Lok Sabha Election 2019: रघुवर ने बाबा बैद्यनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी, ट्वीट किया-फिर एक बार मोदी सरकार
झारखंड के संताल में तीन लोकसभा सीट-दुमका गोड्डा और राजमहल में 19 मई को चुनाव है। यहां भाजपा को झामुमो कांग्रेस झाविमो और राजद महागठबंधन से तगड़ी चुनाैती मिल रही है।
देवघर, जेएनएन। बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकीनाथ झारखंड के संताल में बसते हैं। ये दोनों वोटर तो नहीं हैं लेकिन इनके वोटर भक्तों की संख्या सिर्फ संताल में ही लाखों है। इनका जिसे आशीर्वाद मिल जाए उसकी जीत को काैन रोक सकता है। यही कारण है कि लोकसभा चुनाव- 2019 का अभियान शुरू होने के बाद से ही तमाम बड़े नेता और प्रत्याशी बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकीनाथ के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी बाबा बैद्यनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई।
लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में झारखंड के संताल में तीन लोकसभा सीट-दुमका, गोड्डा और राजमहल में 19 मई को चुनाव है। यहां भाजपा को झामुमो, कांग्रेस, झाविमो और राजद महागठबंधन से तगड़ी चुनाैती मिल रही है। ऐसे में भाजपा को बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकीनाथ के आशीर्वाद पर भरोसा है। 15 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देवघर में चुनाव प्रचार करने आए थे। उन्होंने अपने संबोधन की शुरूआत में ही कहा था-मुझे बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकीनाथ का आशीर्वाद प्राप्त है। हालांकि आशीर्वाद किसके प्रति फलीभूत होता है यह तो 23 मई को ही पता चलेगा।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार सुबह बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विशेष पूजा की। उन्होंने रूद्राभिषेक किया। पंडा रमेश परिहस्त के नेतृत्व में 11 पुरोहितों ने रूद्राभिषेक कराया। उनके साथ राज्य के श्रम मंत्री राज पालिवार भी थे। इससे पहले शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री ने अपने टि्वटर एकाउंट से ट्वीट किया-दुमका में हर तरफ मोदी जी के प्रति लोगों का प्यार और विश्वास झलक रहा है। शिकारीपाड़ा के युवा हों महिला हों या हों बुजुर्ग ... सबकी है बस एक ही पुकार... फिर एक बार मोदी सरकार... ।
पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने फिर ट्वीट-बाबा बैद्यनाथ के दर्शन एवं पूजा अर्चना कर राज्य की सवा तीन करोड़ जनता की खुशहाली और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। झारखण्ड यूं ही विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे, भोलेनाथ से यही कामना है...हर हर महादेव।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप