प्रियंका ने की ट्यूमर से पीडि़त बच्ची की मदद, चार्टर्ड प्लेन से प्रयागराज से एम्स दिल्ली भेजा
प्रियंका वाड्रा के निर्देश पर चुनाव प्रचार छोड़ कांग्रेस नेता अजहरुद्दीन एवं हार्दिक पटेल बीमार बेटी को चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली ले गए।
प्रयागराज, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 में प्रचार की व्यस्तता के बीच में भी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्यूमर से जूझ रही एक बच्ची की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। उन्होंने कमला नेहरू अस्पताल प्रयागराज में इलाज करा रही बच्ची की हालत गंभीर होने पर चार्टर्ड प्लेन से उसे दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराने भेजा है।
रायबरेली की एक बेटी की हालत प्रयागराज के कमला नेहरू अस्पताल में हालत गंभीर होने की जानकारी मिलने पर कांग्र्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने बड़ी पहल की। प्रयागराज के कमला नेहरू अस्पताल में ट्यूमर से जूझ रही बच्ची इलाज के लिए पहुंची। उसकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। यह देख उसके आर्थिक रूप से कमजोर परिजन परेशान हो गए. इसके बाद उन्होंने बच्ची के इलाज में मदद के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से सम्पर्क किया। मामला संज्ञान में आते ही प्रियंका गांधी तुरंत बच्ची की मदद को आगे आईं। प्रियंका गांधी ने इलाहाबाद संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी योगेश शुक्ला के चुनाव प्रचार करने पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला, गुजरात कांग्रेस के नेता हार्दिक पटेल व पूर्व सांसद मोहम्मद अजहरुद्दीन को तत्काल प्रभाव से ट्यूमर से पीडि़त बच्ची को दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाज कराने का आदेश दिया। आनन-फानन में कांग्रेस नेता प्रचार को बीच में छोड़ बच्ची समेत उसके परिवार के लोगों को एम्स, दिल्ली में इलाज के लिए ले गए हैं। बीमार बच्ची को निजी विमान के जरिए उसके माता-पिता के साथ दिल्ली एम्स के लिए भेजा गया। उनके साथ मोहम्मद अजहरुद्दीन और हार्दिक पटेल भी गए हैं।
रायबरेली के सलवन (बिसरिया) निवासी रतिपाल की बेटी अंशू ट्यूमर से पीडि़त है। घरवाले उसे इलाज के लिए प्रयागराज में कमला नेहरू अस्पताल लेकर आए। यहां उसकी हालत काफी बिगड़ गई। परिजनों की माली हालत इतनी खराब थी कि वह इलाज कराने में सक्षम नहीं थे। परिजनों ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा से संपर्क किया। उन्होंने प्रयागराज में चुनाव प्रचार कर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला को तत्काल बच्ची को दिल्ली स्थित एम्स में इलाज कराने के लिए भेजने को कहा। इस पर उन्होंने चुनाव प्रचार बीच में छोड़ बच्ची को उपचार के लिए ले जाने की कवायद शुरू कर दी।
निजी विमान छह सीटर होने के वजह से पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला ने पीडि़त बच्ची अंशु और माता-पिता के साथ मो. अजहरुद्दीन और हार्दिक पटेल को बमरौली एयरपोर्ट से निजी विमान से दिल्ली भेज दिया। देर रात राजीव शुक्ला भी ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने बताया कि प्रियंका का निर्देश मिलने पर वह बच्ची को लेकर एम्स पहुंच गए हैं। बच्ची को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। उसका इलाज शुरू हो गया है।
यह पहला मौका नहीं जब प्रियंका गांधी ने किसी विपत्ति में फंसे व्यक्ति की मदद की हो। फरवरी माह में प्रियंका के कांग्रेस महासचिव नियुक्त होने के बाद उन्होंने दिल्ली में एक झुग्गी बस्ती में रहने वाले 22 वर्ष के आशीष नाम के एक दिव्यांग लड़के से उसके घर पहुंचकर मुलाकात की थी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप