Bihar Lok Sabha Election 2019: जमुई में चिराग या भूदेव, किसे चुनेंगे मतदाता?
Bihar Lok Sabha Election 2019 Live Updates नक्सल प्रभावित जमुई जिले में गुरुवार को वोटिंग संपन्न हो गई। यहां चिराग पासवान और भूदेव चौधरी के बीच सीधा मुकाबला है।
पटना, जेएनएन। नक्सल प्रभावित जमुई लोकसभा क्षेत्र में एनडीए और महागठबंधन के बीच कांटे की टक्कर है। यहां से लोजपा प्रमुख और केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान के पुत्र और निर्वतमान सांसद चिराग पासवान एक बार फिर चुनाव मैदान में हैं और उनको टक्कर दे रहे हैं महागठबंधन की ओर से रालोसपा के भूदेव चौधरी। इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प देखा जा रहा है।
महागठबंधन में शामिल लोजपा के उम्मीदवार चिराग पासवान ने पिछली लोकसभा चुनाव में यहां आसानी से जीत दर्ज कर ली थी, मगर इस बार लोजपा और विपक्षी दलों के महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।
बॉलीवुड से राजनीति में आए चिराग पासवान लोकसभा चुनाव 2014 में यहां से राजद के सुधांशु शेखर को पराजित कर लोकसभा पहुंचे थे। तो वहीं लोकसभा चुनाव 2009 में एनडीए के प्रत्याशी भूदेव चौधरी ने राजद के उम्मीदवार श्याम रजक को 29,747 मतों से पराजित कर दिया था।
इस तरह देखा जाए तो पिछले दो चुनावों से इस सीट पर एनडीए का कब्जा रहा है। इस बार चुनाव में बिहार में राजनीतिक समीकरण बदले हैं। पिछले चुनाव में लोजपा और रालोसपा एनडीए में शामिल थे और यहां जदयू ने अपने बलबूते चुनाव लड़ा था। इस बार लोजपा और जदयू दोनों राजग का हिस्सा हैं, लेकिन रालोसपा अब महागठबंधन में शामिल है।
जमुई क्षेत्र के महत्व का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत यहीं से की। जमुई में चुनाव को लेकर लोगों में दिलचस्पी भी देखी जा रही है। गरुवार की सुबह से ही यहां लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करजे दिखे।