Lok Sabha Election 2019 : सीएम रघुवर दास का महागठबंधन पर निशाना, चुनाव बाद कोई होटवार में तो कोई तिहाड़ में होगा
Lok Sabha Election 2019. विपक्षी महागठबंधन पर निशाना साधते हुए रघुवर दास ने कहा कि चुनाव बाद इस गठबंधन का कोई नेता होटवार में होगा तो कोई तिहाड़ में।
जमशेदपुर/ पटमदा, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019 मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अब अपना ध्यान पूरी तरह कोल्हान पर केंद्रित कर दिया है। कोल्हान को दोनों सीटें भाजपा के कब्जे में है। पार्टी ने सांसदों पर ही भरोसा करते हुए उन्हें दोबारा मैदान में उतारा है। रघुवर दास ने मंगलवार को जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के बहरागोड़ा, पोटका और पटमदा विधानसभा क्षेत्र में सभाएं की और भाजपा प्रत्याशी को जीताने की अपील की। इन सभाओं ने स्वभाविक रूप से विपक्षी महागठबंधन उनके निशाने पर रहा। लेकिन उन्होंने ज्यादा निशाना झामुमो पर साधा। विपक्षी महागठबंधन को महाचोर गठबंधन करार देते हुए कहा कि चुनाव बाद इस गठबंधन का कोई नेता होटवार में होगा तो कोई तिहाड़ में।
रघुवर ने पटमदा के बोनडीह मैदान में चुनावी सभा में कहा कि कोल्हान और सिंहभूम की जनता से अपील है कि विकास के लिए वोट करें। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं को चुनौती दी कि अगर एक भी आदिवासी- मूलवासी के हित में इन्होंने कोई काम किया हो, तो बताएं। बकौल रघुवर,14 साल तक झामुमो और कांग्रेस झारखंड में सरकार गिराने का खेल खेलती रही। विकास के नाम पर इन्होंने सिर्फ अपनी अर्थपेटी भरी है। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा से सावधान रहिए, इस बार बैलेट से इन्हें जवाब दीजिए।
महागठबंधन का मकसद सिर्फ झारखंड को लूटना
झारखंड मुक्ति मोर्चा मतलब झारखंड मुद्रा मोचन पार्टी। आदिवासियों से इन्हें कोई लेना-देना नहीं है। राज्यसभा के चुनाव में ये बाहरी को टिकट देते हैं। जब सत्ता में रहते हैं तो बालू का ठेका बाहरी ठेकेदार को दे देते हैं। रघुवर ने कहा कि कांग्रेस और झामुमो की सरकार थी तो योजनाओं के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार, गोलमाल और लूटपाट होती थी। कांग्रेस और महागठबंधन का एक ही मकसद है झारखंड को लूटना। गरीबों के पैसे से ये अपनी अर्थपेटी भरना चाहते हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप