Move to Jagran APP

Lok Sabha Election 2019: मुख्यमंत्री ने झामुमो प्रमुख पर कसा तंज, जो चल नहीं सकता वह विकास क्या करेगा ?

सुदेश महतो ने कहा कि झामुमो के लोग हल्ला कर रहे थे कि एनडीए में सिर्फ टूट फूट है। उन्हें देख लेना चाहिए कि नेता के साथ कार्यकर्ता ऐसे घुले-मिले हुए हैं जैसा दूध के साथ शक्कर।

By mritunjayEdited By: Published: Tue, 23 Apr 2019 08:43 AM (IST)Updated: Tue, 23 Apr 2019 08:43 AM (IST)
Lok Sabha Election 2019: मुख्यमंत्री ने झामुमो प्रमुख पर कसा तंज, जो चल नहीं सकता वह विकास क्या करेगा ?
Lok Sabha Election 2019: मुख्यमंत्री ने झामुमो प्रमुख पर कसा तंज, जो चल नहीं सकता वह विकास क्या करेगा ?

बोकारो, जेएनएन। गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के लिए आजसू उम्मीदवार चंद्रप्रकाश चौधरी की नामांकन सभा में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि शिबू सोरेन उठ और चल नहीं सकते, फिर भी सांसद बनना चाहते हैं। वो क्या विकास करेंगे? झामुमो का असल नाम झारखंड मुद्रा मोचन मोर्चा है। झारखंड को इससे मुक्ति दिलाएं। भीषण गर्मी, फिर उमस और उसके बाद रिमझिम बारिश के बीच लगातार चार घंटे तक चली सभा में रघुवर दास ने कहा कि हेमंत सोरेन सोने की चम्मच लेकर जन्म लिए हैं, बाबूलाल मरांडी के पास जमीर नहीं है और खुद को बड़ा नेता कहते हैं। वो लोग कभी भी आदिवासी का दर्द नहीं समझ सकते। अबकी बार फूल और फल मिलकर भ्रष्ट लोगों का सफाया कर देंगे।

loksabha election banner

एनडीए में नेता-कार्यकर्ता ऐसे जैसे दूध में शक्कर : एनडीए संयोजक सह आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि झामुमो के लोग हल्ला कर रहे थे कि एनडीए में सिर्फ टूट फूट है। उन्हें देख लेना चाहिए कि नेता के साथ कार्यकर्ता ऐसे घुले-मिले हुए हैं, जैसा दूध के साथ शक्कर।

चंद्रप्रकाश बोले कि जो जानवर है, वो जंगल में रहेगाः खचाखच भरे मैदान में दिखा तो आम तौर पर कम बोलनेवाले चंद्रप्रकाश चौधरी खूब बोले। उन्होंने कहा कि गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र में सबसे बुरा हाल डुमरी विधानसभा क्षेत्र का है जहां का उम्मीदवार यूपीए से है। खुद को टाइगर कहते हैं। टाइगर मतलब जानवर। उन्होंने डुमरी में जंगल राज बना दिया है। लोगों को भय और दहशत में रखा जाता है। झूठे केस किए जाते हैं। डुमरी के लोग बोलते हैं कि वहां के विधायक मुर्गा लड़ाई का उद्घाटन करते हैं, विकास योजनाओं का नहीं। वायदा करते हैं कि सांसद चुना गया तो भय का वातावरण खत्म होगा। उन्होंने कहा कि यह जन सैलाब तो विरोधी देख चुके होंगे। बेहतर होगा कि नामांकन वापस ले लें। नहीं लेंगे तो चुनाव परिणाम आएगा तो बहुत दुर्गति होगी। उन्होंने वायदा किया कि जीत गया तो जनता राम होगी और मैं हनुमान।

जयंत सिन्हा ने लोगों से पूछा कि पप्पू को पसंद करते हैं क्याः चुनावी सरगर्मी बढ़ी है तो एनडीए की चुनावी सभा में नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा की जुबान पर पप्पू आ गए। लोगों से सवाल किया कि पप्पू को पसंद करते हैं क्या? पप्पू को आगे लाना चाहिए। जयंत सिन्हा का इशारा राहुल गांधी की तरफ था। बोले कि उन्हें यकीन था कि झारखंड में वे हजारीबाग से सबसे अधिक मतों से चुनाव में जीत हासिल करेंगे। अब लग रहा कि जीत के मतों के अंतर में गिरिडीह में चंद्र प्रकाश चौधरी से टक्कर होगी। चंद्रप्रकाश की बारी आई तो उन्होंने कहा कि हजारीबाग की तुलना में गिरिडीह में जरूर अधिक मतों से जीतेंगे। वे चुनौती स्वीकार करते हैं।

धनबाद की तरह गिरिडीह में माफिया राज खत्म होगा : बाघमारा विधायक ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद में माफिया राज खत्म हो चुका है। चंद्रप्रकाश चौधरी की जीत हुई तो गिरिडीह में भी माफिया राज खत्म होगा। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री अमर कुमार बाउरी ने मोदी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री सह झारखंड के लोकसभा चुनाव प्रभारी मंगल पांडेय, बगोदर के भाजपा विधायक नागेंद्र महतो, बरकट्ठा विधायक जानकी यादव, बेरमो विधायक योगेश्वर कुमार बाटुल, गिरिडीह विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी,  जुगसलाई विधायक रामचंद्र सहिस, पूर्व मंत्री लाल चंद्र महतो, छत्रु राम महतो एवं उमाकांत राजक,धनबाद नगर निगम के मेयर सह गिरिडीह लोकसभा प्रभारी चंद्र शेखर अग्रवाल, गिरिडीह नगर निगम के मेयर संतोष पासवान, भाजपा के बोकारो जिलाध्यक्ष विनोद महतो, आजसू के केंद्रीय सचिव नंदू पटेल समेत कई लोगों ने विचार रखे।

न इतना बड़ा सैलाब देखा था न देखा जाएगा : गिरिडीह के भाजपा सांसद रवींद्र पांडेय ने कहा कि नामांकन सभा में न इतना बड़ा सैलाब देखा था न देखा जाएगा। इतने लोगों की मौजूदगी यह ऐलान करती है कि चंद्र प्रकाश चौधरी जीत चुके हैं। उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं।

सभा में यह सब खास

0 राजद के गोपाल नायक के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए।

0 जयंत सिन्हा को केला का कांदा देकर चंद्रप्रकाश ने सम्मानित किया।

0 अग्रवाल कल्याण समाज ने सीएम, चंद्र प्रकाश एवं चंद्रशेखर अग्रवाल को सम्मानित किया

0 सभा के दौरान भारी अव्यवस्था रही। कई बार सुरक्षा मानक टूटते दिखे।

0 सभा के दौरान पारंपरिक झारखंडी नृत्य होता रहा। नगाड़े बजाते जाते रहे।

0 एकता का संदेश देने शामियाना का आधा हिस्सा भाजपा तो आधा आजसू के झंडा का था।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.