Move to Jagran APP

Jharkhand Assembly Election 2019: कई बड़े नेताओं की पत्नियां भी लड़ेंगी विधानसभा चुनाव

Jharkhand Assembly Election 2019. आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आधा दर्जन से अधिक नेता तैयारी कर रहे हैं। इनमें पूर्व मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी व राजा पीटर की पत्नी भी शामिल हैं।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Tue, 01 Oct 2019 09:41 PM (IST)Updated: Wed, 02 Oct 2019 07:55 AM (IST)
Jharkhand Assembly Election 2019: कई बड़े नेताओं की पत्नियां भी लड़ेंगी विधानसभा चुनाव
Jharkhand Assembly Election 2019: कई बड़े नेताओं की पत्नियां भी लड़ेंगी विधानसभा चुनाव

रांची, [नीरज अम्बष्ठ]। Jharkhand Assembly Election 2019 - इस बार के विधानसभा चुनाव में कई बड़े नेताओं की जगह उनकी पत्नियां चुनाव लड़ेंगी। विभिन्न कारणों से ऐसी स्थितियां बन रही हैं। नेताओं ने इसकी तैयारी भी तेज कर दी है। कुछ नेता अपनी सीट अपने कब्जे में ही बनाए रखने तो कुछ वैधानिक कारणों से ऐसा कर रहे हैं। ऐसे में विधानसभा चुनाव में आधा दर्जन से अधिक सीटों पर बड़े नेताओं की पत्नियां चुनाव मैदान में दिखेंगी। पूर्व मंत्री व वर्तमान सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी की पत्नी सुनीता चौधरी का रामगढ़ से चुनाव लडऩा तय है।

loksabha election banner

भाजपा के साथ गठबंधन में आजसू यह सीट नहीं छोड़ेगी। भाजपा भी जानती है कि इस सीट पर आजसू मजबूत है। बता दें कि चंद्रप्रकाश चौधरी लगातार इस सीट से चुनाव जीतते रहे हैं। इस बार के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद वे अपनी पत्नी को रामगढ़ से विधानसभा चुनाव लड़ाने की तैयारी कर रहे हैं। दूसरी तरफ, पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा की हत्या में संलिप्तता के आरोप में जेल में बंद पूर्व मंत्री गोपाल सिंह पातर उर्फ राजा पीटर की पत्नी आरती कुमारी पातर ने एनसीपी के टिकट पर तमाड़ से चुनाव लडऩे का एलान कर दिया है। हालांकि, सजा नहीं होने के कारण राजा पीटर भी चुनाव लड़ सकते हैं।

इधर, पूर्व विधायक अमित महतो की पत्नी सीमा महतो (सिल्ली), पूर्व विधायक योगेंद्र महतो (गोमिया) की पत्नी बबीता महतो तथा पूर्व मंत्री एनोस एक्का की पत्नी मेनन एक्का (कोलेबिरा) का चुनाव लडऩा तय है। तीनों नेता कानूनी अड़चनों के कारण चुनाव नहीं लड़ेंगे। बता दें कि विभिन्न मामलों में अमित महतो तथा योगेंद्र महतो की सदस्यता चली गई थी, जिसके बाद हुए उपचुनाव में दोनों की पत्नियां अपने पति की सीटें बचाने में सफल रहीं। वहीं, पारा शिक्षक हत्या मामले में सदस्यता जाने के बाद एनोस एक्का ने उपचुनाव में अपनी पत्नी मेनन को उतारा। लेकिन, वे अपने पति की सीट बचाने में असफल रहीं।

गीता कोड़ा लगातार जीतती रही हैं चुनाव

पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा जगन्नाथपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीतती रही हैं। लेकिन, इस बार ये कांग्रेस की सीट से लोकसभा पहुंची हैं।

आरती पीटर की तैयारी से रोचक हुआ तमाड़ का गणित

पूर्व मंत्री राजा पीटर की पत्नी आरती कुमारी पीटर के चुनाव लडऩे की घोषणा से तमाड़ विधानसभा सीट का गणित रोचक हो गया है। इस सीट पर आजसू भी चुनाव लडऩे की तैयारी कर रही है। वहीं, वर्तमान विधायक विकास कुमार मुंडा आजसू से निलंबित होने के बाद अभी तक अपना नया ठिकाना नहीं खोज पाए हैं। उनका झारखंड मुक्ति मोर्चा में जाने की चर्चा थी, लेकिन वे इसपर अंतिम निर्णय नहीं ले सके हैं। वे अन्य दलों के साथ भी बातचीत के प्रयास में हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.