Jharkhand Election 2019: रघुवर की संपत्ति 13 लाख बढ़ी, लुइस मरांडी की 5 साल में 5 करोड़ इजाफा
Jharkhand Assembly Election 2019 मुख्यमंत्री रघुवर दास के पास अचल संपत्ति नहीं है कैबिनेट में सीएम की संपत्ति सबसे कम बढ़ी है।
रांची, [दिलीप कुमार]। Jharkhand Assembly Election 2019 रघुवर सरकार के पांच साल के कार्यकाल में अब तक एक भी दाग नहीं लगा है। झारखंड विधानसभा चुनाव में भी इसी घोषणा के साथ सरकार व उसके मंत्री चुनाव मैदान में है। रघुवर कैबिनेट के सभी मंत्री चुनाव लड़ रहे हैं। नामांकन के साथ दायर शपथ पत्र में सबने अपनी संपत्ति की घोषणा की है। शपथ पत्र का मुआयना करने पर यह पता चलता है कि रघुवर कैबिनेट में मुख्यमंत्री रघुवर दास की संपत्ति पांच साल के भीतर सबसे कम बढ़ी है, जबकि इसी सरकार में समाज कल्याण मंत्री रहीं लुइस मरांडी पांच साल में सर्वाधिक संपत्ति अर्जित की हैं। उन्होंने पांच साल में पांच करोड़ रुपये से भी अधिक की संपत्ति बनाई हैं।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपने शपथ पत्र में सिर्फ चल संपत्ति के बारे में जानकारी दी है। मुख्यमंत्री के पास 2014 के चुनाव में जहां 72 लाख 72 हजार रुपये की संपत्ति थी तो इस चुनाव के समय उनके पास 85 लाख रुपये की संपत्ति है। उन्होंने 2018-19 में अपनी वार्षिक आय 29 लाख रुपये बताई है। इसी तरह समाज कल्याण मंत्री लुइस मरांडी ने वर्ष 2014 के चुनाव में अपनी कुल संपत्ति 2.24 करोड़ रुपये बताई थी। इस चुनाव में उनकी अपनी संपत्ति 7.84 करोड़ रुपये है। अगर उनके पति व बच्चों की संपत्ति जोड़ दी जाय तो उनकी कुल संपत्ति नौ करोड़ 06 लाख रुपये हो जाएगी।
नगर विकास मंत्री सीपी सिंह 2014 में 3.17 करोड़ के मालिक थे, 2019 में उनके पास 4.28 करोड़ रुपये हैं। इसी तरह खेल मंत्री अमर कुमार बाउरी के पास 2014 में जहां मात्र 7.33 करोड़ रुपये की संपत्ति थी आज उनके पास 79 लाख रुपये की संपत्ति है। ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने गत चुनाव 2014 में अपनी संपत्ति 1.45 करोड़ रुपये बताई थी। अब उनकी संपत्ति 4.37 करोड़ रुपये पहुंच गई है।
रघुवर कैबिनेट में खाद्य आपूर्ति विभाग के मंत्री रहे सरयू राय के पास 2014 में जहां 3.13 करोड़ रुपये थे, अब उनके पास 4.35 करोड़ रुपये हो गए हैं। जल संसाधन विभाग के मंत्री रामचंद्र सहिस के पास 2014 में सिर्फ 63.49 लाख रुपये थे, आज उनके पास 69.93 लाख रुपये हैं। इसी तरह कृषि एवं पशुपालन विभाग के मंत्री रणधीर सिंह के पास 2014 में केवल 78 लाख रुपये थे, अब उनके पास 5.06 करोड़ रुपये की संपत्ति हो गई है।
शिक्षा मंत्री नीरा यादव के पास 2014 में जहां 80.59 लाख रुपये थे, अब उनके पास 3.32 करोड़ रुपये हो गए हैं। श्रम मंत्री राज पालिवार के पास 2014 में 5.48 करोड़ रुपये की संपत्ति थी, आज उनके पास 7.96 करोड़ रुपये की संपत्ति हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी भी 2.76 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं।
किसकी कितनी संपत्ति घटी-बढ़ी संपत्ति
मंत्री/मुख्यमंत्री 2014 2019
- रघुवर दास 72.72 लाख 85 लाख
- सीपी सिंह 3.17 करोड़ 4.28 करोड़
- अमर कुमार बाउरी 7.33 लाख 79 लाख
- नीलकंठ सिंह मुंडा 1.45 करोड़ 4.37 करोड़
- सरयू राय 3.13 करोड़ 4.35 करोड़
- रामचंद्र सहीस 63.49 लाख 69.93 लाख
- रणधीर सिंह 78 लाख 5.06 करोड़
- नीरा यादव 80.59 लाख 3.32 करोड़
- राज पालिवार 5.48 करोड़ 7.96 करोड़
- रामचंद्र चंद्रवंशी - - 2.67 करोड़
- लुईस मरांडी 2.24 करोड़ 7.84 करोड़