Move to Jagran APP

PM Modi Rally in Jharkhand: पीएम मोदी बोले, कांग्रेस ने वोट बैंक के खातिर अयोध्‍या मसले को लटकाया

PM Modi Rally in Jharkhand झारखंड विधानसभा के चुनावी रण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एंट्री से भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की तैयारी है।

By Alok ShahiEdited By: Published: Mon, 25 Nov 2019 09:17 AM (IST)Updated: Mon, 25 Nov 2019 05:35 PM (IST)
PM Modi Rally in Jharkhand: पीएम मोदी बोले, कांग्रेस ने वोट बैंक के खातिर अयोध्‍या मसले को लटकाया
PM Modi Rally in Jharkhand: पीएम मोदी बोले, कांग्रेस ने वोट बैंक के खातिर अयोध्‍या मसले को लटकाया

रांची, जेएनएन। PM Modi Rally in Jharkhand झारखंड पुकारा, भाजपा दोबारा... झारखंड विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly Election 2019) में भाजपा (BJP) के पक्ष में माहौल बनाने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi in Jharkhand) ने डालटनगंज और गुमला में चुनावी जनसभा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा भगवान श्रीराम, उनका वनवास और झारखंड के वनवासियों पर केंद्रित रहा। उन्होंने अयोध्या मसले (Ayodhya Verdict) पर कोर्ट के फैसले को सरकार की उपलब्धि बताई।

loksabha election banner

उन्‍होंने वर्षों तक मामले को लटकाने के लिए कांग्रेस (Congress) पर दोष मढ़ा है। प्रधानमंत्री (PM Modi Rally in Jharkhand) ने नक्सलवाद की भी चर्चा की और कहा कि इस बहाने पूरे राज्य को कांग्रेस और झामुमो ने बदनाम किया, लेकिन अब राज्य में डबल इंजन की सरकार बनी तो नक्सलवाद की कमर टूट जाएगी। केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि पढ़ाई, कमाई, सिंचाई और दवाई पर सबका हक है और इसकी सुविधा सभी को मिले, यह केंद्र ने सुनिश्चित कर दिया है।

अंजनी धाम का जिक्र कर उन्होंने हिंदू भावनाओं को छुआ तो आदिवासी वीर सपूतों का नाम लेकर एक बड़े वर्ग को प्रभावित कर गए। इस दौरान उन्होंने आसपास के विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा प्रत्याशियों को अधिक से अधिक वोट से जिताने की अपील की। नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए अयोध्या मसले पर कोर्ट के निर्णय का श्रेय सरकार को दिया और कहा कि जिस मामले को कांग्रेस और उसके साथियों ने वर्षों तक उलझाए रखा, उसे हमारी सरकार ने सुलझा दिया है।

उन्होंने यह भी कहा कि लोग हमेशा याद रखेंगे कि कांग्रेस और उसके साथियों ने राम जन्मभूमि के मुद्दे पर कैसी राजनीति की और कैसे समाज को बांटा। नक्सलवाद के मुद्दे पर बोलते हुए मोदी ने कहा कि पूरे झारखंड की छवि हिंसा प्रभावित इलाके की बना दी गई थी, लेकिन अब बदलाव हो रहा है।

PM Modi Rally in Jharkhand (Palamu and Gumla)

गुमला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, कांग्रेस करती है वोट बैंक की राजनीति

3:05 PM : पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आप सब इतनी दूर से सभा में मुझे सुनने पहुंचे हैं, इसके लिए सबका आभार। रांची में भी ऐसी ही सरकार बनानी है जिससे केंद्र और राज्य में तालमेल बना रहे। अब मतदान के दिन भारी संख्‍या में मतदान करने का वादा करें और भाजपा की सरकार एक बार फिर से झारखंड में बनाएं। पीएम ने भारत माता की जय के नारे लगाकर अपना संबोधन समाप्‍त किया।

3:02 PM : प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने वोट बैंक के खातिर अयोध्‍या मसले को दशकों तक लटकाए रखा। कांग्रेस लोगों के बीच दरार नहीं दीवार बनाती है। अब सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला देकर देशवासियों को एकजुट किया है। एक बार फिर डबल इंजन लगाइए और झारखंड में भाजपा की सरकार बनाइए। दोनों हाथ ऊपर उठाकर भारत माता की जय के नारे उन्‍होंने उत्‍साही भीड़ से लगवाए।

2:57 PM : मोदी ने कहा भाजपा की सरकारों ने आदिवासी नेतृत्‍व को सम्‍मान देकर आगे बढ़ाया। झारखंड के विभूतियों को हमने पद्म सम्‍मान से नवाजा। रांची में भगवान बिरसा मुंडा के लिए भव्‍य म्‍यूजियम बनाया जा रहा है। जहां-जहां आदिवासियों का गौरवपूर्ण इतिहास है, हम उस पर काम कर रहे हैं। आदिवासियों ने प्रभु श्रीराम को रास्‍ता दिखाया। 14 साल के वनवास के बाद राजकुमार राम मर्यादा पुरुषोत्‍तम राम बन गए। उन्‍होंने यह समय आदिवासियों के बीच गुजारा। कहते हैं कि वनवास के दौरान गुमला के पास ही प्रभु राम ने समय गुजारा। यहां अंजनधाम में उनके प्रिय हनुमान का वास होता था।

2:55 PM : पीएम ने कहा कि भाजपा सरकार का 2024 तक हर घर तक जल पहुंचाने का लक्ष्य है। इस मिशन का बहुत बड़ा लाभ आदिवासी समाज को मिलेगा। सरकार किसानों के साथ-साथ जंगलों में रहने वाले आदिवासियों का जीवन स्तर बढ़ाने के लिए काम कर रही है। इसके लिए सरकार के द्वारा व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। 50 वन उपजों को समर्थन मूल्य दिया जाएगा। जनजातीय समाज के लिए केंद्र में अलग से मंत्रालय बना। भाजपा सरकार ने संवैधानिक व्यवस्थाओं में भी आदिवासी समाज को स्थान दिया। सिमोन उरांव और अशोक भगत को पद्म सम्मान दिया। रांची में बिरसा मुंडा का संग्रहालय भी जल्द ही देश-दुनिया को प्रेरित करेगा।

2:52 PM : प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने 50 वन उपजों को समर्थन मूल्‍य के दायरे में लाया। पहले जो आदिवासियों को ठग रहे थे उनकी दुकानें बंद कर दीं। वन उपजों के वैल्‍यू एडिशन के लिए हमने 160 केंद्र खोले ताकि आदिवासियों को उनकी उपज का अधिक लाभ मिल सके। आदिवासियों को जमीन के पट्टे देने पर भी हमारी सरकार काम कर रही है। जनजातीय समुदाय के लिए एकलव्‍य मॉडल स्‍कूल का काम पूरे देश में अर्जुन मुंडा के नेतृत्‍व में चल रहा है। अब भाजपा की सरकार ने तय किया है कि देश के हर ब्‍लॉक में एक एकलव्‍य स्‍कूल बनाएंगे। झारखंड के लिए 46 एकलव्‍य स्‍कूल स्‍वीकृत हुए हैं। यहां सिर्फ पढ़ाई नहीं, बल्कि उनके कौशल विकास पर काम होगा। आदिवासी बच्‍चे भी अब फख्र से जीवन जी सकेंगे। 

2:49 PM : पीएम मोदी ने कहा कि विकास में पिछड़ रहे जिलों को आकांक्षी जिलों में शामिल कर यहां विकास किया है। सबके जीवन को आसान बनाना भाजपा का लक्ष्य है। किसी के साथ भेदभाव नहीं। वोट बैंक की राजनीति नहीं। सबका साथ सबका विकास। मोदी ने कहा कि हर गरीब परिवार को पक्का मकान देने का काम सरकार ने किया है। और जिनको अभी तक मिला नहीं है, उनसे मैं वादा करता हूं कि 2022 तक सबको पक्का मकान मिलेगा।

