Lok Sabha Election 2019: आरएसएस की शरण में चंद्रप्रकाश चाैधरी, मिला आशीर्वाद
स्वयंसेवकों के बीच बैठना अलग ही अनुभूति देता है। आरएसएस के साथ लोगों के वैचारिक मतभेद हो सकते हैं। लेकिन संघ से राष्ट्र प्रेम की प्रेरणा मिलती है।
राजगंज, जेएनएन। गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार चंद्र प्रकाश चौधरी को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का भी आशीर्वाद मिल गया है। दलूडीह के बिटिया मैरेज सभागार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने समन्वय बैठक बुलाई। इसमें चंद्र प्रकाश चौधरी को आमंत्रित किया गया। इसमें विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, वनवासी कल्याण केंद्र और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रतिनिधि भी शिरकत किए। संघ परिवार के सारे लोगों ने चंद्र प्रकाश चौधरी से भविष्य की योजनाओं पर संवाद किया। चंद्र प्रकाश बोले कि यदि वे सांसद चुने जाते हैं तो जनहित में संघ परिवार से मिले सुझावों पर भी गंभीरता से अमल करेंगे।
गिरिडीह लोकसभा सीट से भाजपा चुनाव नहीं लड़ रही है। यहां से भाजपा की सहयोगी पार्टी आजसू के चंद्रप्रकाश चाैधरी उम्मीदवार है। चाैधरी की जीत सुनिश्चित करने के लिए संघ परिवार भी जुट गया है। इसी क्रम में समन्वय की बैठक बुलाई गई थी। चंद्र प्रकाश चौधरी ने कहा कि उनके लिए यह अहम अवसर है। स्वयंसेवकों के बीच बैठना अलग ही अनुभूति देता है। संघ परिवार के साथ लोगों के वैचारिक मतभेद हो सकते हैं। महात्मा गांधी से लेकर कई लोगों ने स्वयंसेवकों के राष्ट्र प्रेम को प्रेरणा दायक कहा है। स्वयंसेवक बोले कि वे लोग घर घर जाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। बैठक में संघ प्रचारक उदय शर्मा, राजकुमार तिवारी, सुनील साव, अनूप यादव, नूनूमनी ङ्क्षसह, सूरज सोनी, गौतम साव, प्रमोद चौरसिया शामिल हुए।