PM Modi Rally in Jharkhand: पीएम मोदी आज धनबाद में, राहुल-राज बब्बर और राजनाथ की भी चुनावी सभाएं
PM Modi Rally in Jharkhand पीएम मोदी जहां धनबाद में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे वहीं राहुल गांधी गुरुवार को महागामा में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
रांची, राज्य ब्यूरो। PM Modi Rally in Jharkhand तीसरे चरण के चुनाव के बाद अब सभी दलों और स्टार प्रचारकों ने चौथे चरण की सीटों पर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गज नेताओं की सभाएं होंगी। पीएम मोदी जहां धनबाद में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे, वहीं राहुल गांधी गुरुवार को महागामा विधानसभा क्षेत्र के मेहरमा स्थित बलबड्डा खेल मैदान और राजमहल के मटियाल चरवाहा मैदान में सभा करेंगे।
झारखंड विधानसभा चुनाव के मोदी जहां चौथी बार दौरे पर आए हैं, वहीं राहुल गांधी का यह तीसरा दौरा होगा। प्रधानमंत्री के 15 और 17 दिसंबर को भी झारखंड आएंगे। 15 दिसंबर को वे दुमका और 17 दिसंबर को साहिबगंज के बरहेट में जनसभा को संबोधित करेंगे। उधर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह भी गुरुवार को तीन चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। राजनाथ सिंह 11.30 बजे हिरणपुर बाजार, एक बजे देवरी ब्लॉक मैदान, दुमका और दो बजे पारसनाथ दिगंबर उच्च विद्यालय में सभा को संबोधित करेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह गृह मंत्री अमित शाह के भी 14 और 16 दिसंबर को झारखंड आने की बात कही जा रही है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 13 दिसंबर को साहिबगंज के भोगनाडीह मैदान में सभा करेंगे।
कांग्रेस नेता राज बब्बर धनबाद में करेंगे रैली
कांग्रेस के स्टार प्रचारक राज बब्बर गुरुवार को धनबाद में जनसभा को संबोधित करेंगे। राज बब्बर गुरुवार दोपहर एक बजे सेवा विमान से रांची पहुंचेंगे और हेलीकॉप्टर से धनबाद के लिए रवाना होंगे। इनके साथ पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, प्रवक्ता आलोक दुबे और लाल किशोर नाथ शाहदेव भी रहेंगे। धनबाद के पुटकी हाई स्कूल मैदान में कांग्रेस प्रत्याशी मन्नान मलिक के लिए वे जनसभा करेंगे। इसके बाद वे बाघमारा पहुंचेंगे और जनसभा करने के बाद शाम पांच बजे रांची लौट आएंगे। राज बब्बर शाम सवा सात बजे सेवा विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।