2:47 PM : प्रधानमंत्री ने कहा कि रांची और दिल्‍ली में अलग-अलग सरकार होती तो काम करने में बड़ी मुश्किल होता। जैसे हर जरूरतमंद को शौचालय, बिजली, उज्‍ज्वला, आयुष्‍मान का लाभ मिला, वैसे ही अब हर घर में नल का जल मिलेगा। अब रांची में आप ऐसी मजबूत सरकार बनाएं कि दिल्‍ली और रांची में कोई फर्क न रहे। झारखंड के किसान को आगे भी डबल लाभ मिलता रहे। हमने 3000 रुपये की मासिक पेंशन योजना शुरू की है। इससे 60 साल के बाद आपको परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।

2:42 PM : प्रधानमंत्री ने कहा कि इतने सारे लोग जिस उत्‍साह से मुझे सुन रहा है, मेरा मन कर रहा है कि मैं भी बोलता जाऊं। पहले आदिवासी गरीब का हक मारा जाता था, हमारी सरकार ने खाते में सीधे पैसे ट्रांसफर करने की सुविधा दी। बिचौलिए का नामो-निशान मिटा दिए। पहले की सरकार के पुराने ढर्रे के मकान को हटाकर हमने बिजली-पानी सबकी चिंता की। घरों का आकार भी बढ़ाया है। अब आपकी जरूरत के हिसाब से आप खुद अपना घर बना रहे हैं। यहां के लोगों के लिए हमने तय किया कि अपने पसंद के हिसाब से आप घर बनाएं, सरकार बीच में नहीं आएगी। रांची और दिल्‍ली दोनों जगह डबल इंजन की भाजपा सरकार ने आपकी पूरी चिंता की है।

2:37 PM : मोदी ने कहा कि सबके जीवन को आसान बनाना हमारा लक्ष्‍य है। पढ़ाई-कमाई-दवाई की चिंता हम कर रहे हैं। गुमला के जंगल में रहने वाले आदिवासी को आयुष्‍मान भारत के तहत पांच लाख तक की इलाज की सुविधा मिली है। उज्‍ज्वला के तहत सबको गैस चूल्‍हा और सिलिंडर मिला। कोई भेदभाव नहीं। कोई तेरा-मेरा नहीं। हर गरीब को पक्‍का घर देने का काम हम कर रहे हैं। करीब दस लाख घर झारखंड में बनकर तैयार हो गया है। 2022 में आजादी के 75 साल पूरे होने पर हर गरीब के सिर पर छत का सपना पूरा होगा।

2:32 PM : पीएम मोदी ने कहा कि हमारे लोग हिंसा के कारण बड़ी संख्‍या में गुमला से पलायन कर गए, लेकिन झारखंड की भाजपा सरकार ने बहुत ईमानदारी से काम किया। पहले कांग्रेस और उसके सहयोगियों की सरकारें सिर्फ राजनीति करती थी। नक्‍सलवाद को लेकर उनकी नीति और नीयत साफ नहीं थी। हमने भटके हुए नौजवानों को मुख्‍य धारा में वापस लाने के लिए खुले दिल से उनका स्‍वागत किया। आज उनकी माताएं हमें लाख-लाख आशीर्वाद दे रही हैं। 30 नवंबर और 7 दिसंबर को जब एक बार फिर कमल खिलाकर झारखंड में भाजपा की सरकार बनाएं।

