LokSabha Election 2019: बेटिकट भाजपा सांसद रवींद्र राय ने दिखाया बड़ा दिल
भाजपा ने कोडरमा के सीटिंग सांसद रवींद्र राय का टिकट काट अन्नपूर्णा देवी को प्रत्याशी बनाया है। टिकट कटने के बाद रवींद्र राय रविवार को सरिया स्थित अपने आवास पहुंचे।
सरिया, जेएनएन। लोकसभा चुनाव का टिकट कटने के बाद एक तरफ जहां रांची के सांसद रामटहल चाैधरी और गिरिडीह के सांसद रवींद्र पांडेय भाजपा नेतृत्व के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहे हैं, दूसरी तरफ कोडरमा के सांसद रवींद्र राय ने बड़ा दिल दिखाया है। उन्होंने कहा है-नेतृत्व के फैसले के साथ हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर पूरा भरोसा है।
भाजपा ने कोडरमा के सीटिंग सांसद रवींद्र राय का टिकट काट कर अन्नपूर्णा देवी को प्रत्याशी बनाया है। टिकट कटने के बाद भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय रविवार को सरिया स्थित अपने आवास पहुंचे। आवास पर बड़ी संख्या में समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता इंतजार कर रहे थे। सांसद ने कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाते हुए कहा कि भाजपा निष्ठावान व समर्पित कार्यकर्ताओं की पार्टी है। केंद्रीय कमेटी के निर्णय के अनुसार वे कोडरमा में पार्टी का कार्य करते रहे हैं। उन्हें नरेंद्र मोदी तथा अमित शाह पर पूरा भरोसा है। चुनाव का माहौल है जिसे देखते हुए वे पार्टी के कार्य में लगे रहे। पूरे झारखंड में कोडरमा में ही ऐसा राजनीतिक उथल-पुथल क्यों हुई यह उनके दिमाग में भी उलझा है। कहा कि वे बेदाग हैं। भाजपा का जो संस्कार है कार्यकर्ता उसे बनाए रखेंगे। उन्हें नरेंद्र मोदी तथा अमित शाह पर पूरा भरोसा है। पार्टी ने जिसे कोडरमा का प्रत्याशी बनाया है उसका बेहतर परिणाम आए, इसकी वे कामना करते हैं।