Move to Jagran APP

आदिवासियों के मन को छू गए PM Modi, कहा-राजकुमार राम को आपने बनाया मर्यादा पुरुषोत्तम Jharkhand Election 2019

Jharkhand Assembly Election 2019 आदिवासियों के मन को छूते हुए कहा कि आदिवासियों की विशिष्टता यह है कि वनवास के दौरान उनसे संस्कारित होकर भगवान राम मर्यादा पुरुषोत्तम बन गए।

By Alok ShahiEdited By: Published: Tue, 03 Dec 2019 08:55 PM (IST)Updated: Tue, 03 Dec 2019 08:55 PM (IST)
आदिवासियों के मन को छू गए PM Modi, कहा-राजकुमार राम को आपने बनाया मर्यादा पुरुषोत्तम Jharkhand Election 2019
आदिवासियों के मन को छू गए PM Modi, कहा-राजकुमार राम को आपने बनाया मर्यादा पुरुषोत्तम Jharkhand Election 2019

खास बातें

loksabha election banner
  • पीएम ने कहा-आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन के अधिकार पर नहीं आने दी जाएगी आंच
  • प्रधानमंत्री ने खूंटी और जमशेदपुर में किया चुनावी सभाओं को संबोधित
  • भगवान बिरसा मुंडा की धरती से आदिवासी समाज को दिलाया भरोसा
  • कहा, भाजपा आदिवासियों का गौरव बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध
  • कांग्रेस-झामुमो पर साधा निशाना, कहा- इनकी राजनीति छल व स्वार्थ की
  • पीएम मोदी बोले, भाजपा कर्म व सेवा भाव से करती है काम

रांची, राज्य ब्यूरो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को खूंटी और जमशेदपुर की चुनावी सभाओं में राष्ट्रीय गौरव बोध की बात की तो राम मंदिर, तीन तलाक काूनन, अनुच्छेद 370 की चर्चा भी की। उन्होंने स्थायी सरकार के फायदे बताते हुए केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार के के शासनकाल में किए गए विकास कार्यों को भी गिनाया। प्रधानमंत्री ने 19 साल के झारखंड के उम्र के इस पड़ाव को अहम बताते हुए इसके विकास का संकल्प दोहराया। साथ ही यह भी कहा कि भाजपा सरकार 25 साल का होते-होते झारखंड को इतना विकसित कर देगी कि इसे पीछे पलटकर न देखना पड़े। वहीं खूंटी में आदिवासियों के मन को छूते हुए कहा कि आदिवासियों की विशिष्टता यह है कि वनवास के दौरान उनसे संस्कारित होकर भगवान राम मर्यादा पुरुषोत्तम बन गए। जमशेदपुर में उन्होंने टाटा परिवार के गुजरात से होने की चर्चा कर खुद को जमशेदपुर से जोडऩे की कोशिश भी बखूबी की। उन्होंने अपनी खास संवाद शैली से पूरे भाषण के दौरान लोगों को जोड़ेे रखा।

खूंटी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की धरती से आदिवासी समाज के साथ भावात्मक रिश्ते जोड़े। जनजातीय समाज को विश्वास दिलाया कि भाजपा उनके हितों, उनके गौरव को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। स्पष्ट कहा कि आपके जल, जंगल व जमीन पर कोई आंच नहीं आएगी और ना ही कोई आंच आने दी जाएगी।

प्रधानमंत्री ने जहां आदिवासी समाज के लिए भाजपा की केंद्र व राज्य की सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों को साझा किया वहीं, कांग्रेस और झामुमो पर जमकर निशाना साधा। स्पष्ट कहा कि कांग्रेस व झामुमो की राजनीति छल व स्वार्थ की राजनीति है। उनकी नजर यहां की प्राकृतिक संपदा पर है जबकि भाजपा कर्म व सेवा भाव से काम करती है।

प्रधानमंत्री ने झारखंड अलग राज्य का जिक्र भी किया। कहा, वह अटल जी की भाजपा सरकार थी, जिसने जनजातीय समुदाय के लिए अलग झारखंड और छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया था। भगवान बिरसा मुंडा को सच्ची श्रद्धांजलि 2000 में अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड को जन्म देकर किया था। अटल जी की भाजपा सरकार ने ही आजादी के बाद पहली बार जनजातीय समुदाय के लिए अलग से मंत्रालय बनाया। आज अर्जुन मुंडा उसके मंत्री हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली और रांची की भाजपा सरकार का डबल इंजन किसानों और आदिवासियों का जीवन आसान बनाने का काम कर रहा है।

कड़ि‍या मुंडा की जमकर की तारीफ, अर्जुन मुंडा की पीठ थपथपाई

खूंटी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ भाजपा नेता कडिय़ा मुंडा और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की खूंटी के मंच से जमकर तारीफ की। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब मैं भाजपा में एक कार्यकर्ता के रूप में संगठन का दायित्व संभालता था तब कडिय़ा मुंडा ने उंगली पकड़कर मुझे संगठन शास्त्र सिखाया। उनके मार्गदर्शन में हम एक बार फिर झारखंड को संवारने के लिए मेहनत कर रहे हैं। वहीं, अर्जुन मुंडा के संबोधन के बाद प्रधानमंत्री ने उनकी पीठ थपथपाई। अपने संबोधन में भी उन्होंने इसका जिक्र किया। कहा, उनका अद्भुत प्रेरक भाषण सुनने के बाद मेरे भाषण की कोई जरूरत नहीं है। यह भी कहा कि जिस धरती पर ऐसा नेतृत्व हो वहां कमल कभी मुरझा नहीं सकता।

