Lok Sabha Elections 2019: भाजपा ने अहमदाबाद पूर्व संसदीय क्षेत्र से एचएस पटेल को उम्मीदवार बनाया
Bharatiya Janata Party. भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात में अहमदाबाद पूर्व संसदीय क्षेत्र से एचएस पटेल को अपना उम्मीदवार बनाया।
नई दिल्ली, एएनआइ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुजरात में अहमदाबाद पूर्व संसदीय क्षेत्र से एचएस पटेल को अपना उम्मीदवार बनाया है।
गौरतलब है कि अहमदाबाद पूर्व से अभिनेता परेश रावल 2014 में सांसद चुने गए थे, उनसे पहले इस सीट से लंबे समय तक हरिन पाठक प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। रावल ने खुद यह लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था।
भाजपा ने गुजरात की आणंद सीट से मितेश पटेल को खड़ा किया है। पटेल पर गोधरा कांड के बाद हुए दंगों से जुड़े एक मामले में आरोप हैं। पटेल के हलफनामे से यह जानकारी सामने आई है। मध्य गुजरात की आणंद लोकसभा सीट से पटेल का मुकाबला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भारत सिंह सोलंकी से है।
पटेल ने शपथ पत्र में कहा है कि 2002 में आणंद जिले के वसाड थाने में उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज हुई थी। पटेल पर लगे आरोपों में आगजनी, दंगे भड़काने, पथराव करने और चोरी भी शामिल है।
शपथ पत्र के अनुसार, उन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 147 (दंगा), 149 (घातक हथियार रखने), 436 (आगजनी), 332 (सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा डालने), 143 (अवैध रूप से एकत्र होने) और 380 (चोरी) के तहत केस दर्ज किया गया था।
पटेल ने अपने शपथ पत्र में यह भी जानकारी दी है कि उन्हें सितंबर 2010 में स्थानीय अदालत ने बरी कर दिया था। हालांकि अभी यह मामला हाई कोर्ट में लंबित है।