2:28PM : प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह धरती वीर-पुरुषों की है। तपस्वियों की है। प्रेरणा देने वाले व्‍यक्तित्‍व झारखंड की अलग पहचान बनाते हैं। यहां के वीर देश की सीमाओं पर नक्‍सल प्रभावित क्षेत्रों में युवा देशवासियों की रक्षा में जुटे हैं। अलबर्ट एक्‍का को याद किया। ये वीर बलिदानी मुझे और मेरे साथियों को निरंतर प्रेरित करते हैं। देश के लिए बड़े फैसले लेने की प्रेरणा देते हैं। साल 2014 में आपके बीच आया था। तब से आज के माहौल में काफी अंतर है। तब नक्‍सलवाद, असुरक्षा, आए दिन होने वाली हिंसा बड़ा मुद्दा था। यहां की सरकार ने पांच साल में ऐसा काम किया कि माहौल भयमुक्‍त हो गया है।

2:25 PM : प्रधानमंत्री ने अपना संबोधन शुरू किया। इहां आयल माय-बाप भाई-बहिन के नरेन्द्र मोदी के जोहर। गुमला की सभा में जुटी भीड़ का अभिवादन और भारत माता की जय के उद्घोष के साथ उन्‍होंने भाजपा उम्‍मीदवारों के लिए समर्थन की अपील की। मांडर से देवकुमार धान, लोहरदगा से सुखदेव भगत के लिए आशीर्वाद मांगा।

2:05 PM : गुमला पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। फुग्‍गू पक्‍का हवाई अड्डा मैदान के सभास्‍थल पर पहुंचते ही भीड़ ने लगाए मोदी-मोदी के नारे। प्रधानमंत्री अब से थोड़ी देर बाद यहां अपना संबोधन शुरू करने वाले हैं। उत्‍साही लोग लगातार अपने चहेते पीएम मोदी के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं।

2:00 PM : केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि 2014 में जब जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रचंड बहुमत की सरकार बनवाई तो मोदी जी ने इन क्षेत्रों के विकास की नीतियां बनाईं। लंबे समय तक राज करने वाले लोगों ने जनजातीय लोगों को छला है, आदिवासी क्षेत्रों का शोषण व दोहन किया, लेकिन अधिकार कैसे मिले, इसकी न चिंता की, न नीतियां बनाईं। विश्व में भारत की पहचान बनाने वाले नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने सशक्त व समृद्ध भारत के रूप में भारत को विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए गुमला जैसे उन क्षेत्रों को चुना है, जहां हम जैसे लोग रहते हैं।

पलामू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोले, कांग्रेस समस्‍या की जननी, भाजपा समाधान की जनक

1:17 PM : मोदी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने आदिवासियों की पीड़ा समझते हुए अलग झारखंड बनाया। अलग जनजातीय मंत्रालय बनाया। पिछड़ों के लिए ओबीसी आयोग को भाजपा सरकार ने संवैधानिक दर्जा दिया।  यह भाजपा की सरकार है, सामान्‍य वर्ग को हमने 10 फीसद आरक्षण दिया। सबका साथ सबका विकास के प्रति झारखंड के हर वोटर को आश्‍वस्‍त करता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि रघुवर दास सरकार ने सबके लिए काम किया। 30 नवंबर को सिर्फ एक बात याद रखें। कमल का फूल पर बटन दबाएं और पांच साल तक आपके लिए समर्पित सरकार चलाने का मौका दें। भारत माता की जय, भारत माता की जय के साथ पीएम मोदी ने संबोधन समाप्‍त किया।

1:15 PM : पीएम ने कहा कि जम्‍मू-कश्‍मीर में आर्टिकल 370 को वे पालते रहे। जानबूझकर इसे 70 साल से लटकाकर रखा। भाजपा ने इसके समाधान का वादा किया था, जिसे पूरा किया। भगवान राम की जन्‍मभूमि अयोध्‍या का विवाद भी इन लोगों ने दशकों से लटकाया हुआ था। कांग्रेस चाहती तो समाधान निकाल सकती थी, कांग्रेस ने वोट बैंक के फेर में अयोध्‍या को लटकाकर रखा। कांग्रेस ने दरार नहीं दीवार बना दी। एक भारत श्रेष्‍ठ भारत के लिए हम समर्पित हैं। एकता के मंत्र को लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं। रामजन्‍मभूमि विवाद अब हल हो गया है। सबको आनंद हो रहा है। भाजपा जो संकल्‍प लेती है, उसे पूरा करती है। एक-एक आदमी की मर्यादा भाजपा हमारी प्राथमिकता है।