कुर्सी के लिए सीएम की कुर्सी को भी दांव पर लगा दिया, अब सत्ता में वापसी के लिए छटपटा रहे

प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और झामुमो ने स्वार्थ के लिए भ्रष्टाचार को प्रश्रय दिया। मुख्यमंत्री की कुर्सी तक को दांव पर लगा दिया। अब ये लोग सत्ता में वापसी के लिए छटपटा रहे हैं। इन्हें रोकना आपके हाथ में है। कहा, आप सभी को कांग्रेस से सावधान रहने की जरूरत है। उनकी नजर सिर्फ और सिर्फ यहां की प्राकृतिक संपदा पर है। झारखंड को लूटना ही उनका एजेंडा है।

धारा 370, राम मंदिर और तीन तलाक का भी किया जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खूंटी और जमशेदपुर दोनों ही जगह अनुच्छेद 370 से लेकर राम जन्मभूमि और तीन तलाक का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हम राजनीति नहीं देशनीति करते हैं इसलिए पूरे देश का समर्थन मिलता है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर देेश की एक बड़ी समस्या का समाधान किया। वहीं राम मंदिर के मुद्दे पर कहा कि आज शांति और सदभाव के साथ इस मुद्दे का समाधान हो चुका है। कहीं कोई मतभेद नहीं। यही तो श्रीराम की ताकत है। तीन तलाक पर कहा कि इससे पूरा मुस्लिम समाज परेशान था। इसलिए इसके खिलाफ कानून लाया। प्रधानमंत्री ने सवर्णों और ओबीसी को आरक्षण दिए जाने की चर्चा की। साथ ही झारखंड में एम्स समेत चार नए मेडिकल कॉलेज खुलने और मेडिकल छात्रों के लिए सीटें दोगुनी करने की भी याद दिलाई।

आदिवासियों ने संस्कारित किया तो भगवान राम बने मर्यादा पुरुषोत्तम 

प्रधानमंत्री ने भगवान राम और आदिवासियों के बीच के रिश्तों को भी जोड़ा। कहा, भगवान राम जब अयोध्या से निकले थे वह राजकुमार थे। लेकिन जब अयोध्या वापस आए तो मर्यादा पुरुषोत्तम कहलाए। यह कैसे हुआ। क्योंकि 14 साल राजकुमार राम ने आदिवासियों के बीच में बिताए थे। आदिवासियों ने उन्हें संस्कारित किया।

19 साल का झारखंड जब 25 का हो तो पीछे मुड़कर न देखना पड़े

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब झारखंड की उम्र 19 साल हो गई है। दुनिया के अंदर टीनएज की चर्चा होती है। घर में जब बच्चे की उम्र 19 साल हो जाती है तो मां-बाप सजग हो जाते हैं। गंभीरता पूर्वक 19 साल के बेटे-बेटी के भविष्य के लिए मां-बाप सोचने लगते हैं। झारखंड की जनता के लिए भी अब झारखंड 19 साल का हो चुका है। झारखंड नागरिकों की जितनी जिम्मेवारी है उतनी मेरी भी जिम्मेवारी है। हम दोनों मिलकर 19 साल के झारखंड को इतना ताकतवर, इतना समृद्ध और इतना सशक्त बना दें कि जब वह 25 साल का हो तो उसे पीछे मुड़कर देखना न पड़े। इसलिए आने वाले 5 साल 19 साल के झारखंड के लिए बहुत जरूरी है।

भगवान बिरसा और शहीद अल्बर्ट एक्का को किया नमन

प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के साथ-साथ शहीद बिरसा मुंडा को भी नमन किया। कहा, आज ही के दिन परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का वीर गति को प्राप्त हुए थे। मै इस धरती से उन्हें नमन करता हूं। टाना भगतों की चर्चा करना भी वे नहीं भूले।

सशक्त हो रहा मेक इन इंडिया का नारा

मोदी ने कहा कि जमशेदपुर के स्टील की बदौलत स्टील उत्पादन में हम दुनिया में दूसरे स्थान पर हैं। झारौंड के स्टील से मेक इन इंडिया का विजन सशक्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने हर उस वर्ग की चिंता की है, जिन्हें हमेशा सताया गया है। असंगठित क्षेत्र के साथियों की चिंता पहली बार भाजपा सरकार ने की है। साथियों को 60 वर्ष के बाद पेंशन की सुविधा दी गई है। सरकार की दूसरी योजनाओं का भी लाभ इस वर्ग को मिल रहा है।

हर गरीब का होगा अपना पक्का घर

पीएम ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर गरीब को पक्का घर देने का संकल्प लिया है। कोई भी झुग्गी-झोपड़ी में नहीं रहेगा। 2022 तक भारत की आजादी के 75वीं सालगिरह से पहले हर गरीब परिवार का अपना पक्का घर होगा।

झारखंड को बनाएंगे रेशम का हब

उन्होंने कहा कि झारखंड के हर हिस्से में रेशम की पैदावार होती है। भाजपा की सरकार रेशम उत्पादन का हब बनाने की विजन के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने इस दौरान, उज्जवला, आयुष्मान और किसान पेंशन योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने लोगों की जिंदगी बदली। साथ ही कहा कि आयुष्मान और किसान पेंशन समेत कई योजनाओं की झारखंड कर्मस्थली भी बना। यहीं से ये योजनाएं पूरे देश के लिए लांच की गईं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.