Jharkhand Assembly Election 2019: दूसरे चरण की 20 सीटों पर चुनाव की अधिसूचना जारी, नामांकन शुरू
Jharkhand Assembly Election 2019. 18 नवंबर तक नामांकन चलेगा! जमशेदपुर पूर्वी पश्चिमी जैसी हाई-फाई सीट भी इसी में शामिल हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 - विधानसभा चुनाव के तहत दूसरे चरण की 20 सीटों पर चुनाव के लिए सोमवार को अधिसूचना जारी हो गई। इसी के साथ इन सीटों पर नामांकन शुरू हो गया। इन सीटों में बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, सरायकेला, खरसावां, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, तमाड़, मांडर, तोरपा, खूंटी, सिसई, सिमडेगा तथा कोलेबिरा शामिल हैं।
चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही इन सीटों पर नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन पश्चिमी में महज एक नामांकन होने की सूचना है। हालांकि नामांकन पत्र कई बिके। इन सीटों पर 18 नवंबर तक नामांकन होना है। 19 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा 21 नवंबर तक नाम वापस लिए जाएंगे। इन सीटों पर सात दिसंबर को मतदान होना है। विधानसभा चुनाव के इस दूसरे चरण में जमशेदपुर पूर्वी तथा जमशेदपुर पश्चिमी आदि जैसी हाई-फाई सीटें भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर पूर्वी से चुनाव लड़ेंगे।
फैक्ट फाइल
- बीस सीटों में से तीन सीटें बहरागोड़ा, जमशेदपुर पूर्वी तथा जमशेदपुर पश्चिमी अनारक्षित है। एक सीट जुगसलाई एससी तथा अन्य सभी सीटें एसटी के लिए आरक्षित हैं।
- इन विधानसभा क्षेत्रों में कुल 47,93,531 मतदाता हैं, जिनमें 24,17,917 पुरुष तथा 23,75,528 महिला मतदाता हैं। 86 थर्ड जेंडर हैं।
- कुल मतदान केंद्रों की संख्या 6,066 हैं, जिनमें 1,016 शहरी तथा 5,050 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं।