Move to Jagran APP

Jharkhand Election 2019: पांचवें चरण की 16 सीटों पर वोटिंग के साथ मैराथन मतदान का दाैर संपन्न, अब 23 को मतगणना पर सबकी निगाहें

Jharkhand Election 2019 phase 5 Voting LIVE हेमंत सोरेन मंत्री लुईस मरांडी तथा रणधीर सिंह पूर्व मंत्री नलिन सोरेन तथा पूर्व स्पीकर आलमगीर आलम जैसे दिग्‍गजों का भाग्‍य तय होगा।

By MritunjayEdited By: Published: Fri, 20 Dec 2019 05:11 AM (IST)Updated: Sat, 21 Dec 2019 11:23 AM (IST)
Jharkhand Election 2019: पांचवें चरण की 16 सीटों पर वोटिंग के साथ मैराथन मतदान का दाैर संपन्न, अब 23 को मतगणना पर सबकी निगाहें
Jharkhand Election 2019: पांचवें चरण की 16 सीटों पर वोटिंग के साथ मैराथन मतदान का दाैर संपन्न, अब 23 को मतगणना पर सबकी निगाहें

धनबाद, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election 2019 के पांचवें और अंतिम चरण की 16 सीटों पर शुक्रवार को मतदान संपन्न हो गया। संताल परगना में 70.55 फीसद मतदान हुआ। इसी के साथ झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 के लिए पांच चरणों में मैराथन मतदान का दाैर समाप्त हो गया है। अब 23 दिसंबर को मतगणना होगी। मतगणना के बाद ही पता चलेगा कि झारखंड विधानसभा चुनाव में जनता ने सत्ताधारी भाजपा को फिर एक माैका देती है या झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के नेतृ्त्व में कांग्रेस-राजद गठबंधन को विजयश्री मिलती है।

prime article banner

शुक्रवार को पांचवें चरण में संताल प्रमंडल की 16 सीटों पर पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है। कुछ बूथों से ईवीएम खराब होने की शिकायतें मिली है। ठंड के बावजूद यहां बड़ी संख्‍या में मतदाता वोट देने के लिए कतार में खड़े हैं। मतदाताओं में महिलाएं भी खासी संख्‍या में शामिल हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी झारखंड के मतदाताओं से भारी संख्‍या में मतदान के लिए बूथों पर पहुंचने की अपील की है। इन 16 सीटों पर मतदान संपन्न होते ही राज्य में लोकतंत्र का जश्न खत्म हो जाएगा। इसी के साथ इस चरण के 237 सहित कुल 1,216 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो जाएगा। सभी सीटों का परिणाम 23 दिसंबर को आएगा। कोहरे और ठंड के कारण सुबह-सुबह संताल क्षेत्र में ज्यादातर बूथों पर अंधेरा छाया हुआ है। रोशनी की कमी है। जहां बिजली की समुचित व्यवस्था नहीं है मोबाइल की रोशनी में मतदान शुरू हुआ। अब तक चार चरण में कुल 81 में से 65 सीटों का मतदान समाप्‍त हो गया है।

Jharkhand Election 2019 phase 5 Voting

03.00 AM: संताल के पांच विधानसभा क्षेत्र-बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर और शिकारीपाड़ा में दोपहर बाद तीन बजे मतदान संपन्न हो गया। जबकि शेष 11 विधानसभा क्षेत्रों में पांच बजे तक मतदान का समय निर्धारित है। जिन विधानसभा क्षेत्रों में तीन बजे मतदान संपन्न हुआ सभी नक्सल प्रभावित और दुरूह क्षेत्र के हैं।

01.00 AM: संताल के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतार दिख रही है। महिला मतदाताओं में काफी उत्साह दिख रहा है। एक बजे तक 45.63 फीसद मतदताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। एक बजे तक महेशपुर विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 59.38 फीसद और पोडै़याहाट में सबसे कम 36.01 फीसद मतदान दर्ज किया गया।

11.00 AM: चार घंटे के मतदान के बाद 11 बजे 29. 19 फीसद का आंकड़ा दर्ज किया गया। लिट्टीपाड़ा से भाजपा प्रत्याशी दानियल किस्कू ने अपने परिवार के साथ मतदान किया।

09:00 AM : झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 के पांचवें चरण में मतदान की गति धीमी चल रही है। सात बजे मतदान शुरू होने के बाद पहले दो घंटे में नाै बजे तक मात्र 12.01 फीसद ही मतदान दर्ज किया गया।

08:30 AM : झारखंड विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण में 16 सीटों पर मतदान जारी है। इस बीच बोरियो विधानसभा क्षेत्र में मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे एक मतदाता की मतदान केंद्र पर ही माैत हो गई। इसके बाद मतदान केंद्र पर अफरातफरी मच गई। मौत का कारण अभी स्‍पष्‍ट नहीं हो सका है। हालांकि मतदाता की ठंड से मौत होने की बात कही जा रही है। मरने वाले का नाम सरयू साह बताया गया है। उसकी उम्र 65 साल है। बोरियो विस क्षेत्र के 149 नंबर बूथ पर यह हादसा हुआ। सुबह चसगांवा मध्य विद्यालय में मतदान के लिए गए, मतदान के बाद वृद्ध वहीं गिर गये। पुत्र नंदू साह अस्पताल ले गया जहां मृत घोषित कर दिया गया।

07:15 AM : मतदान शुरू होते ही कई बूथों पर ईवीएम खराब हो गई है। राजमहल विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 77 पर 7.15 बजे मतदान शुरू हुआ। चार लोगों ने मतदान का प्रयोग ही किया था कि ईवीएम खराब हो गई। इसे मरम्मत की जा रही है। आज अंतिम दौर में झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन, मंत्री लुईस मरांडी तथा रणधीर सिंह, पूर्व मंत्री नलिन सोरेन, प्रदीप यादव, सत्यानंद झा तथा पूर्व स्पीकर आलमगीर आलम जैसे दिग्गजों का भाग्य तय होगा।

07:05 AM : इस चरण में लगभग 40 लाख मतदाता इन दिग्गजों सहित 237 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे, जिनमें 29 महिलाएं व 76 निर्दलीय भी शामिल हैं। चुनाव आयोग अंतिम चरण के मतदान के लिए भी सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की है। इस चरण में भी कुल 5,389 मतदान केंद्रों में 3,690 मतदान केंद्र या तो संवेदनशील या अतिसंवेदनशील हैं। 396 मतदान केंद्र नक्सल कारणों तथा 1,321 अन्य कारणों से अति संवेदनशील हैं।

06:55 AM : नक्सल कारणों से 208 मतदान केंद्र तथा अन्य कारणों से 1,765 मतदान केंद्र संवेदनशील हैं। इन सभी मतदान केंद्रों में केंद्रीय सुरक्षा बल या राज्य पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। सुरक्षा कारणों से आठ मतदान केंद्रों के चुनाव कर्मी हेलीकॉप्टर से पहुंचाए गए। वहीं, 124 मतदान केंद्रों के चुनाव कर्मी शुक्रवार को मतदान संपन्न होने के बाद संबंधित कलस्टरों में ही रूकेंगे। इनके सभी चुनावकर्मी शनिवार को ईवीएम के साथ जिला मुख्यालय पहुंचेंगें।

06:50 AM : राजमहल, पाकुड़, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, सारठ, पोड़ैयाहाट, गोड्डा तथा महगामा : सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक। बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर तथा शिकारीपाड़ा : सुबह सात बजे से शाम तीन बजे तक।

06:45 AM : सुरक्षा कारणों से बदले गए आठ मतदान केंद्र : सुरक्षा कारणों से अंतिम समय में आठ मतदान केंद्रों की जगह बदल दी गई है। जामा विधानसभा क्षेत्र में एक, लिट्टीपाड़ा में दो तथा शिकारीपाड़ा में पांच मतदान केंद्रों की जगह बदली गई है। हालांकि चुनाव आयोग ने वहां के मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने व वापस लाने के लिए वाहनों की भी व्यवस्था की है।

06:40 AM : 802 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट से किया मतदान : इस चरण में राजमहल, गोड्डा, जामताड़ा एवं पाकुड़ में दिव्यांग व 80 वर्ष से अधिक उम्र के कुल 802 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट से अपने घरों में ही मतदान किया। इस श्रेणी के कुल 838 मतदाताओं ने इसके लिए आवेदन किया था। चुनाव आयोग ने इनके मतदान के लिए तीन-तीन पदाधिकारियों की टीम गठित की थी। बता दें कि पहली बार झारखंड से यह सुविधा शुरू की गई है। प्रायोगिक तौर पर सात विस क्षेत्रों में इसे लागू किया गया था। इससे पहले चौथे चरण में देवघर, बोकारो एवं धनबाद में यह सुविधा दी गई थी, जिनमें 1,216 मतदाताओं ने पोस्टल बैलैट से मतदान किया था।

06:40 AM : बंपर वोटिंग की उम्मीद : अंतिम दौर की सभी सीटों पर बंपर वोटिंग की उम्मीद है। इसका खास आधार भी है। पिछले चुनाव में राज्य की सभी 81 सीटों में से 27 सीटों पर 70 फीसद से अधिक वोटिंग हुई थी, जिनमें 12 सीटें संताल प्रमंडल की थीं। सबसे पिछड़ी सीट पाकुड़ में राज्य में सबसे अधिक मतदान हुआ था। पाकुड़ और नाला में 80 फीसद से अधिक वोट पड़े थे, जबकि तीसरे स्थान पर महेशपुर विस सीट रही थी।

06:30 AM : झारखंड विधानसभा चुनाव के आखिरी दौर में शुक्रवार को पांचवें चरण का मतदान हो रहा है। संताल की 16 सीटों पर सुबह सात बजे से वोट डाले जाने हैं। यहां अभी से ही कई बूथों पर मतदाता पहुंचने लगे हैं। 16 में से दो सीटों महेशपुर तथा पोड़ैयाहाट में एक भी महिला प्रत्याशी चुनाव नहीं लड़ रही है। इस बार एक वर्तमान विधायक को छोड़कर सभी विधायक चुनाव लड़ रहे हैं। वर्तमान विधायक साइमन मरांडी की जगह उनके बेटे दिनेश विलियम मरांडी चुनाव लड़ रहे हैं। अंतिम दौर के किसी भी विधानसभा क्षेत्र में बूथ एप की सुविधा बहाल नहीं है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.