1:10 PM : पीएम ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ रेवड़ियां बांटनी जानती है। उनके पास समस्‍या है। हमारे पास समाधान है। उनके पास आरोप है, हमारे पास रिपोर्ट है। उत्‍तरी कोयल परियोजना को लेकर उन्‍होंने कभी गंभीर कोशिश नहीं की। कांग्रेस और उसके साथी दलों ने कभी किसानों की चिंता नहीं की। वे समस्‍याओं को टालकर वोट बटोरते रहे।

1:05 PM : पीएम ने कहा कि बंगाल, छतीसगढ़, राजस्‍थान में किसानों को पीएम किसान योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा है। उनको लगता है कि किसान समृद्ध होंगे तो मोदी का जय-जयकार होगा। पीएम ने कहा कि झारखंड को लूटनेवाले और सेवा करनेवाले के बीच यह चुनाव है। वोट डालने से पहले इसे समझना बहुत जरूरी है कि किसने काम किया, किस मंशा से किया। भाजपा ने जो वादे किए, जो एलान‍ किए हम जमीन पर उतार रहे हैं।

12:59 PM : पीएम ने कहा कि दूसरी सरकारें आएंगी तो वह केंद्र की याेजनाओं को लागू करने में आनाकानी करेगी। झारखंड के लिए गौरव की बात है कि उसने आयुष्‍मान भारत की लॉन्चिंग कर पूरे देश को दिशा दी। डबल इंजन की सरकार में केंद्र और राज्‍य की योजनाओं का फायदा लोगों को अधिक मिलता है। उज्‍ज्वला योजना से देश के 8करोड़ लोगों को लाभ मिला। झारखंड के 37 लाख लोगाें को दूसरा सिलिंडर मुफ्त मिला। यही डबल फायदा है। पीएम किसान के साथ ही सीएम किसान आशीर्वाद योजना के जरिये डबल इंजन की सरकार ने आपके घर तक लाभ पहुंचाया। इससे विकास में निरंतरता होती है।

12:55 PM : प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा की सरकार ने यहां के खनिजों का बड़ा हिस्‍सा यहां के विकास के काम आ रहा है। मैं आपको विश्‍वास दिलाता हूं कि हम ऐसा एक गरीब भी नहीं रहने देंगे, जिसके पास अपना घर न हो। कहा कि सरकारें बदलती है तो क्‍या हाल होता है, मैं बता देता हूं। यूपी का उदाहरण देते हुए कहा कि जबतक पुरानी सरकार थी कागज पर घर बन रहे थे। जैसे योगी जी की सरकार बनी सबसे ज्‍यादा घर उत्‍तर प्रदेश में बन रहे हैं।

12:54 PM : प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले शाम छह बजे जनजीवन थम जाता था। आज रात भर लोग सामान्‍य आवागमन कर रहे हैं। यह बड़ा बदलाव है। सरकार ने सबके लिए समृद्धि का रास्‍ता खोला है। पहले झारखंड में पिछले दरवाजे से सरकार बनती थी। यहां के विपक्षी दलों का एकमात्र उद्देश्‍य है सत्‍ता भोग। इसलिए एक बार फिर वे आपसे वोट मांग रहे हैं।

12:52 PM : प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि झारखंड युवा अवस्‍था में है। इस दौरान यहां जो दिशा मिलेगी, उसका राज्‍य के भविष्‍य पर बड़ा प्रभाव पड़ेगा। बीते पांच वर्षों में यहां की भाजपा सरकार ने सामाजिक न्‍याय के पांच बड़े काम किए। हम पांच सूत्र स्थिरता, सुशासन, समृद्धि, सम्‍मान और सुरक्षा पर काम करते हैं। भाजपा ने झारखंड में भ्रष्‍टाचार खत्‍म करने के लिए दिन-रात काम किया। भाजपा ने समाज के हर आदमी का गौरव बढ़ाया। नक्‍सलवाद और अपराध से मुक्ति के लिए बेहतर प्रयास किया। आप याद कीजिए पांच साल पहले क्‍या स्थिति थी।

12:50 PM : प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां का एक-एक बच्‍चा कमल निशान के साथ खड़ा हैं। जब भाजपा का जनाधार इतना नहीं था, कांग्रेस के लोग हमारा मजाक उड़ाते थे। तब से झारखंड की भावना हमारे साथ रही। वर्ष 2014 और फिर 2019 में आपने फिर से व्‍यापक जनसमर्थन देकर हमारी सरकार बनाई। यहां के सैलाब से इस बार के चुनावी नतीजे प्रतिलक्षित हो रहे हैं। यहां फिर से भाजपा की सरकार बननी बहुत जरूरी है।

12:47PM : प्रधानमंत्री ने कहा राम-राम। लातेहार में मारे गए पुलिसकर्मियों के प्रति संवेदना जताई। कहा कि इतनी भारी संख्‍या में पहुंचे हैं। आपका अपनाअपन मेरी ऊर्जा का स्रोत है। मुझे बार-बार झारखंड आने के लिए प्रेरित करता है। मैं आपके पास खींचा चला आता हूं। डालटनगंज में चुनावी सभा का आगाज करते हुए आनंद की अनुभूति हो रही है। पलामू भाजपा के लिए मजबूत किला रहा है। पूरे भारत में कमल शान से खिला है, इसके लिए आप सब का आशीर्वाद काम आया।

12:45 PM : प्रधानमंत्री ने सीएम रघुवर दास को भावी मुख्‍यमंत्री के रूप में संबोधित किया। उन्‍होंने वीडी राम, ओम माथुर, समेत भाजपा उम्‍मीदवारों आौर भाजपा नेताओं का अभिवादन किया। आलोक चौरसिया, शशिभूषण मेहता, विनोद सिंह, सत्‍येंद्र तिवारी, भानू प्रताप शाही, रघुपाल सिंह, जनार्दन पासवान को भारत माता की जय बोलकर उत्‍साही भीड़ से आशीर्वाद दिलाया।

12:40 PM : प्रधानमंत्री का संबोधन शुरू। भारत माता की जय। भारत माता की जय के नारे लगााए। पेड़ पर चढ़े युवकों को नीचे उतरने की अपील की। कहा कि सारे नौजवान बहुत समझदार हैं। कुछ लोग बोलते हैं चढ़ जाने के बाद नीचे उतरना नहीं आता। आपकी यही कला मुझे काम करने की ताकत देता रहता है।

12:35 PM : मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि हवा का रुख बता रहा है कि भाजपा की सरकार एक बार फिर से बन रही है। हम विकास की गति को तेज करेंगे। विपक्ष को यहां पहुंचे लोगों को देखकर अंदाजा लग गया होगा कि सरकार किसकी बन रही है। हम निश्चित ही 65 प्‍लस के टारगेट को पूरा करेंगे।

12:25 PM : मुख्‍यमंत्री रघुवर दास सभा को संबोधित कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि एक रुपये में महिलाओं को रजिस्‍ट्री की सुविधा देकर हमने उन्‍हें सम्‍मान दिया है। हमने मंडल डैम शुरू किया है। पलामू में मेडिकल कॉलेज खोलकर डबल इंजन की सरकार ने विकास के नारे को बुलंद किया है।  

12:10 PM : प्रधानमंत्री के सभास्‍थल पर पहुंचने के लिए बड़ी संख्‍या में लोग चियांकी पहुंचे हैं। हवाई अड्डा मैदान में जितने लोग कार्यक्रम स्‍थल पर बैठे हैं, उससे कहीं अधिक बाहर खड़े होकर अपने पीएम का इंतजार कर रहे हें। हर तरफ जोश-जूनून का माहौल दिख रहा है।

