श्रावस्ती : आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन कर निकला कांग्रेस प्रत्याशी का रोड शो
लोकसभा क्षेत्र पहुंचे कांग्रेस के उम्मीदवार धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने रोड शो कर शक्ति प्रदर्शन किया।
श्रावस्ती, जेएनएन। टिकट मिलने के बाद पहली बार लोकसभा क्षेत्र पहुंचे कांग्रेस के उम्मीदवार धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने रोड शो कर शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान आदर्श चुनाव आचार संहिता का जमकर उल्लंघन हुआ। काफिले में चार सौ से अधिक वाहन होने से रास्ते में जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही। इससे लोगों को परेशान होना पड़ा।
बहराइच जिले से गिलौला ब्लॉक कस्बा व इकौना बाजार में अचानक से बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने से जगह-जगह जाम लगा। लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद काफिला इकौना नगर से बाहर हो पाया। सेमरी चौराहे से जेल रोड होते हुए भिनगा नगर पहुंचा। यहां भी जाम की स्थिति बनी। नगर के मुख्य बाजार से ईदगाह होते हुए रोड शो सिरसिया के विभूतिनाथ शिव मंदिर के लिए रवाना हुआ।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय सिंह ने धीरेंद्र प्रताप सिंह को पार्टी का घोषित उम्मीदवार होने की पुष्टि की है। एसडीएम भिनगा चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि रोड शो के लिए पहले से अनुमति ली गई थी। काफिले में वाहन 10-10 के गैप में थे। ऐसे में आचार संहिता का उल्लंघन नहीं हुआ है। अधिक वाहन एक साथ चलने का साक्ष्य मिला तो कार्रवाई होगी।