Lok Sabha Election 2019: महिला प्रत्याशियों में गीता-अन्नपूर्णा दे रहीं कांटे की टक्कर
Lok Sabha Election 2019. दोनों अपनी-अपनी सीटों पर प्रतिद्वंद्वी को कड़ी टक्कर दे रहीं हैं। लगभग दो दर्जन महिला प्रत्याशी भाग्य आजमा रहीं। दो चुनावों में महिला सांसद नहीं बन पाईं।
रांची, [नीरज अम्बष्ठ]। Lok Sabha Election 2019 - सियासी प्रतियोगिता में तो वैसे लगभग दो दर्जन महिला प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रही हैं, लेकिन दो महिला प्रत्याशी ऐसी हैं जो अपनी-अपनी सीटों पर प्रतिद्वंद्वी को कड़ी टक्कर दे रही हैं। इनमें सिंहभूम सीट पर कांग्रेस की प्रत्याशी गीता कोड़ा तथा कोडरमा सीट पर भाजपा की प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी शामिल हैं। दोनों सीटों की इन महिला प्रत्याशियों के संघर्ष में होने के कारण उम्मीद की जा रही है कि इस बार झारखंड से आधी आबादी का संसद पहुंचने का मार्ग प्रशस्त होगा।
झारखंड में पिछले दो चुनावों में एक भी महिला उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर सकी है। न तो वर्ष 2009 में कोई महिला प्रत्याशी को जीत मिली न ही वर्ष 2014 में। इस बार के चुनाव की बात करें तो तीन चरण की सीटों पर कुल 20 महिला प्रत्याशी चुनाव लड़ रही हैं। राजमहल, गोड्डा तथा दुमका में नामांकन वापसी के बाद तय होगा कि कितनी महिला प्रत्याशी चुनाव लड़ रही हैं। हालांकि इन सीटों पर भी कुछ महिला उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं।
फैक्ट फाइल
- इस बार लोहरदगा तथा चतरा संसदीय सीटों पर एक भी महिला प्रत्याशी नहीं थी।
- 2014 के चुनाव की बात करें तो भाजपा, कांग्रेस, झामुमो ने एक भी महिला को टिकट नहीं दिया था।
- रांची, सिंहभूम, गिरिडीह तथा कोडरमा से अभी तक महिला सांसद नहीं चुनी गई है।
- झारखंड गठन के बाद वर्ष 2007 में जमशेदपुर लोकसभा उपचुनाव में सुमन महतो सांसद चुनी गई थीं।
दोनों दल बदल कर लड़ रहीं चुनाव
अन्नपूर्णा देवी तथा गीता कोड़ा दोनों इस बार दल बदल कर चुनाव लड़ रही हैं। गीता कोड़ा जय भारत समानता पार्टी से कांग्रेस में शामिल हुईं तो अन्नपूर्णा देवी टिकट बंटवारे के ठीक पहले राजद से भाजपा में शामिल हो गईं। अन्नपूर्णा इससे पहले राजद की झारखंड प्रदेश अध्यक्ष थीं।
दूसरे स्थान पर रही थीं गीता कोड़ा
वर्ष 2014 के चुनाव में जय भारत समानता पार्टी की प्रत्याशी के रूप में गीता कोड़ा 2,15,607 वोट लाकर दूसरे स्थान पर रही थीं। वह विजेता तथा भाजपा के प्रत्याशी लक्ष्मण गिलुवा से 87,524 वोट से पीछे रह गईं थीं। वहीं, कई बार विधायक रह चुकीं अन्नपूर्णा देवी पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं।
कहां कितनी महिला प्रत्याशी
पलामू : 02, चतरा : 00, लोहरदगा : 00, रांची : 01, खूंटी : 04, कोडरमा : 02, हजारीबाग : 01, जमशेदपुर : 04, सिंहभूम : 02, गिरिडीह : 02, धनबाद : 02