Yogi Adityanath in Odisha: बीजद सरकार को नहीं है गरीबों की चिंता- योगी आदित्यनाथ
Yogi Adityanath in Odisha उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने राउरकेला में चुनावी जनसभा को संबोधित किया और बीजद और कांग्रेस पर निशाना साधा।
राउरकेला, जेएनएन। राउरकेला के एयरोड्रम मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने बीजद व कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। योगी ने कहा कि बीजद व कांग्रेस के मुखिया अपनी-अपनी परंपरागत सीटों को छोड़कर दूसरी जगहों से भी चुनाव लड़ रहे हैं यानी उन्हें अपनी परंपरागत सीट पर भी भरोसा नहीं रहा। जिन दलों के मुखिया की यह स्थिति है वह देश व राज्य का कितना भला करेगी या सोचना होगा।
योगी ने आगे कहा कि सुंदरगढ़ संसदीय सीट समेत सात विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवारों को जिताकर दिल्ली व भुवनेश्वर में भाजपा की सरकार बनाएं जिसके बाद विकास की गति को कोई रोक नहीं पाएगा। भाजपा आपके सुरक्षा और समृद्धि की गारंटी लेती है। भाजपा की सरकार की बनी तो कश्मीर से धारा 370 हटायी जायेगी, बंगलादेशी घुसपैठियों को हटाया जायेगा एवं अयोध्या में शीघ्र भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा। जिस तरह ओडिशा में भगवान जगन्नाथ सबके साथ है उसी तरह नरेन्द्र मोदी का नारा है सबका साथ सबका विकास।
दिल्ली और भुवनेश्वर में भाजपा की सरकार होगी तो विकास तेजी से होगा। राज्य की बीजद सरकार को गरीबों चिंता नहीं है। केन्द्र से मिली राशि को राज्य खर्च नहीं करती। आयुष्मान भारत योजना को राज्य में लागू नहीं होने दिया गया। राज्य में सौ फीसद गरीबों को मकान मिल गया होता यदि यहां भाजपा की सरकार होती। राउरकेला की बात करें तो यहां ब्राह्मणी ब्रीज और सुपर स्पेशिलिटी अस्पातल का काम तेजी से चल रहा है।
राउरकेला एयरपोर्ट से शीघ्र उड़ान योजना से सेवा शुरु होगी इसके लिए बड़ा टर्मिनल बनाया जा रहा है। उन्होंने मोदी है तो मुमकिन है नारे को दोहराते हुए कहा कि देश के 37 करोड़ लोगों का बैंक खाता खोलने का काम मोदी ने किया है। मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान दिये और शौचालय भी दिये। यह कांग्रेस या बीजद से संभव नहीं था। भाजपा एक भारत, श्रेष्ठ भारत व समृद्ध भारत बनाना चाहती है। सभा में योगी के साथ केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, प्रदेश भाजपा सचिव धीरेन सेनापति, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रमेश अग्रवाल, वरिष्ठ नेता किशन साहु, महिला नेत्री प्रमिला दास व पूर्णिमा केरकेट्टा मौजूद थे।