Move to Jagran APP

पीएम नरेंद्र मोदी की रैलियों से प्रियंका गांधी की धार कुंद करने में जुटी भाजपा

2014 में अमेठी और रायबरेली तक सिमट गई कांग्रेस नई महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के सहारे साम्राज्य विस्तार का ख्वाब देख रही है लेकिन, भाजपा ने जबर्दस्त घेराबंदी शुरू कर दी है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Mon, 18 Feb 2019 10:10 AM (IST)Updated: Tue, 19 Feb 2019 01:01 AM (IST)
पीएम नरेंद्र मोदी की रैलियों से प्रियंका गांधी की धार कुंद करने में जुटी भाजपा
पीएम नरेंद्र मोदी की रैलियों से प्रियंका गांधी की धार कुंद करने में जुटी भाजपा

लखनऊ [आनन्द राय]। कांग्रेस भले ही लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर जोरदार तैयारी में जुटी है, लेकिन भाजपा भी हर स्तर पर उनकी काट करने की तैयारी में हैं। 2014 में सिर्फ अमेठी और रायबरेली तक सिमट गई कांग्रेस अपनी नई महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के सहारे साम्राज्य विस्तार का ख्वाब देख रही है लेकिन, भाजपा ने जबर्दस्त घेराबंदी शुरू कर दी है।

loksabha election banner

प्रियंका गांधी वाड्रा का आकर्षण कम करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैलियों का सिलसिला शुरू हो गया है। हाल में झांसी में हुई रैली से यह तो साफ हो गया कि अभी भी मोदी का जादू आमजन के सिर चढ़कर बोल रहा है।

कांग्रेस ने पूर्वी संभाग की 41 सीटों का प्रभार प्रियंका गांधी को सौंपा है। इनमें मोदी का संसदीय क्षेत्र वाराणसी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर से लेकर अमेठी, रायबरेली और बुंदेलखंड की झांसी समेत चारों लोकसभा सीटें हैं। प्रियंका गांधी ने अपनी तैयारी में लखनऊ में चार दिन तक डेरा डालकर कार्यकर्ताओं से भेंट-मुलाकात की। वह अपने प्रभार वाले लोकसभा क्षेत्रों में दौरा भी करने वाली हैं।

भाजपा ने पहले चरण में मोदी की रैलियों की शुरुआत प्रियंका के प्रभार वाले क्षेत्रों से ही की है। शुक्रवार को मोदी झांसी में थे। मोदी ने झांसी में 20 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। पुलवामा में वीर सैनिकों पर हमले के एक दिन बाद हुई इस रैली में मोदी विपक्ष पर तो एक शब्द भी नहीं बोले। लेकिन, झांसी के विकास के जरिये उन्होंने बुंदेलखंड की बदहाली पर जरूर निशाना साधा। रैली में उमड़ी जबर्दस्त भीड़ ने मोदी को मजबूती दी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल पार्टी के कार्यक्रमों के साथ ही विपक्ष की गतिविधि पर भी नजर टिकाए हैं। प्रियंका गांधी काशी जाने वाली हैं। जाहिर है कि वहां पर वह प्रधानमंत्री पर आक्रामक होंगी। मोदी भी मंगलवार को वाराणसी जा रहे हैं। कांग्रेस प्रियंका गांधी का माहौल बनाने में जुटी है। भाजपा के प्रदेश महासचिव विजय बहादुर पाठक कहते हैं कि काशी में प्रियंका का स्वागत है। वहां उन्हें कुछ सीखने को मिलेगा। प्रधानमंत्री ने एक सांसद के रूप में अपने संसदीय क्षेत्र को जिस तरह संवारा है, वह हर जनप्रतिनिधि के लिए नसीहत है। कांग्रेस तो लंबे समय तक सत्ता में रही लेकिन, कभी विकास उसकी प्राथमिकता नहीं रही है।

मोदी सिर्फ अपने ही संसदीय क्षेत्र में नहीं जा रहे बल्कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में भी 27 फरवरी को उनका कार्यक्रम प्रस्तावित है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल समेत कई वरिष्ठ नेताओं को मोदी के कार्यक्रम की तैयारी की जिम्मेदारी दी गई है। मोदी अमेठी में ही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को घेरने के लिए आ रहे हैं। विकासपरक योजनाओं और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की लगातार सक्रियता से बने माहौल को वह और गति देंगे।

गोरखपुर में 24 को मोदी अन्नदाता से करेंगे संवाद

मोदी ने किसानों को लेकर बहुत सी महत्वाकांक्षी योजनाएं शुरू की हैं और कई योजनाएं परवान भी चढ़ी हैं। उत्तर प्रदेश में योगी की सरकार बनने के बाद किसानों के एक लाख रुपये तक के कर्ज माफ किये गये और प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के जरिये अब प्रतिवर्ष छह हजार रुपये किसानों के खाते में जाने हैं। किसानों से मोदी के संवाद के लिए भाजपा ने योगी के गढ़ गोरखपुर को चुना है। मोदी 24 फरवरी को गोरखपुर में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन का समापन करेंगे। इस दौरान किसान रैली में उनका उद्बोधन लोकसभा चुनाव के लिए दिशा तय करेगा। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.