Lok sabha Elections 2019 : भाजपा ने पीएम मोदी के खिलाफ मायावती की टिप्पणी को शर्मनाक बताया
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में जो टिप्पणी की है वह अशोभनीय और शर्मनाक है।
गोरखपुर/देवरिया, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा कि विपक्षी दल हताशा व कुंठा में डूबे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपशब्दाें का प्रयोग कर रहे हैं। बसपा सुप्रीमो मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में जो टिप्पणी की है, वह अशोभनीय और शर्मनाक है। इसी तरह का प्रश्न यदि उनसे किया जाए ताे राजनीतिक शुचिता में गिरावट का शोर शुरू हो जाएगा। वह मंगलवार को देवरिया में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने मायावती द्वारा प्रधानमंत्री पर राजनीतिक फायदे के लिए पत्नी को छोड़ने के लगाए गए आरोप पर पलटवार किया। कहा कि उनके जैसे नेता से इस तरह की उम्मीद लोग नहीं करते। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की खुद की सीट फंस गई है। आजमगढ़ में भाजपा के प्रति लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। वहां की जनता ऐसे व्यक्ति को चुनकर संसद में भेजेगी जो उनके सुख-दुख में खड़ा हो। पांच वर्षों में मुलायम सिंह यादव जनता का हाल जानने तक नहीं पहुंचे। कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को लांच किया लेकिन उसकी कोशिश नाकाम हो गई है।
पूर्वी उप्र में कहीं भी कांग्रेस लड़ती हुई नजर नहीं आ रही है। अबतक छह चरणों का चुनाव हो चुका है। इन चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में ग्राफ बढ़ता गया है। अब सातवें चरण का मतदान होना है। जनता में उत्साह देखा जा रहा है। जनता मोदी को फिर से प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती है। पांच वर्षों में राजग ने सुशासन का कीर्तिमान स्थापित किया है। मोदी के नेतृत्व में वैचारिक नीति व नियत स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि पहली बार 1.5 करोड़ से अधिक गरीबों को मकान दिया गया। 2022 तक कोई भी गरीब बेघर नहीं रहेगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप