Move to Jagran APP

अमित शाह की नजर पवार की बारामती सीट पर, महाराष्ट्र में भाजपा को 45 सीटें जीतने का भरोसा

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने चेताया है कि अगर आगामी लोकसभा चुनावों में ठग सत्ता में आ गए तो भारत के विकास में गिरावट आएगी और विकास की रफ्तार पटरी से उतर जाएगी।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Sun, 10 Feb 2019 12:27 AM (IST)Updated: Sun, 10 Feb 2019 12:27 AM (IST)
अमित शाह की नजर पवार की बारामती सीट पर, महाराष्ट्र में भाजपा को 45 सीटें जीतने का भरोसा
अमित शाह की नजर पवार की बारामती सीट पर, महाराष्ट्र में भाजपा को 45 सीटें जीतने का भरोसा

पुणे, प्रेट्र/आइएएनएस। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने भाजपा के लिए महाराष्ट्र में कुल 48 में से 45 सीटें जीतने का लक्ष्य तय कर दिया है। शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के सुप्रीमो शरद पवार के गढ़ बारामती को भी भाजपा की जीती हुई सीटों में से एक होना चाहिए।

loksabha election banner

भाजपा अध्यक्ष की नजर शरद पवार के गढ़ बारामती सीट पर

शनिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस समेत भाजपा नेताओं की बैठक में पुणे, बारामती और शिरूर संसदीय सीटों की समीक्षा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि महाराष्ट्र में अगर हमारा गठबंधन 45 से कम सीटें जीतता है तो इसे हमारी जीत नहीं समझा जाएगा। मैं अपने कार्यकर्ताओं से चाहता हूं कि वह राज्य में मेरे लिए 45 सीटें जीतकर लाएं। और यह लक्ष्य हासिल करने के लिए हमें बारामती सीट को जीतना ही होगा।

ध्यान रहे कि बारामती शरद पावर का गढ़ है और मौजूदा समय में उनकी बेटी सुप्रिया सुले वहां से सांसद है। उल्लेखनीय है कि शिवसेना और भाजपा पिछले लोकसभा चुनाव में मिलकर चुनाव लड़े थे। हालांकि यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि इस बार दोनों दल साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे या नहीं। अमित शाह ने कहा कि एक भी सीट ऐसे लोगों को नहीं जानी चाहिए जो महाराष्ट्र में भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। जो लोग आव्रजकों के मानवाधिकारों की बात करते हैं, उनके पास भी एक भी सीट नहीं बचनी चाहिए।

दानवे को राज्य में 43 सीटें जीतने का भरोसा

इस पर प्रदेश भाजपा के प्रमुख रावसाहेब दानवे ने विश्वास जताया कि वर्ष 2014 से एक सीट अधिक 43 सीटें जीतने का उन्हें पूरा विश्वास है। इस मौके पर मुख्यमंत्री फड़नवीस ने कहा कि भाजपा अपने दम पर सभी 48 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है। दानवे जिस 43वीं सीट की बात कर रहे हैं वह बारामती की ही है।

राम मंदिर बनाने को प्रतिबद्ध भाजपा

शाह ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण भारतीय जनता पार्टी प्रतिबद्ध है। उन्होंने देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 74 जीतने का दावा किया है। पिछली बार 2014 के आम चुनावों में उत्तर प्रदेश में भाजपा ने 71 सीटें जीती थीं और दो सीटें सहयोगी अपना दल को मिली थीं। उन्होंने राज्य में सपा और बसपा के गठबंधन के असर को दरकिनार कर दिया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में मायावती सोमवार को प्रधानमंत्री बनेंगी। अखिलेश मंगलवार को, एचडी देवेगौड़ा बुधवार को, चंद्रबाबू गुरुवार को, स्टालिन शुक्रवार को और शरद पवार शनिवार को पीएम बनेंगे। रविवार को देश छुट्टी पर होगा।

भाजपा के विजय रथ को कोई नहीं रोक सकता

विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने चेताया है कि अगर आगामी लोकसभा चुनावों में 'ठग' सत्ता में आ गए तो भारत के विकास में गिरावट आएगी और विकास की रफ्तार पटरी से उतर जाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में भाजपा के विजय रथ को कोई नहीं रोक सकता और कोई भी महागठबंधन हमारी सत्ता में वापसी पर विराम नहीं लगा सकता है। शाह ने कहा कि 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने देश के विकास को नई दिशा दी है। भाजपा ने विकास पर जोर दिया है और नये बजट में समाज के सभी तबकों के साथ न्याय किया गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.