12:00 PM : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चियांकी हवाई अड्डा मैदान की चुनावी जनसभा में हजारों लोग पहुंचे हैं। महिलाएं अपने पीएम को सुनने को लेकर उत्‍साहित हैं। महिलाएं मोदी-मोदी के नारे लगा रही हैं। पीएम मोदी अब से कुछ देर में यहां पहुंचने वाले हैं। सभा में झारखंड के नेताओं का संबोधन हो रहा है।

11:55 AM : प्रधानमंत्री के सभास्थल की ओर जाने को लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा है। जगह-जगह पुलिस  तैनात है। सभा में पहुंचने वालों में महिलाओं की संख्या काफी अधिक है। सभा में सांसद -विधायक जनता को संबोधित कर रहे हैं।

11:45 AM : मुख्‍यमंत्री रघुवर दास पीएम मोदी की सभा में पहुंच गए हैं। उन्‍होंने ट्विटर पर अपने संदेश में लिखा- भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का हार्दिक अभिनंदन। झारखण्ड का जन-जन विकास करने वाली भारतीय जनता पार्टी के साथ है। झारखण्ड का जन-जन मोदी जी के साथ है।

11:35 AM : भाजपा की सांसद अन्‍नपूर्णा देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झारखंड आगमन पर ट्वीट किया- भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरती झारखण्ड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का हार्दिक स्वागत है। आपका आगमन झारखण्ड के जन-जन के मन में विकास के प्रति विश्वास को कई गुना बढ़ाता है। आपके नेतृत्व में प्रदेश में फिर एक बार कमल खिलेगा।

11:20 AM : पीएम मोदी के सभास्‍थल पर भाजपा के कई नेता पहुंचे हैं। सभा में उत्‍साही भाजपा कार्यकर्ताओं की टोली गगनभेदी नारे लगाकर भाजपा के पक्ष में माहौल बना रही है। सुरक्षा जांच के लिए सभास्‍थल के तमाम गेट पर सुरक्षा बल के जवान मुस्‍तैद हैं। सभास्‍थल के आस-पास भी पैनी नजर रखी जा रही है।

11:00 AM : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सभास्‍थल पर भारी भीड़ जुट गई है। सभा में अपने प्रधानमंत्री को सुनने हर वर्ग के लोग पहुंच रहे हैं। भाजपा का झंडा लहराते कई कार्यकर्ता अभी से ही मोदी-मोदी के नारे लगा रहे हैं। 

10:45 AM : पलामू में पीएम के सभा सथल की ओर जा रहे वाहनों को बैरिकेडिंग के पहले ही रोक दिया जा रहा है। सभास्‍थल की ओर पैदल जाने की इजाजत दी गई है।

10:25 AM : मेदनीनगर चियांकी हवाई अड्डा में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनावी सभा में बीजेपी का झंडा लहराते लोग पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा को लेकर मंच सज कर तैयार है।

10:05 AM : झारखंड के मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने ट्विटर पर अपने संदेश में लिखा- भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरती झारखण्ड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का हार्दिक स्वागत है। आपका आगमन झारखण्ड के जन-जन के मन में विकास के प्रति विश्वास को कई गुना बढ़ाता है। आपके नेतृत्व में प्रदेश में फिर एक बार कमल खिलेगा।

9:50 AM : पलामू में प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर जिला मुख्यालय मेदनीनगर में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। चौक-चौराहों पर भारी संख्‍या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।

9:30 AM : प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर डालटनगंज में सभास्‍थल पर लोग जुटने शुरू हो गए हैं। पीएम यहां चुनावी जनसभा में मतदान की अपील करेंगे साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं में जान फूंकेंगे।

यह खबर लगातार अपडेट हो रही है। ताजा जानकारी के लिए बने रहें हमारे साथ...


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.