चुनाव आयोग ने जारी की हेलीकॉप्टर लैंडिंग की रेट लिस्ट, जानें किसके खाते में जुड़ेगा ये चुनाव खर्च
रैली में आने वाले नेताओं को देना होगा प्लेन का लैंडिंग व पार्किंग शुल्क अहिरवां एयरपोर्ट को दी गई रेट लिस्ट।
कानपुर, [जागरण संवाददाता]। एक जगह से दूसरी जगह रैली करने के लिए जाने वाले स्टार प्रचारकों के प्लेन या हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए शुल्क लगेगा। चुनाव आयोग ने लैंडिग शुल्क की रेट लिस्ट जारी की है, इसे अहिरवां एयरपोर्ट को भी भेजी गई है। इस शुल्क की अदायगी के बाद ही हेलीकॉप्टर लैंड हो सकेगा और इसका खर्च चुनाव खर्च में जोड़ा जाएगा।
रात में रुकने पर देना होगा अलग शुल्क
लोकसभा चुनाव में नेताओं को जल्दी से जल्दी एक स्थान से दूसरे स्थान भेजने के लिए हवाई जहाज और हेलीकाप्टर का प्रयोग होता है। इसकी वजह से बड़े नेता एक दिन में ही कई-कई जिलों में सभाओं को संबोधित करते हैं। चुनाव आयोग ने इन नेताओं के हवाई जहाज पर भी शुल्क तय कर दिए हैं। इसके तहत उन्हें लैंडिंग से लेकर पार्किंग तक के शुल्क चुकाने होंगे। इसके साथ ही अगर रात में रुकना पड़ा तो उसका शुल्क अलग से लगेगा। अहिरवां एयरपोर्ट को इसके संबंध में रेट लिस्ट भी जारी कर दी गई है।
देसी व विदेशी फ्लाइट के हिसाब रेट तय
चुनाव आयोग रेट लिस्ट देसी व विदेशी फ्लाइट के हिसाब से तय किए गए हैं। हालांकि चुनाव प्रचार के लिए अंतर्राष्ट्रीय फ्लाइट का इस्तेमाल कोई नहीं करता। उप जिला निर्वाचन अधिकारी केहरी सिंह के मुताबिक अंतर्राष्ट्रीय और डोमेस्टिक विमान के हिसाब से एयरपोर्ट के शुल्क निर्धारित हैं। इसमें उनके वजन को आधार बनाया गया है। कितनी देर तक रुकना है, इसका भी शुल्क लगेगा। इस खर्च को पार्टी या फिर प्रत्याशी के चुनाव के खर्च में जोड़ा जाएगा।
ये भी पढ़ें- Loksabha Election 2019 : यूपी की अपनी पहली ही रैली में ध्रुवीकरण को हवा दे गए मोदी
लैंडिंग शुल्क विमान वजन और प्रति घंटा की दर से
- 10 हजार किलो तक 77.50 रुपये प्रति 1000 किलो।
- 10 से 20 हजार किलो तक के विमान पर पहले 10 हजार किलो पर 775 रुपये और उसके बाद प्रति 1,000 किलो पर 136 रुपये।
- 20 हजार किलो से अधिक के विमान पर पहले 20 किलो पर 2,135 रुपये और उसके बाद प्रत्येक 1,000 किलो पर 266.80 रुपये।
पार्किंग शुल्क वजन व प्रति घंटा
- 40 हजार किलो तक 2.10 रुपये प्रति 1,000 किलो।
- 41 हजार से एक लाख किलो तक के विमान में पहले 41 हजार किलो तक 84 रुपये और उसके बाद प्रत्येक 1,000 किलो पर 3.90 रुपये।
- एक लाख किलो से अधिक के विमान पर पहले एक लाख किलो पर 318 रुपये और उसके बाद प्रत्येक 1,000 किलो पर छह रुपये।
रात्रि पार्किंग शुल्क
- 40 हजार किलो तक 1.10 रुपये प्रति 1,000 किलो।
- 41 हजार से एक लाख किलो तक के विमान पर पहले 41 हजार किलो पर 44 रुपये और उसके बाद प्रत्येक 1,000 किलो पर दो रुपये।
- एक लाख किलो से अधिक वजनी विमान में पहले एक लाख किलो पर 164 रुपये और उसके बाद प्रत्येक 1,000 किलो पर तीन रुपये।