प्रियंका वाड्रा को महंगा पड़ सकता है सांपोंं से खेलना, डीएम के पास पहुंची शिकायत
मां के संसदीय क्षेत्र में भ्रमण के दौरान एक वक्त ऐसा आया जब प्रियंका वाड्रा का पारा चढ़ गया। उन्होंने सुरक्षा में लगे एसपीजी जवानों को भीड़ के सामने ही खरीखोटी सुना दी।
रायबरेली, जेएनएन। प्रियंका वाड्रा द्वारा गुरुवार को हंसा का पुरवा गांव में सपेरे से मिलना और सांप को छूने की जानकारी के बाद एडब्ल्यूबीआइ (एनीमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया) की ओर से जिला प्रशासन को मेल के द्वारा शिकायत भेजी गई। जिसके बाद जिला वन अधिकारी तुलसीराम ने उस सपेरे को तलाश लिया। उसको प्रशासन के लोग ले भी आए हैं। हालांकि डीएफओ इससे इन्कार कर रहे हैं।
उधर, डीएम नेहा शर्मा से जब पूछा गया कि क्या कोई प्रियंका वाड्रा के खिलाफ शिकायत मिली है तो उन्होंने कहा कि हां। मेल द्वारा आई है। उसकी जांच की जा रही है। डीएम ने यह भी बताया कि डीएफओ ने सपेरे को पकड़वा लिया है। उधर, डीएफओ का कहना है कि यह एचटू का केस है। जिसके तहत प्रकरण की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि कांग्रेस की महासचिव व पूर्वी यूपी प्रभारी गुरुवार को अपनी मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र में थीं। दिनभर लोगों से मिलते-जुलते नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करती रहीं। यहां, निवास स्थान भुएमऊ गेस्ट हाउस से पूर्वाहन करीब पौने ग्यारह बजे जब वे निकलीं तो सबसे पहले हंसा का पुरवा गांव पहुंचीं। जहां बड़ी संख्या में सपेरे भी रहते हैं। कुछ सपेरों से प्रियंका ने बातचीत भी की।
इसी बीच वे एक सांप के बच्चे (सपोले) को हाथ में लेने लगीं तो पीछे खड़े सांसद सोनिया गांधी के प्रतिनिधि किशोरी लाल शर्मा व भीड़ ने थोड़ा सावधान रहने का इशारा किया और सपेरे को सतर्क रहने को कहा। इस पर प्रियंका ने कहा 'आप लोग क्यों गुस्सा करते हो। यह कुछ नहीं करेंगे। फिर उन्होंने एक दूसरे सांप को हाथ से उठाया और सपेरे से पूछा कि 'यह वाला काटता है क्या? उसने जवाब दिया नहीं, नहीं। यह काट नहीं सकते। फिर सपेरे ने कोबरा दिखाया। प्रियंका ने उसको भी देखा।
कुछ देर तक वहां राजनीति से हटकर एकदम अलग माहौल बन गया। देश-विदेश की मीडिया उस दृश्य को कैद करने के लिए जूझ पड़ी। कुछ ही पलों बाद प्रियंका फिर राजनीतिक मूड में आईं। वहां मौजूद लोगों से समस्याएं पूछीं। सपेरे ने कहा कि यहां 200 से ज्यादा लोग रहते हैं। उनके पास घर नहीं हैं। प्रियंका ने उन्हें समस्याओं से निजात दिलाने की बात कही और थोड़ी देर बाद वहां से काफिला बेलाभेला में नुक्कड़ सभा के लिए निकल पड़ा।
जब चढ़ा प्रियंका का पारा, एसपीजी को डपटा
राही ब्लॉक के बेलाभेला बाजार में नुक्कड़ सभा के बाद प्रियंका गांधी को ऊंचाहार के बाबूगंज पहुंचना था। वहां उनकी सभा थी। बेलाभेला से काफिला गांव की सकरी गलियों से कई किलोमीटर का सफर करता हुआ फिर रायबरेली-प्रयागराज हाईवे पर पहुंचा। ऊंचाहार की तरफ प्रियंका बढ़ी थीं, तभी बाबूगंज में सभास्थल से कुछ दूर पहले ही लोग स्वागत को खड़े थे। इस पर प्रियंका नीचे उतरीं। भीड़ ने उन्हें घेर लिया। जब तक एसपीजी के जवान सुरक्षा का घेरा बनाते, तब तक कुछ ग्रामीण प्रियंका के करीब पहुंच गए। उन्होंने पास में खड़े एसपीजी जवान को आड़े हाथों ले लिया। कहा कि हाथ बांध कर खड़े रहते हो। पहले से ध्यान नहीं देते।