहे विधानसभा चुनावों को लेकर भी बातें हुईं। मझगांव विधानसभा के तांतनगर-मंझारी से आए भाजपा कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि वहां के बूथों पर काफी संख्या में जनरल वोट भाजपा को मिले हैं। पिछली बार के मुकाबले इस बार इस विधानसभा में भाजपा का प्रदर्शन बेहतर रहा है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप