Lok Sabha Elections 2019: ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने कटक में किया रोड शो
Road show in cuttack. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कटक में रोड शो किया।
कटक, जासं। ओडिशा के कटक में बुधवार को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने रोड शो किया। मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए हजारों हजारों लोग उमड़ पड़े। पटनायक ने एक विशेष हाइटेक बस के जरिए यह रोड शो किया। हाथ हिलाते हुए मुख्यमंत्री सभी जगहों पर यह जरूर पूछते हैं कि आपण माने ख़ुशी तो, यूं भी खुशी अर्थात आप खुश हैं तो हम भी खुश हैं। मुख्यमंत्री का यह डायलॉग आजकल पूरे प्रदेश में प्रसिद्ध हो चुका है।
मुख्यमंत्री की एक झलक पाने को आतुर घंटों से सड़क पर उमड़ी भीड़ का कहना है कि मुख्यमंत्री ने कई योजनाएं चला रखी है। मुख्यमंत्री आज रोड शो में आ रहे हैं फिर उनकी एक झलक पाने के लिए हम लोग खड़े हैं। मुख्यमंत्री की इस रोड शो में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता भी शामिल हैं।
गौरतलब है कि ओडिशा के केंद्रपाड़ा में एक चुनावी रैली में ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने बीजू जनता दल (बीजद) की महिला प्रत्याशियों के लिए लोकसभा चुनाव की सीटों में 33 फीसद आरक्षण की घोषणा की थी। ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी राजनीतिक दल ने महिलाओं को सीटों पर आरक्षण दिया है। बीजद अध्यक्ष ने कहा कि यह कदम महिलाओं के सशक्तीकरण में ऐतिहासिक साबित होगा। पटनायक के फैसले का मतलब है कि 21 लोकसभा सीटों में से पार्टी सात पर महिलाओं को प्रत्याशी बनाएगी। मौजूदा समय में ओडिशा से तीन महिलाएं लोकसभा सांसद हैं। बीजद ने 2014 में 21 में से 20 सीटों पर जीत हासिल की थी।
आम चुनाव की घोषणा होने से ठीक पहले ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने महिला कार्ड खेलते हुए विरोधी दलों के सामने कड़ी चुनौती पेश कर दी है। केंद्रपाड़ा जिला के बारुआ स्थित सिद्धमठ मैदान में रविवार को आयोजित मिशन शक्ति सम्मेलन में भाग लेते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री तथा बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक ने कहा है कि बीजू जनता दल ओडिशा में महिला प्रत्याशियों के लिए लोकसभा चुनाव की सीटों में 33 फीसद आरक्षण देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ओडिशा पूरे देश को रास्ता दिखाने का काम कर रहा है। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में राष्ट्रीय दल जो कहते हैं, उन्हें उसका पालन करना चाहिए। केंद्रपाड़ा की धरती बीजू बाबू की धरती है। महिला सशक्तिकरण पर बीजू बाबू ने सदैव फोकस रखा था। इस सम्मेलन में कटक जिला से 4 एवं केंद्रपाड़ा जिला से 9 ब्लाक की लाखों की संख्या में महिलाओं ने भाग लिया था।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर केंद्रपाड़ा में मिशन शक्ति के प्रशासनिक कार्यालय निर्माण के लिए एक करोड़ रुपया प्रदान किया। इसके साथ ही मछली पालन करने वाले स्वयंसहायक गोष्ठी को मुख्यमंत्री ने इस सम्मेलन में सम्मानित करने के साथ ब्लाक स्तरीय महासंघ को 25-25 लाख रुपये भी प्रदान किए।